भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में भाजपाईयों ने जशपुर जिले के तीनों विधानसभा में किया चक्का जाम

Advertisements
Advertisements

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, जशपुर

बस्तर में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में भाजपा ने शुक्रवार को जिले के तीनों विधानसभा जशपुर, कुनकुरी और पत्थलगांव में कटनी गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाया। इस आंदोलन के आवागमन लगभग दो घंटे तक प्रभावित रहा। आंदोलन स्थल के आसपास,पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के लिए जवानों को तैनात किया था। जिला मुख्यालय जशपुर में इस चक्काजाम आंदोलन की कमान पूर्व मंत्री गणेश राम भगत और छग पर्यटन मंडल के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार राय ने सम्हाली। भाजपाईयों ने गम्हरिया में राष्ट्रपिता महात्मागांधी की प्रतिमा के पास धरना देकर,एनएच को जाम किया।

जशपुर जिले के तीनों विधानसभा मे हुए इस चक्का जाम के संबंध मे जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान द्वारा बताया गया की इस चक्का जाम में जिला पंचायत जशपुर की अध्यक्ष श्रीमती रायमुनि भगत, मुकेश शर्मा, नरेश नंदे, विक्रमादित्य सिंह जूदेव, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, सत्येंद्र सिंह, सुरेश राम भगत, गोपाल राय, श्रीमती रीना बरला, गेंद बिहारी सिंह, श्रीमती शांति भगत, राजकपूर भगत, देवधन नायक, नितिन राय, हरिशंकर यादव, शयमलाल भगत, शरद चौरसिया, गोविंद भगत, संतोष सिंह, संजीव ओझा, दीपक चौहान शामिल रहे।

पूर्व मंत्री गणेश राम भगत ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का एक एक कार्यकर्ता अपने साथियों की हत्या के खिलाफ इस सरकार से संघर्ष करने सड़क पर उतर गया है। यह सरकार भाजपा के कार्यकर्ताओं से डर गई है। इस सरकार को अपनी करनी का फल भुगतना होगा। आगे उन्होंने कांग्रेस सरकार और उनके जनप्रतिनिधियों पर भ्रष्टाचार व कमीशनखोरी के गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि कांग्रेसी अधिकारियों पर दबाव डाल कर हर निर्माण कार्य का कमीशन वसूल रहें हैं। जो अधिकारी उनके मनमाफिक कमीशन नहीं ​दे रहा है उसे तत्काल हटा दिया जा रहा है।

जिला पंचायत जशपुर की अध्यक्ष श्रीमती रायमुनि भगत ने कहा कि कांग्रेस के चार साल के शासनकाल में नक्सली घटनाओं में वृद्वि हुई है। कानून व्यवस्था की चरमरा गई है। उन्होनें कहा कि जशपुर में भी झारखंड और ओडिशा से लगे हुए,ग्रामीण क्षेत्र में स्थिति गंभीर थी। इसे भाजपा की डा रमन सिंह सरकार ने सम्हाला और नक्सल मुक्त किया। उन्होनें झिरम घाटी में कांग्रेसी नेताओं पर हुए हमले की घटना पर भी सवाल उठाए।

पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि खून की राजनीति करने वालो के राज में छत्तीसगढ़ में आज जिस तरह का वातावरण है उससे छत्तीसगढ़ की जनता इस कांग्रेस पार्टी से नाराज है कांग्रेस की सरकार से जनता आक्रोशित है, आगे उन्होंने कहा कि बस्तर में हमारे पदाधिकारियों की हत्या करवाई जा रही है हत्या पर राजनीति की जा रही है यह सरकार हमारे पदाधिकारियों की हत्या की जांच कराने तक में सक्षम नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता अब इस सरकार को एक क्षण भी बर्दाश्त करने की स्थिति में नहीं है, 2003 के पहले जैसी स्थिति है आज कांग्रेस पार्टी की सरकार लोगों को सुरक्षा देने के बजाय उनके हत्या कराने का षड्यंत्र कर रही है, कानून व्यवस्था चौपट है हत्या बलात्कार जैसे अपराध हर रोज हो रहे हैं जनता इस सरकार को उखाड़ कर फेंकने के लिए तैयार हैं।

इसी प्रकार कुनकुरी के जय स्तंभ चौक में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में चक्काजाम किया गया। इस दौरान पूर्व विधायक रोहित साय, भरत सिंह, यश प्रताप सिंह जूदेव, श्रीनायक मिश्रा, सुनील अग्रवाल, अमन शर्मा, राजकुमार गुप्ता शामिल थे।

विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है। बस्तर में भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निशाना बना कर मारा जा रहा है और सरकार हाथ में हाथ धरे हुए बैठी हुई है। यह सरकार की नाकामी है। उन्होनें कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान ​प्रदेश की जनता से किये गए 36 वायदों को पूरा करने में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पूरी तरह से नाकाम हुए है। आने वाले चुनाव में जनता इसका समुचित जवाब देगी।

पत्थलगांव में सांसद श्रीमती गोमती साय के नेतृत्व में चक्काजाम किया गया। आंदोलन में पूर्व विधायक शिवशंकर साय,जिलाध्यक्ष सुनिल गुप्ता,सालिक साय, सुनील अग्रवाल, आनंद शर्मा, अंकित बंसल भी शामिल थे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती साय ने कहा कि केन्द्र सरकार,छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश को विकास की नई उंचाई की ओर ले जा रही है। इसके ठीक विपरीत भूपेश सरकार,प्रदेश को विकास की मुख्यधारा से कोसो पीछे ढकेल रही है। उन्होने विधायक रामपुकार सिंह पर निशाना साधते हुए,उनसे चार साल में किये गए विकास कार्यो का भी हिसाब मांगा। आगे सासंद श्रीमती साय ने कहा कि झूठ को आधार बना कर सत्ता में बैठी कांग्रेस सरकार का असली चेहरा प्रदेश की जनता समझ चुकी है, भाजपा कार्यकर्ताओं की शहादत व्यर्थ नही जाएगी। भूपेश बघेल की सरकार को जनता जनार्दन सबक सिखाएगी।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!