कलेक्टर पहुँची कुष्ठ आश्रम, आत्मीयता से मिलकर प्रभावितों का बढ़ाया मनोबल, कुष्ठरोग असाध्य नहीं,  यह उपचारित : ऋचा प्रकाश चौधरी

Advertisements
Advertisements

आश्रम में बनाए गए उत्पादों को सराहते हुए किया प्रोत्साहित

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, जांजगीर-चाम्पा

कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज भारतीय कुष्ठ निवारक संघ द्वारा संचालित कुष्ठ आश्रम सोंठी कात्रेनगर में निवासरत हितग्राहियों से भेंट की और आत्मीयता के साथ मिलते हुए उनका हालचाल जाना। इस दौरान कलेक्टर ने उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों की जमकर सराहना करते हुए कहा कि आपके बनाये सभी उत्पाद जनसामान्य के लिए उपयोगी है। उन्होंने कहा कि कुष्ठरोग असाध्य नहीं, सांसर्गिक भी नहीं, यह उपचारित है। इसलिए अपने भीतर से डर और हीनभावना हटा कर सामान्य जीवन व्यतीत करें।

कलेक्टर सुश्री चौधरी ने प्रभावितों के पास जाकर उनके सुख-दुख एवं आश्रम की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्वावलंबन के अंतर्गत बनाए गए वस्तुओं का अवलोकन भी किया। यहाँ उनके द्वारा बनाए गए उत्पाद यथा टाटपट्टी, आसन, पैरपोंछा, जैविक खाद आदि की गुणवत्ता एवं सुंदरता से अभिभूत होकर उसे जनसामान्य एवं कार्यालय के लिए उपयोगी बताया। कलेक्टर ने हितग्राहियों के आत्मविश्वास एवं मनोबल को बढ़ाते हुए कहा कि ” कुष्ठरोग का उपचार है। आज के परिवेश में इस रोग हेतु प्रभावशाली औषधि एम. डी. टी. की खोज हो चुकी है, जो शासकीय अस्पतालों में निःशुल्क उपलब्ध है और इससे रोग से निजात पायी जा सकती है। उन्होंने जनसामान्य से कुष्ठरोग के लक्षण दिखने पर तुरंत निःसंकोच चिकित्सालय में दिखाकर दवाई लेने की अपील भी की। कलेक्टर ने संस्था के संचालन एवं व्यवस्थाओं को समुचित बताते हुए प्रशंसा की। उप संचालक समाज कल्याण श्री टी पी भावे ने बताया कि राज्य शासन द्वारा भी आश्रम को सहयोग किया जाता है। संस्था में 58 महिला एवं 22 पुरुष कुल 80 हितग्राही है। हितग्राहियों द्वारा संस्था की व्यवस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि इस संस्था के कारण ही हमें समाज में सम्मान एवं बेहतर जीवन मिला है। संस्था की स्थापना 1962 को हुई थी, जो तब से कुष्ठ उन्मूलन के लिए कार्य करती थी। वर्तमान में यह संस्था समाज में मान्यता प्राप्त सेवा के चार आयाम शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन एवं सामाजिक जागरण के अंतर्गत कार्य कर रही है। फलस्वरूप संस्था के पूर्व सचिव एवं संरक्षक श्रद्धेय दामोदर गणेश बापट जी को वर्ष 2018 में भारत सरकार द्वारा कुष्ठसेवा के क्षेत्र में कार्य करने के लिए पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। निरीक्षण के दौरान संस्था के सचिव श्री सुधीर देव, उपसंचालक समाज कल्याण श्री टी.पी. भावे जी एवं संस्था के प्रबंधकारिणी उपस्थित थे।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!