चौकी आरा क्षेत्रांतर्गत स्थित क्रेशर प्लांट की घटना : प्लांट के मैकेनिक से नगदी रकम लूटकर मारपीट कर फरार रहने वाला तीसरा आरोपी संदीप राम उर्फ बोया भी हुआ गिरफ्तार, प्रकरण के अन्य दो आरोपीगण धर्मेन्द्र राम एवं सतीश सोरेन पूर्व में हो चुके हैं गिरफ्तार.

आरोपियों ने माह अप्रैल 2022 में अन्य फरार एक साथी के साथ मिलकर घटना को दिया था अंजाम,

चौकी आरा थाना सिटी कोतवाली जशपुर में आरोपियों के विरूद्ध धारा 387, 394 भा.द.वि. का अपराध है पंजीबद्ध.  

समदर्शी न्यूज ब्यूरो, जशपुर

जशपुर : प्रकरण के संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थी महादेव मिस्त्री उम्र 42 साल निवासी मेयतु थाना कटकमदाग जिला हजारीबाग (झारखंड) ने दिनांक 21 अप्रैल 2022 को चौकी उपस्थित आकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह आरा क्षेत्र के एक पत्थर क्रेशर प्लांट का मैकेनिक है। वह दिनांक 17 अप्रैल 2022 की रात्रि 8:00 बजे लगभग क्रेशर के पास बने मकान के बरामदा में बैठा हुआ था। इसका साथी कमलेश कमरे के अंदर सोया हुआ था, उसी दौरान उनके पास 04 अज्ञात व्यक्ति आये और इसे भुजाली की नोक पर पकड़कर मारते-पीटते पास के जंगल की ओर ले गये और अपने मालिक को फोन कर 50 हजार रूपये मांगने बोले, उस दौरान प्रार्थी के फोन में नेटवर्क नहीं था।

तब उक्त चारों व्यक्ति उसे बोले कि दिनांक 18 अप्रैल 2022 तक अपने मालिक से 20 हजार रूपये मांगकर ला देना कहते हुये उसके पॉकेट में रखे 500/- रूपये को लूट लिये एवं डंडा से चेहरा, पीठ में मारपीट किये एवं रात्रि लगभग 01:00 बजे उसे छोड़ दिये। प्रार्थी ने अपने साथ घटित घटना को अपने साथी एवं क्रेशर मालिक को बताया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी आरा में उक्त धारा सदर का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी धर्मेन्द्र राम उम्र 26 साल निवासी माघेटोली चौकी आरा को दिनांक 09 मार्च 2022 को एवं सतीश सोरेन उम्र 19 साल निवासी माघेटोली चैकी आरा को दिनांक 21 मार्च 2023 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।

प्रकरण की विवेचना के दौरान अन्य नामदज आरोपी संदीप राम उर्फ बोया पुलिस के लगातार दबिश देने से लुक-छिप रहा था, जिसके द्वारा समर्पण करने पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उक्त अपराध को घटित करना स्वीकार किया। आरोपी संदीप राम उर्फ बोया उम्र 25 साल निवासी माघेटोली चौकी आरा के विरूद्ध अपराध सबूत पाये जाने पर उसे दिनांक 24 अप्रैल 2023 को गिरफ्तार किया गया है। घटना का अन्य एक आरोपी फरार हैं, जिनकी लगातार पतासाजी की जा रही है।

प्रकरण की विवेचना कार्यवाही एवं आरोपी को गिरफ्तार करने में उपनिरीक्षक जबेरियुस एक्का, प्रधान आरक्षक 390 कृपा सिंधु तिग्गा, आरक्षक 02 बेलसाजर, आरक्षक 450 कुलरंजन, आरक्षक प्रवीण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।  

Related posts