स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति से सिविल हॉस्पिटल भाटापारा में बढ़ी सुविधाएँ, अब तक 57 सिजेरियन

Advertisements
Advertisements

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, बलौदाबाजार

कलेक्टर रजत बंसल के प्रयासों से जिला खनिज निधि न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से सिविल अस्पताल भाटापारा में स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति के बाद से ही सिविल अस्पताल भाटापारा में स्वास्थ्य सुविधाओं में काफी इज़ाफ़ा हुआ है।इस बारे में खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेन्द्र माहेश्वरी ने बताया की सिविल अस्पताल भाटापारा में स्त्री रोग विशेषज्ञ की कमी के कारण सिजेरियन प्रसव के अतिरिक्त अन्य कई महिलाओं से जुड़ी स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता में असुविधा होती थी. जिस पर ध्यान देते हुए जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एम पी महिस्वर के मार्गदर्शन में कलेक्टर श्री बंसल द्वारा खनिज न्यास निधि से स्वीकृति देकर डॉ कंवलजीत कौर की नियुक्ति की गई है। 15 दिसम्बर 2022 से यहां ओटी शुरू हुआ है जिसके बाद अब तक 57 सिजेरियन प्रसव हो चुके हैं। जो कि एक बड़ी उपलब्धि है। अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की उपलब्धता से न केवल सिजेरियन प्रसव की सुविधा उपलब्ध हुई है बल्कि अन्य कई स्त्री रोग समस्याएं जैसे कैंसर की स्क्रीनिंग, सिस्ट का ऑपरेशन,ब्रेस्ट में बने पस का भी उपचार किया जाता है। इक्लैंप्सिया के कारण गर्भावस्था के दौरान रक्तचाप बढ़ने और पेशाब में प्रोटीन की मात्रा बढ़ने (प्रीक्लैंप्सिया) की समस्या हो सकती है इसके निदान की भी व्यवस्था की जाती है।अस्पताल में पदस्थ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर कंवलजीत कौर ने बताया की अस्पताल में प्रसव से सम्बंधित कई जटिल ऑपरेशन किये गए हैं। ग्राम खपरी निवासी 27 वर्षीय महिला जिसका पूर्व में एक निजी अस्पताल में सिजेरियन हुआ था उसे जब सिविल अस्पताल लाया गया तब पाया गया की महिला का गर्भाशय,ब्लाडर,मसल चिपके हुए थे.जिसे 2 घण्टे के ऑपरेशन कर के ठीक किया गया। महिला को 10 दिन अस्पताल में रखा गया। इसी प्रकार ग्राम किरना की 25 वर्षीय महिला को जन्म से ही एक किडनी थी,उसका भी सफलता पूर्वक सिजेरियन प्रसव किया गया। उक्त दोनों ही प्रकरण में महिला और बच्चा स्वथ्य हैं। महिलाओं के परिजन ने कहा कि,निजी अस्पतालों में उक्त इलाज हेतु हज़ारो रुपए की मांग की जाती है जिससे परिवार में आर्थिक बोझ बढ़ जाता है ऐसे में सिविल अस्पताल में मिली इस निशुल्क सुविधा से उन्हें काफी लाभ हुआ है। उक्त शाखा में स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने में सिविल अस्पताल भाटापारा के स्टाफ चित्रलेखा वर्मा,अनुराग सिंह, लितेश शर्मा,कन्हैया पाल का भी सहयोग रहता है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एम पी महिस्वर ने इस उपलब्धि की प्रशंसा करते हुए कलेक्टर श्री रजत बंसल के प्रति आभार व्यक्त किया साथ ही आशा जताई है कि उनके मार्गदर्शन में जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं में निरंतर प्रगति होती रहेगी। गौरतलब है कि सिविल अस्पताल भाटापारा में अब सोनोग्राफी की भी सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!