Warning: Constant WP_TEMP_DIR already defined in /home/zwqxd138vglz/public_html/wp-config.php on line 103
स्कूल भवनों के मरम्मत के लिए राज्य शासन ने जारी की राशि, जिले के 481 स्कूलों के लिए प्रथम किश्त की राशि 2052.00 लाख रुपए जारी - समदर्शी न्यूज

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की थी घोषणा

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, जांजगीर-चांपा

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश भर के विद्यालयों के जर्जर भवनों को मरम्मत कर अध्यापन व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने की न सिर्फ बात कही थी, अपितु भवनों की मरम्मत के लिए राशि भी जारी करने की घोषणा की थी। इसी तारतम्य में राज्य शासन द्वारा प्रदेश के सभी जिलों के लिए प्रथम किश्त के रूप में 16864.00 लाख रुपए की राशि जारी कर दी गई है। जांजगीर-चांपा जिले के लिए शासन द्वारा 481 स्कूलों के लिए प्रथम किश्त की राशि 2052.00 लाख रुपए जारी की गई है।

राज्य शासन द्वारा प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने लगातार कार्य किये जा रहे हैं। गरीब विद्यार्थियों को अंग्रेजी सहित सुविधाजनक अध्यापन का माहौल देने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल संचालित किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश भर के स्कूलों के भवनों को बेहतर बनाने वहां के जर्जर व मरम्मत योग्य भवनों की भी सुध ली जा रही हैं। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता और शासन के महत्वाकांक्षा के अनुरूप स्कूलों को सुविधायुक्त बनाने राशि जारी की गई है। प्रदेश के कुल 10,347 स्कूलों के लिए 63404.74 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है।

जांजगीर-चांपा जिले के लिए जिला खनिज मद से 1 विद्यालय राशि 16.1 लाख रुपए तथा शासन द्वारा 481 स्कूलों के लिए प्रथम किश्त की राशि 2052.00 लाख रुपए जारी की गई है। शासन द्वारा राशि जारी करने के पश्चात 28 फरवरी 2023 तक निविदा स्वीकृति उपरांत निर्माण कार्य पूर्ण करने तथा 30 मई 2023 तक निर्माण कार्य अनिवार्य रूप से पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शासन द्वारा प्रदान की गई उक्त राशि को स्कूल भवन के मरम्मत एवं अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु निर्देशित किया गया है। इसके अतिरिक्त अन्य प्रायोजन हेतु राशि का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। शासन द्वारा स्कूल भवनों को केमिकल पेंट के स्थान पर गोबर पेंट से करने के निर्देश दिए गए हैं।

You missed

error: Content is protected !!