Category: होम

  • “बहनों की तरक्की, परिवार की शान—विष्णु भैया का यही अभियान”

    “बहनों की तरक्की, परिवार की शान—विष्णु भैया का यही अभियान”

    बिहान योजना से सरिता यादव ने संवारी अपनी आजीविका

    समूह से ऋण लेकर शुरू किया आटा चक्की और खाद्य सामग्री का व्यवसाय, हर माह 10 से 15 हजार रुपये की आमदनी

    रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका का मजबूत आधार बन रही है। स्व-सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं ऋण एवं अन्य सहयोग का लाभ लेते हुए स्वयं का व्यवसाय शुरू कर रही हैं और अपनी मेहनत से परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

    जशपुर जिले की रहने वाली श्रीमती सरिता यादव भी बिहान योजना से जुड़कर आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रही हैं। पिछले वर्ष उन्हें स्व-सहायता समूह के माध्यम से ऋण प्राप्त हुआ। इस आर्थिक सहयोग से उन्होंने आटा चक्की सहित खाद्य सामग्री से संबंधित व्यवसाय शुरू किया। आज उनके व्यवसाय से हर माह लगभग 10 से 15 हजार रुपये की आमदनी हो रही है।

    दूसरों पर निर्भरता से आत्मनिर्भरता तक का सफर

    सरिता यादव बताती हैं कि बिहान योजना से जुड़ने से पहले अपने छोटे-मोटे खर्चों के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। व्यवसाय शुरू करने के बाद परिस्थितियां बदलीं। अब वे अपने दैनिक एवं व्यक्तिगत खर्च स्वयं वहन कर रही हैं और अपनी आय से भविष्य के लिए बचत भी कर पा रही हैं। वे कहती हैं कि स्व-सहायता समूह से मिला सहयोग उनके लिए नई शुरुआत का आधार बना। समूह के माध्यम से ऋण मिलने से उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिला और आज वे अपने पैरों पर खड़ी हैं।

    महिला सशक्तिकरण को मिल रही नई दिशा

    बिहान योजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को समूहों से जोड़कर उन्हें बचत, ऋण और आजीविका गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। इससे महिलाएं अपने हुनर और मेहनत को व्यवसाय का रूप देकर नियमित आय अर्जित कर रही हैं। सरिता यादव की सफलता भी इसी बदलाव की प्रेरक मिसाल है, जहां सरकारी योजना और समूह के सहयोग ने एक महिला को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया।

    सरिता यादव ने बिहान योजना से मिले सहयोग के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की यह पहल महिलाओं को अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर दे रही है। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को अवसर और सहयोग मिलता है, तो वे न केवल अपने परिवार को संभाल सकती हैं, बल्कि समाज और प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।

    सरिता यादव की कहानी यह संदेश देती है कि अवसर, मेहनत और सही मार्गदर्शन मिल जाए तो ग्रामीण महिलाएं भी अपने व्यवसाय को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बिहान योजना महिलाओं की आजीविका को मजबूत करने के साथ उन्हें आत्मविश्वास और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है।

  • राखी का बंधन, खुशियों का संसार— महतारी वंदन से बहनों को संबल अपार

    राखी का बंधन, खुशियों का संसार— महतारी वंदन से बहनों को संबल अपार

    महतारी वंदन योजना से उर्मिला यादव के परिवार को मिला आर्थिक सहारा

     बच्चों के पोषण के साथ बेटी के भविष्य के लिए कर रहीं नियमित बचत

    रायपुर : छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना परिवारों के लिए मजबूत आर्थिक सहारे का माध्यम बन रही है। योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली आर्थिक सहायता से महिलाएं अपनी घरेलू जरूरतों के साथ बच्चों के पोषण, शिक्षा और बेटियों के बेहतर भविष्य के लिए भी आर्थिक प्रबंधन कर रही हैं।

    सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड के ग्राम जमगवां की श्रीमती उर्मिला यादव महतारी वंदन योजना से लाभान्वित होकर इस आर्थिक संबल का उपयोग अपने परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में कर रही हैं। उर्मिला यादव बताती हैं कि योजना के तहत उनके बैंक खाते में प्रतिमाह राशि प्राप्त होती है। इस राशि से वे बच्चों के खान-पान और परिवार की जरूरी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग लेती हैं। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से घरेलू खर्चों को व्यवस्थित करने में उन्हें काफी सहूलियत मिली है।

    बेटी के भविष्य के लिए हर माह बचत

    महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का एक हिस्सा उर्मिला यादव अपनी बेटी के सुरक्षित भविष्य के लिए बचत में लगा रही हैं। उन्होंने अपनी बेटी के नाम सुकन्या समृद्धि योजना का खाता खुलवाया है, जिसमें वे प्रतिमाह 200 रुपये जमा कर रही हैं। इस तरह योजना से मिलने वाली सहायता उनके परिवार की वर्तमान जरूरतों को पूरा करने के साथ बेटी के भविष्य के लिए आर्थिक आधार तैयार करने में भी मददगार बन रही है।

    उर्मिला यादव का कहना है कि पहले घरेलू जरूरतों के बीच आर्थिक प्रबंधन करना चुनौतीपूर्ण होता था, लेकिन अब हर माह मिलने वाली राशि से उन्हें अतिरिक्त सहारा मिलता है। वे अपनी जरूरतों को बेहतर ढंग से व्यवस्थित कर पा रही हैं और बेटी के भविष्य के लिए नियमित बचत भी कर रही हैं।

    आर्थिक सहायता से बढ़ा महिलाओं का आत्मविश्वास

    उर्मिला यादव के अनुभव से यह स्पष्ट होता है कि महिलाओं के बैंक खातों में सीधे मिलने वाली आर्थिक सहायता उन्हें परिवार की आर्थिक व्यवस्था में अधिक प्रभावी भूमिका निभाने का अवसर दे रही है। महतारी वंदन योजना की राशि से महिलाएं बच्चों के पोषण, घरेलू आवश्यकताओं और अपनी जरूरतों के साथ-साथ भविष्य की योजनाओं के लिए भी आर्थिक निर्णय ले पा रही हैं।

    उर्मिला यादव ने कहा कि योजना से मिलने वाली नियमित सहायता ने उनमें आर्थिक आत्मविश्वास बढ़ाया है। परिवार की जरूरतों के समय यह राशि उनके लिए महत्वपूर्ण सहारा बनती है और उन्हें बेटी के भविष्य के लिए बचत करने का अवसर भी मिलता है।

    “बहनों की खुशहाली का उपहार, विष्णु भैया की सरकार”

    महतारी वंदन योजना से मिले आर्थिक संबल के लिए श्रीमती उर्मिला यादव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं को दी जा रही आर्थिक सहायता उनके परिवार के लिए उपयोगी साबित हो रही है। योजना की राशि से वे बच्चों के खान-पान और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ अपनी बेटी के भविष्य के लिए भी बचत कर पा रही हैं।

    उर्मिला यादव की कहानी यह दर्शाती है कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं को परिवार की जरूरतों के बेहतर प्रबंधन, बच्चों के पोषण और बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए निर्णय लेने का आत्मविश्वास भी दे रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयास परिवारों को आर्थिक स्थिरता और आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ा रहे हैं।

  • NEET UG काउंसलिंग पर स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा ऐलान: छत्तीसगढ़ के बच्चों के हक की एक भी सीट नहीं जाएगी, फर्जी दस्तावेज मिले तो प्रवेश होगा निरस्त

    NEET UG काउंसलिंग पर स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा ऐलान: छत्तीसगढ़ के बच्चों के हक की एक भी सीट नहीं जाएगी, फर्जी दस्तावेज मिले तो प्रवेश होगा निरस्त

    छत्तीसगढ़ के बच्चों के हक की एक भी सीट नहीं होगी प्रभावित: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल

    स्थानीय छात्र हितों के साथ किसी भी तरह की अनदेखी नहीं होगी बर्दाश्त: श्री श्याम बिहारी जायसवाल

    नीट यूजी काउंसलिंग 2026: फर्जी जानकारी देने पर निरस्त होगा प्रवेश, राज्य काउंसलिंग समिति की चेतावनी

    मूल दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही मानी जाएगी प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण

    रायपुर : छत्तीसगढ़ के चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के बच्चों के हितों के साथ किसी भी तरह की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेश में मेडिकल कॉलेज और MBBS की सीटें बढ़ाने का उद्देश्य ही यही है कि छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक बच्चों को मेडिकल शिक्षा का अवसर मिले।

    श्री जायसवाल ने कहा है कि डोमिसाइल को लेकर अगर कहीं कोई शंका या शिकायत सामने आती है तो उसकी पूरी गंभीरता से जांच कराई जाएगी।व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और पुख्ता बनाया गया है। जिनके दस्तावेज सही हैं, उन्हें चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन अगर कहीं नियमों का उल्लंघन या फर्जीवाड़ा पाया गया तो उसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

    उन्होंने कहा है कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों ने मेहनत की है, उनके भविष्य और उनके अधिकारों की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। मेडिकल कॉलेज और सीटें बढ़ाना हमारी उपलब्धि है, लेकिन यह सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है कि इसका लाभ पात्र विद्यार्थियों को ही मिले। इस मामले में किसी तरह की लापरवाही नहीं होगी।

    नीट यूजी प्रवेश वर्ष 2026 की राज्य स्तरीय काउंसलिंग

    पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी काउंसलिंग, मेरिट और आवंटन की संपूर्ण प्रक्रिया प्रचलित प्रवेश नियमों के अनुसार ऑनलाइन माध्यम से पारदर्शी ढंग से संपादित की जा रही है।

    छत्तीसगढ़ राज्य काउंसलिंग समिति ने नीट यूजी प्रवेश वर्ष 2026 की राज्य स्तरीय काउंसलिंग को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

    नियम 7 के तहत होगा सत्यापन

    छत्तीसगढ़ चिकित्सा, दंत चिकित्सा एवं भौतिक चिकित्सा (फिजियोथेरेपी) स्नातक प्रवेश नियम, 2025 के नियम 7 के अनुसार ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया में पंजीयन, प्राथमिकता क्रम का निर्धारण, आवंटन, मूल दस्तावेजों की संवीक्षा एवं प्रवेश की प्रक्रिया शामिल है। पात्रता परीक्षण के दौरान मूल निवासी प्रमाण-पत्र, श्रेणी/संवर्ग संबंधी प्रमाण-पत्र तथा नियमानुसार अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाएगी। आवंटन के बाद अभ्यर्थी द्वारा आवश्यक मूल दस्तावेज प्रस्तुत किए जाने और उनके सत्यापन में पात्र पाए जाने के उपरांत ही प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी।

    गलत जानकारी दी तो निरस्त होगा प्रवेश

    प्रवेश नियम के नियम 12 में स्पष्ट प्रावधान है कि यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा झूठी या गलत जानकारी देकर अथवा प्रासंगिक तथ्यों को छिपाकर प्रवेश प्राप्त किया गया हो, या प्रवेश के बाद किसी भी समय यह पाया जाए कि अभ्यर्थी को किसी त्रुटि अथवा चूक के कारण प्रवेश प्राप्त हो गया है, तो नियमानुसार उसका प्रवेश निरस्त किया जा सकता है। मूल निवासी अथवा अन्य दस्तावेजों को लेकर कोई शिकायत या तथ्य सामने आने पर नियमानुसार जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।

    अफवाहों से बचें, पोर्टल पर करें शिकायत दर्ज

    राज्य काउंसलिंग समिति ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि काउंसलिंग को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रम या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। किसी भी शंका, समस्या या शिकायत की स्थिति में अभ्यर्थी अधिकृत काउंसलिंग पोर्टल पर Candidate Login में उपलब्ध “Candidates Grievances and Query Redressal System” के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, अथवा काउंसलिंग शाखा के ई-मेल cgdme.counseling@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं।

  • जशपुर पुलिस का एक दिन में बड़ा रिकॉर्ड ! 14 थाना क्षेत्रों में 358 स्थानों पर पहुंचा साइबर जागरूकता संदेश, 30,444 सदस्य जुड़े, डीआईजी-एसएसपी ने युवाओं को दिए सुरक्षा और करियर मंत्र.

    जशपुर पुलिस का एक दिन में बड़ा रिकॉर्ड ! 14 थाना क्षेत्रों में 358 स्थानों पर पहुंचा साइबर जागरूकता संदेश, 30,444 सदस्य जुड़े, डीआईजी-एसएसपी ने युवाओं को दिए सुरक्षा और करियर मंत्र.

    पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार एवं डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में जशपुर पुलिस द्वारा जिलेभर में “साइबर जागृति अभियान” व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत दिनांक 22 अगस्त 2026 को एक ही दिन में जशपुर जिले के सभी 14 थाना क्षेत्रों के कुल 358 लोकेशन पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान 30,444 सदस्य “साइबर जागृति अभियान” से जुड़े, जो जिले के लिए एक महत्वपूर्ण रिकॉर्ड है। पुलिस टीमों द्वारा स्कूल, कॉलेज, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों सहित 358 लोकेशन पर पहुंचकर विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों के पालन एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया।

    दिनांक 22 अगस्त 2026 को जिला मुख्यालय जशपुर स्थित शासकीय राम भजन राय एन.ई.एस. कॉलेज में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित किया, उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों का पालन एवं करियर निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया। साइबर सुरक्षा के संबंध में विद्यार्थियों को OTP, UPI PIN, ATM PIN, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई।

    डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

    विद्यार्थियों को बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के संबंध में जागरूक किया गया, उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार एवं मित्रों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।

    कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व एवं बेहतर करियर निर्माण के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया, विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण रखते हुए नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, अनुशासन एवं निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाक्रम, विषयवार अध्ययन एवं नियमित रिवीजन के संबंध में उपयोगी टिप्स दिए गए। विद्यार्थियों को बताया गया कि सफलता के लिए सही लक्ष्य, निरंतर मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास आवश्यक है।

    इसी क्रम में शासकीय गर्ल्स कॉलेज, जशपुर में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार पाटनवार ने उपस्थित छात्राओं को संबोधित किया।उन्होंने छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, फर्जी कॉल एवं लिंक से सावधानी, UPI फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी एवं डिजिटल सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराध का शिकार होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की जानकारी दी गई।

    दिनांक 22 अगस्त 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान जशपुर जिले के सभी 14 थाना क्षेत्रों से कुल 30,444 सदस्य साइबर जागृति अभियान से जुड़े।

    थाना क्षेत्रवार सदस्य संख्या — ▪️ जशपुर थाना — 3,510, ▪️ बगीचा थाना — 3,186, ▪️ पत्थलगांव थाना — 3,132, ▪️ तपकरा थाना — 2,975, ▪️ कांसाबेल थाना — 2,569, ▪️ तुमला थाना — 2,494, ▪️ बागबहार थाना — 2,347, ▪️ लोदाम थाना — 2,339, ▪️ फरसाबहार थाना — 1,929, ▪️ आस्ता थाना — 1,834, ▪️ कुनकुरी थाना — 1,454, ▪️ दुलदुला थाना — 1,285, ▪️ नारायणपुर थाना — 1,000, ▪️ सन्ना थाना — 390, इस प्रकार एक ही दिन में जिले के सभी 14 थाना क्षेत्रों से 30,444 सदस्य साइबर जागृति अभियान से जुड़े।

    अभियान के दौरान विद्यार्थियों एवं युवाओं को “साइबर सेल्फी” अभियान से जुड़ने एवं जागरूकता का संदेश सोशल मीडिया के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।

    “मैं जागरूक हूं, आप भी जागरूक बनें। छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘साइबर जागृति अभियान’ से जुड़ें।” अभियान से जुड़ने के लिए c gpolice-cyberjaagrutiabhiyaan.com पर क्लिक किया जा सकता है अथवा सेल्फी फ्रेम में दिए गए QR कोड को स्कैन कर सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा किया जा सकता है।

    जागरूक नागरिक, सुरक्षित समाज –

    जशपुर पुलिस का उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक स्वयं साइबर जागरूक बने और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों एवं सुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक करे, एक जागरूक नागरिक अपने साथ कम से कम 5–10 लोगों को जागरूक कर इस अभियान को और मजबूत बना सकता है। जशपुर पुलिस द्वारा जिले के सभी 14 थाना क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रमों एवं जनसंवाद के माध्यम से “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

  • स्ट्रीट फूड अब बनेगा और सुरक्षित: जशपुर के 200 विक्रेताओं को मिला फॉस्टेक प्रशिक्षण, प्रमाण पत्र व हाईजीन किट से स्वच्छता पर जोर

    स्ट्रीट फूड अब बनेगा और सुरक्षित: जशपुर के 200 विक्रेताओं को मिला फॉस्टेक प्रशिक्षण, प्रमाण पत्र व हाईजीन किट से स्वच्छता पर जोर

    जशपुर में 200 स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को मिला नि:शुल्क फॉस्टेक प्रशिक्षण

    जशपुर : खाद्य एवं औषधि प्रशासन जिला जशपुर द्वारा विगत दिवस जिला पंचायत के संवाद सभागार कक्ष में फुटपाथ और सड़क किनारे खाद्य व्यापार करने वाले 200 स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को नि:शुल्क फॉस्टेक (खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण एवं प्रमाणन) प्रशिक्षण दिया गया।

    यह कार्यक्रम नेस्ले इंडिया एवं नासवी (नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया) के सहयोग से आयोजित किया गया।

    खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 एवं विनियम 2011 के अनुसार सभी खाद्य कारोबारियों के लिए फॉस्टेक प्रशिक्षण लेना अनिवार्य है। इस प्रशिक्षण में चाय-नाश्ता-भोजन ठेला, टपरी, खोमचा, जलेबी-पकौड़ा-भजिया, चाट-गुपचुप-इडली-डोसा, भुंजा-फलीदाना, जूस-लस्सी-शेक, फास्ट फूड-मोमोज-चाइनीज और आइसक्रीम-फलूदा विक्रेताओं को शामिल किया गया।

    प्रशिक्षण के दौरान विक्रेताओं को खाद्य पदार्थों को स्वच्छता से तैयार करने, परोसने और हाईजीन के मानकों के अनुरूप कार्य करने की जानकारी दी गई।

    प्रमाण पत्र और हाईजीन किट का वितरण

    प्रशिक्षण के बाद सभी 200 विक्रेताओं को फॉस्टेक प्रशिक्षण प्रमाण पत्र, स्ट्रीट फूड विक्रेता प्रमाण पत्र और हाईजीन किट नि:शुल्क दी गई। किट में खाना बनाने का एप्रन, सिर पर लगाने की टोपी, हेड कवर, हाथ के दस्ताने, किचन तौलिया, हाथ धोने का साबुन और गोल्डन रूल चार्ट दिया गया।

    पाँच साल तक पंजीयन नि:शुल्क

    विभाग ने बताया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की योजना के तहत स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को आवेदन करने पर पाँच साल के लिए खाद्य पंजीयन पूरी तरह से नि:शुल्क दिया जा रहा है।

    इसके अलावा ईट राइट आंदोलन के तहत भोजन में कम तेल, कम नमक और कम शक्कर के उपयोग की सलाह दी गई। इस संबंध में शासन द्वारा जारी पोस्टर और पर्चे भी बांटे गए, ताकि विक्रेता अपनी दुकानों में लगाकर आम लोगों को जागरूक कर सकें।

    अभिहित अधिकारी सागर दत्ता ने कहा कि जिले में लोगों को गुणवत्तापूर्ण, मानक और स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

  • हौसले को बनाया ताकत, मेहनत को बनाया हथियार: सिम्मी कुजूर ने बदली परिवार की आर्थिक तस्वीर, अब नए कारोबार से मजबूत करेंगी भविष्य

    हौसले को बनाया ताकत, मेहनत को बनाया हथियार: सिम्मी कुजूर ने बदली परिवार की आर्थिक तस्वीर, अब नए कारोबार से मजबूत करेंगी भविष्य

    मेहनत और लगन से सिम्मी कुजूर ने बदली अपनी जिंदगी

    जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सार्थक पहल की जा रही है। इसी कड़ी में कुनकुरी की रहने वाली सिम्मी कुजूर भी कभी आर्थिक परेशानियों से जूझ रही थीं। परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता था।

    ऐसे समय में स्व-सहायता समूह से जुड़कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिला। समूह के माध्यम से उन्होंने ऋण प्राप्त किया और उस राशि का उपयोग पशुपालन के लिए किया। मेहनत और लगन से पशुपालन को आगे बढ़ाते हुए उनकी आमदनी बढ़ने लगी। इससे परिवार को आर्थिक संबल मिला और उनकी आजीविका पहले की तुलना में बेहतर हुई।

    सिम्मी कुजूर की सफलता यहीं नहीं रुकी। अपने अनुभव और आत्मविश्वास के साथ उन्होंने एक बार फिर ऋण लिया है। इस बार वह ईंट बनाने की मशीन लगाने जा रही हैं। उनका मानना है कि इस नए व्यवसाय से उन्हें रोजगार और आय का एक और मजबूत साधन मिलेगा तथा आर्थिक स्थिति में और सुधार आएगा।

    सिम्मी कुजूर ने कहा कि स्व-सहायता समूह और सरकार की योजनाओं ने उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर दिया है। अपनी आर्थिक स्थिति में आए बदलाव के लिए उन्होंने प्रदेश सरकार का तहेदिल से धन्यवाद किया और कहा कि ऐसी योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

  • पदस्थापना में बड़ा बदलाव: IAS क्षितिज गुरभेले अब पत्थलगांव के नए SDM, घरघोड़ा की जगह मिली जशपुर में अहम जिम्मेदारी

    पदस्थापना में बड़ा बदलाव: IAS क्षितिज गुरभेले अब पत्थलगांव के नए SDM, घरघोड़ा की जगह मिली जशपुर में अहम जिम्मेदारी

    क्षितिज गुरभेले की पदस्थापना में संशोधन, अब पत्थलगांव के नए एसडीएम

    जशपुर :  छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्री क्षितिज गुरभेले, भा.प्र.से. (2024) की पदस्थापना में संशोधन करते हुए उन्हें अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), पत्थलगांव, जिला-जशपुर के पद पर पदस्थ किया है। शासन के इस आदेश के बाद अब श्री गुरभेले पत्थलगांव अनुविभाग की प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालेंगे।

    दरअसल, शासन द्वारा 7 अगस्त 2026 को जारी पूर्व आदेश में श्री क्षितिज गुरभेले को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), घरघोड़ा, जिला-रायगढ़ के पद पर पदस्थ किया गया था। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी में फेज-दो प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद उन्हें 21 अगस्त 2026 को कार्यमुक्त किया गया।

    इसके बाद छत्तीसगढ़ शासन ने पूर्व पदस्थापना आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए श्री गुरभेले को घरघोड़ा के स्थान पर पत्थलगांव, जिला-जशपुर का अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नियुक्त किया है।

    शासन के संशोधित आदेश के अनुसार आदेश के अन्य प्रावधान यथावत रहेंगे। नई पदस्थापना के साथ अब श्री क्षितिज गुरभेले पत्थलगांव क्षेत्र में राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे।

  • पुलिस की त्वरित कार्रवाई : बाइक चोरी से दुकान में सेंधमारी तक खुली पूरी कहानी ! 6 नाबालिग सहित 7 आरोपी पकड़ाए, चोरी का माल सहित वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद,

    पुलिस की त्वरित कार्रवाई : बाइक चोरी से दुकान में सेंधमारी तक खुली पूरी कहानी ! 6 नाबालिग सहित 7 आरोपी पकड़ाए, चोरी का माल सहित वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद,

    थाना तमनार पुलिस ने क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरियों का सिलसिलेवार खुलासा करते हुए 6 विधि से संघर्षरत बालकों और एक युवक समेत कुल 7 आरोपियों को पकड़ा गया है। आरोपियों ने मिलुपारा चौक से मोटरसाइकिल चोरी करने के साथ ही कुधरीपारा मंदिर चौक तिराहा स्थित दुकान का दरवाजा तोड़कर खाद्य सामग्री और नगदी चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ वारदात में प्रयुक्त दोपहिया वाहन भी बरामद किया है।

    मामले की शुरुआत 13 अगस्त से हुई, जब मिलुपारा में किराये के मकान में रहने वाले रतन कुमार धोबी ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट थाना तमनार में दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि वह अंबुजा सीमेंट कंपनी में इलेक्ट्रिशियन के रूप में कार्यरत है। 12 अगस्त को ड्यूटी से लौटने के बाद उसने अपनी सफेद-काले रंग की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG11AU9751 घर के सामने खड़ी की थी, जिसे अगले दिन सुबह ड्यूटी जाने के समय वहां से गायब पाया।

    इसी दौरान कुधरीपारा मंदिर चौक तिराहा स्थित पान ठेला दुकान में भी चोरी की घटना सामने आई। दुकान संचालक रामभजन पोर्ते ने पुलिस को बताया कि 12 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद कर वह घर चला गया था। अगले दिन पड़ोसी ने दुकान का दरवाजा टूटा होने की सूचना दी। दुकान के अंदर रखे कुरकुरे, मिक्चर, गांठिया, चटकमटक, टेस्टीनट, फल्लीदाना, पपीतालेस, चॉकलेट, सिगरेट, पान मसाला सहित करीब 9 हजार रुपये की खाद्य सामग्री तथा 1 हजार रुपये नगद, कुल करीब 10 हजार रुपये का सामान चोरी होना पाया गया।

    थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों मामलों की जांच शुरू करते हुए मुखबिरों को सक्रिय किया। दूसरे ही दिन पुलिस को तीन संदिग्ध नाबालिगों के दोनों घटनाओं में शामिल होने की सूचना मिली। पूछताछ में तीनों ने बताया कि दोनों चोरी की वारदातों में कुल 7 लोग शामिल थे, जो दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर चोरी के इरादे से घूम रहे थे। आरोपियों ने मिलुपारा से बाइक चोरी करने तथा कुधरीपारा स्थित दुकान से खाने-पीने का सामान और नगदी चोरी करना स्वीकार किया।

    पुलिस ने तीन विधि से संघर्षरत बालकों के कब्जे से चोरी की बाइक और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली। घटना में शामिल अन्य आरोपी फरार थे। इसके बाद पुलिस ने 20 अगस्त को चोरी में शामिल तीन और विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने भी अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

    दोनों चोरियों में सम्मिलित रहे मुकेश अगरिया पिता मेहत्तर अगरिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी जांजगीर, थाना तमनार गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार लुक-छिप रहा था, पुलिस ने उसकी तलाश तेज करते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने 6 नाबालिगों के साथ मिलकर दोनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।

    पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 204/2026 में धारा 302(2) बीएनएस तथा अपराध क्रमांक 205/2026 में धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

  • ₹10 हजार को बनाया ₹20 हजार, फिर ₹8.50 लाख पर लगा दिया ठगी का दांव! सूरजपुर पुलिस ने खोला ‘रकम दोगुनी’ गैंग का राज, एक और आरोपी दबोचा

    ₹10 हजार को बनाया ₹20 हजार, फिर ₹8.50 लाख पर लगा दिया ठगी का दांव! सूरजपुर पुलिस ने खोला ‘रकम दोगुनी’ गैंग का राज, एक और आरोपी दबोचा

    शेयर करेंसी में रकम लगाने पर रकम दो गुना होने का झांसा देकर धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम देने वाले 1 और आरोपी को चौकी रेवटी पुलिस ने किया गिरफ्तार।

    पूर्व में 2 आरोपी किए जा चुके है गिरफ्तार।

    सूरजपुर : दिनांक 27.02.23 को ग्राम गोवर्धनपुर निवासी सुनील पाण्डेय ने चौकी रेवटी में रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 27.02.23 की सुबह तीन व्यक्ति स्विफ्ट् डिजायर कार से उसके घर में आकर उससे छल पूर्वक प्रवंचना कर धोखा देकर 8 लाख 50 हजार रूपये लेकर भाग गये है। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 35/2023 धारा 420, 120बी, 34 भादसं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। विवेचना में ज्ञात हुआ कि दिनांक 17.02.2023 की सुबह प्रार्थी अपने किराना दुकान में बैठा था उसी समय तीन अज्ञात व्यक्ति स्विफ्ट डिजायर कार से उसके दुकान के पास रूके थे किराना दुकान से सामान खरीदने के दौरान प्रार्थी का आरोपियों से बातचीत हुई थी तब उनमे से एक व्यक्ति अपना नाम आकाश बताते हुए बताया था कि वे लोग शेयर करेंसी का काम करते है जिसमे पैसा दोगुना हो जाता है आस पास के इलाकों में कई लोगों का पैसा दोगुना कर चुके है आप भी कुछ पैसा लगाकर देख लो आपका भी पैसा दोगुना हो जायेगा। प्रार्थी उन लोगों की बातों में आकर आरोपियों के कहने पर 10000 रूपये उन लोगों को दे दिया था आरोपियों के द्वारा बोला गया कि कल तक आपका पैसा दोगुना हो जायेगा कहकर पैसा लेकर चले गए, दिनांक 18.02.2023 की सुबह प्रार्थी को फोन कर कहा गया कि तुम्हारा पैसा दोगुना हो गया है उसे ले लो तब प्रार्थी लालच में आकर आरोपियों से 20 हजार रूपये प्राप्त किया।

    आरोपियों के द्वारा प्रार्थी को प्रवंचना में डालकर कि इससे भी अधिक पैसे शेयर करेंसी में लगा सकते है 10,00,000 रूपये तक लगाने पर 2 से 4 दिन में रूपया दोगुना हो जायेगा आपके पास जब भी पैसा हो जायेगा तब फोन कर बताना, इसके बाद लगातार कई दिनों तक प्रार्थी से फोन पर बात करके विश्वास में लेकर कि शेयर ठीक चल रहा है आप 10 लाख रूपये की व्यवस्था कर लो आपका पैसा दो गुना हो जायेगा। प्रार्थी आरोपियों की बातों में आकर 8 लाख 50 हजार रूपये की व्यवस्था कर आरोपियों को पैसा की व्यवस्था होने की जानकारी दिया।

    दिनांक 27.02.2023 की सुबह आरोपीगण प्रार्थी की दुकान पर आए और 8 लाख 50 हजार रूपये लेकर रकम का मिलान किए और प्रार्थी को एक खाखी कलर के प्लास्टिक का बंद पैकेट दिये और बोले कि इसमें 17 लाख रूपये  है इसे तुम रख लो हम लोग बाद में आयेंगे तो इसमें से 3 लाख रूपये तुम हम लोगों को दे देना अभी इस पैकेट को मत खोलना हमारे सामने रूपयों का मिलान करना, प्रार्थी आरोपीगणों के विश्वास में आकर पैकेट को घर में रख लिया और आरोपीगणों के वापस नहीं आने पर उनके मोबाईल फोन पर फोन किया तो मोबाईल स्विच ऑफ आ रहा था तब प्रार्थी द्वारा दिये गये पैकेट को खोलकर देखा गया तो उसमें सादे कागज का नोट के साईज का गड्डी बनाकर खाखी कलर के पेपर से पैकेट बनाकर पैक किया गया था तब प्रार्थी को धोखे से ठग लिए जाने का पता चला।

    विवेचना दौरान पुलिस ने नई तकनीक की मदद ली और पाया कि आरोपियों के द्वारा जिस मोबाईल नंबर का उपयोग किया गया है वह जिला चंदौली उत्तरप्रदेश निवासी का है जिसके बाद उससे पूछताछ करने पर वह उसने बताया कि करीब तीन माह पहले वाराणसी के नगवा में स्थित राज कम्युनिकेशन मोबाईल की दुकान पर जाकर मोबाईल दुकान संचालक अमरेश मिश्रा को अपना आधार कार्ड देकर अपने नाम का एयरटेल कंपनी का सिम कार्ड लेने गया था तब दुकानदार अमरेश के द्वारा इसे कहा गया कि प्रथम बार में तुम्हारा फोटो और आधार कार्ड जो मोबाईल से लिया था वह फेल हो गया है दुबारा से तुम्हारा फोटो और आधार कार्ड का फोटो लेना पड़ेगा कहकर धोखे से उसका दो बार फोटो और आधार कार्ड का फोटो लिया था और उस व्यक्ति को आरोपी अमरेश मिश्रा के द्वारा मोबाईल नम्बर चालू कर उसी समय दे दिया गया था जबकि उसी दिन उसी व्यक्ति के आधार कार्ड एवं फोटो पर दूसरा मोबाईल नम्बर चालू कर दुकानदार के द्वारा उक्त मोबाईल नम्बर के सिम कॉड को अपने पास रख लिया गया था जिसकी जानकारी उस व्यक्ति को नहीं थी आरोपी अमरेश मिश्रा उक्त मोबाईल नम्बर को बाद में आपराधिक षणयंत्र के तहत यह जानते हुए कि उक्त सिम कार्ड का उपयोग आपराधिक कृत्य के लिए किया जायेगा राजेश सिंह पिता शिवदुलार सिंह उम्र 34 वर्ष निवासी भगवानपुर, थाना लंका वाराणसी उत्तरप्रदेश को 15 सौ रूपये में दे दिया था उक्त सिम को आरोपी राजेश सिंह के द्वारा लेकर अपने 2 अन्य साथियों के सांथ मिलकर एक अपराधिक षड़यंत्र तैयार कर उक्त मोबाईल नंबर से फोन कर प्रार्थी सुनील पाण्डेय से 8 लाख 50 हजार रूपये की ठगी कर घटना के बाद उक्त सीम कार्ड व घटना में इस्तेमाल किये गये मोबाईल को तोड़कर फेंक दिया गया था।

    पूर्व में मामले के आरोपी अमरेश मिश्रा पिता मदन मिश्रा उम्र 40 वर्ष निवासी राम लाज के पास सिरगोवर्धनपुर, वाराणसी उत्तरप्रदेश एवं राजेश सिंह पिता शिवदुलार सिंह उम्र 34 वर्ष निवासी भगवानपुर, थाना लंका, बीएचयू वाराणसी उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार किया गया जिन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार जप्त किया गया था। मामले में आरोपी 2 आरोपी फरार थे जिनकी पतासाजी की जा रही थी।

    पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.) ने पुराने लंबित मामलों में फरार आरोपियों की पतासाजी कर पकड़ने तथा साईबर सेल की मदद लेने के निर्देश चौकी प्रभारी रेवटी संतोष सिंह को दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन व एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में चौकी रेवटी पुलिस के द्वारा विवेचना की गई, इसी बीच आरोपी शाहजाद को कैमूर बिहार में होने की सूचना मिली जिसके बाद पुलिस टीम विधिवत् बिहार के लिए रवाना हुई और कैमूर बिहार में दबिश देकर आरोपी शाहजाद अंसारी पिता स्व. युसुफ अंसारी उम्र 29 वर्ष निवासी शाही सराय, थाना कुदरा, जिला कैमूर बिहार को पकड़कर लाया गया। पूछताछ पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदाद को अंजाम देना स्वीकार किया जिसे गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण के फरार 1 अन्य आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही है। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी खड़गवां चौकी प्रभारी रेवटी संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक शिव राजवाड़े, आरक्षक मनरूप पैंकरा व अशोक राजवाड़े सक्रिय रहे।

  • अड्डेबाजों और निगरानी बदमाशों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा! पश्चिम क्षेत्र में 11 मामलों में 12 आरोपी गिरफ्तार, सार्वजनिक जगहों पर उपद्रव करने वालों को सख्त चेतावनी

    अड्डेबाजों और निगरानी बदमाशों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा! पश्चिम क्षेत्र में 11 मामलों में 12 आरोपी गिरफ्तार, सार्वजनिक जगहों पर उपद्रव करने वालों को सख्त चेतावनी

    अड्डेबाजों एवं निगरानी बदमाशों के विरुद्ध पश्चिम क्षेत्र पुलिस की सख्त कार्रवाई

    रायपुर : रॉबिंसन गुड़िया (भापुसे), पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र एवं राहुल देव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र के मार्गदर्शन में पश्चिम क्षेत्र पुलिस द्वारा निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों एवं अड्डेबाजी करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।अभियान के तहत पश्चिम क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अड्डेबाजी करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को विशेष न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

    थाना-वार कार्रवाई का विवरण

    थाना मुजगहन: 01 प्रकरण में 02 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

    थाना न्यू राजेन्द्र नगर: 01 प्रकरण में 01 व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

    थाना टिकरापारा: 02 प्रकरणों में 02 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

    थाना पुरानी बस्ती: 02 प्रकरणों में 02 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

    थाना डीडी नगर: 05 प्रकरणों में 05 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

    इस प्रकार अभियान के अंतर्गत कुल 11 प्रकरणों में 12 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

    पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अड्डेबाजी, संदिग्ध गतिविधियों एवं आपराधिक तत्वों पर सतत निगरानी रखते हुए प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें। सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी कर शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।