Category: जशपुर

  • 31 जुलाई से पहले कराएं फसल बीमा, जशपुर के किसानों के लिए कृषि विभाग की बड़ी अपील, प्राकृतिक आपदा में मिलेगा आर्थिक सुरक्षा कवच

    31 जुलाई से पहले कराएं फसल बीमा, जशपुर के किसानों के लिए कृषि विभाग की बड़ी अपील, प्राकृतिक आपदा में मिलेगा आर्थिक सुरक्षा कवच

    प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़ें किसान, 31 जुलाई तक अवश्य कराएं फसलों का बीमा

    जिले में 6050 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित, अऋणी किसानों को बीमा से जोड़ने गांव-गांव चलेगा अभियान

    जशपुर : प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ वर्ष 2026-27 में जिले के अधिक से अधिक किसानों को फसल बीमा का सुरक्षा कवच प्रदान करने के लिए कृषि विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उप संचालक कृषि ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए 31 जुलाई 2026 तक अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा अनिवार्य रूप से करा लें, ताकि प्राकृतिक आपदाओं एवं प्रतिकूल मौसम से फसल को नुकसान होने की स्थिति में योजना के प्रावधानों के अनुसार आर्थिक सुरक्षा प्राप्त हो सके। खरीफ वर्ष 2026-27 में पात्र किसानों, विशेषकर अऋणी कृषकों को अधिक से अधिक संख्या में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दायरे में लाने के लिए ग्राम एवं ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसके लिए कृषि विभाग के मैदानी अधिकारियों के साथ ही बीटीएम, एटीएम एवं कृषक मित्रों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिले के प्रत्येक मैदानी अधिकारी, बीटीएम, एटीएम एवं कृषक मित्र को 50-50 हेक्टेयर अऋणी किसानों को फसल बीमा से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। इसका उद्देश्य ऐसे किसानों तक योजना की जानकारी पहुंचाना है, जो ऋणी नहीं हैं, लेकिन अपनी अधिसूचित फसलों को प्राकृतिक एवं मौसमी जोखिमों से सुरक्षित करने के लिए बीमा कराना चाहते हैं।

    जिले में 6050 हेक्टेयर क्षेत्र को बीमा से जोड़ने का लक्ष्य –

    कृषि विभाग द्वारा अऋणी किसानों को फसल बीमा से जोड़ने के लिए विकासखंडवार कुल 6050 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें मनोरा विकासखंड में 500 हेक्टेयर, जशपुर में 500 हेक्टेयर, दुलदुला में 550 हेक्टेयर, कुनकुरी में 600 हेक्टेयर, कांसाबेल में 900 हेक्टेयर, फरसाबहार में 900 हेक्टेयर, बगीचा में 1000 हेक्टेयर तथा पत्थलगांव विकासखंड में सर्वाधिक 1100 हेक्टेयर क्षेत्र का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभाग ने मैदानी अमले को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप किसानों से सतत संपर्क करने तथा उन्हें फसल बीमा के लाभ एवं प्रक्रिया की जानकारी देकर योजना से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।

    अऋणी किसान इन दस्तावेजों के साथ करा सकते हैं बीमा –

    अधिसूचित फसल उगाने वाले ऐसे सभी अऋणी किसान, जो प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में शामिल होना चाहते हैं, वे अपना बुआई पुष्टि प्रमाण-पत्र संबंधित क्षेत्रीय पटवारी अथवा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से सत्यापित करा सकते हैं। इसके बाद भूमि विवरण, खाता संख्या, आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर फसल बीमा कराया जा सकता है। किसान अपने संबंधित सहकारी समिति, बैंक, बीमा प्रदाता कंपनी अथवा लोक सेवा केंद्र के माध्यम से फसल बीमा की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

  • स्कूलों की व्यवस्थाओं पर कलेक्टर रोहित व्यास की सख्त नजर, महारानी लक्ष्मी बाई और आत्मानंद विद्यालय का किया निरीक्षण, मरम्मत कार्यों के प्रस्ताव मांगे

    स्कूलों की व्यवस्थाओं पर कलेक्टर रोहित व्यास की सख्त नजर, महारानी लक्ष्मी बाई और आत्मानंद विद्यालय का किया निरीक्षण, मरम्मत कार्यों के प्रस्ताव मांगे

    कलेक्टर रोहित व्यास ने महारानी लक्ष्मी बाई कन्या विद्यालय एवं स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम स्कूल का किया निरीक्षण

    आधारभूत सुविधाओं का लिया जायजा, मरम्मत एवं आवश्यक कार्यों के प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा

    जशपुर : जिले के स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण एवं सुचारू शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ से ही सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। कलेक्टर श्री रोहित व्यास स्वयं लगातार विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा ले रहे हैं, ताकि आवश्यक सुधार सुनिश्चित हो और विद्यार्थियों की पढ़ाई निर्बाध रूप से संचालित हो सके। इसी कड़ी में आज कलेक्टर ने जिला मुख्यालय स्थित महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत भी उपस्थित रहे।

     महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्राचार्य श्री विजय सिन्हा एवं विद्यालय प्रबंधन से विद्यालय के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मंच, सभागार, दरवाजे, खिड़कियों सहित जिन स्थानों पर मरम्मत की आवश्यकता है, उनका प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पाठ्यक्रम के अनुसार नियमित एवं व्यवस्थित ढंग से शिक्षण कार्य संचालित करने को कहा, ताकि छात्राएं यहां पर पढ़कर एक बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकें।

     कलेक्टर ने स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने प्राचार्य श्रीमती आर. डुंगडुंग एवं विद्यालय प्रबंधन से शिक्षण व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के अलावा सभागार, शौचालयों सहित अन्य जगहों में जहां पर मरम्मत कार्यों की अवश्यकता है वहां का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, जिससे विद्यार्थियों के लिए अध्ययन एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन हेतु बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेन्द्र सिन्हा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती कल्पना टोप्पो सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • ईवीएम स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पर कलेक्टर रोहित व्यास की पैनी नजर, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर दिए सख्त निर्देश

    ईवीएम स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पर कलेक्टर रोहित व्यास की पैनी नजर, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर दिए सख्त निर्देश

    जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने ईवीएम स्ट्रांग रूम परिसर की सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

    अनावश्यक सामानों का नियमानुसार हटाने एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने दिए निर्देश

    जशपुर : कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रोहित व्यास ने आज ईवीएम स्ट्रांग रूम परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वीवीपैट रूम, बैलट यूनिट रूम तथा कंट्रोल यूनिट रूम के बाहरी क्षेत्र का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर श्री व्यास ने स्ट्रांग रूम परिसर एवं उसके आसपास नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

     उन्होंने परिसर में अनावश्यक रूप से रखे गए अनुपयोगी सामानों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने तथा परिसर को व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाए रखने हेतु निर्देशित किया। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी, परिसर की सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने तथा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री समीर बड़ा सहित निर्वाचन शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • जशपुर : 18.75 लाख की मोबाइल चोरी का सनसनीखेज खुलासा! बगीचा पुलिस ने चंद घंटों में दबोचे 4 आरोपी, 47 मोबाइल और बाइक बरामद

    जशपुर : 18.75 लाख की मोबाइल चोरी का सनसनीखेज खुलासा! बगीचा पुलिस ने चंद घंटों में दबोचे 4 आरोपी, 47 मोबाइल और बाइक बरामद

    बगीचा पुलिस ने लाखों रुपये की मोबाइल चोरी का किया सनसनीखेज खुलासा

    सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 4 आरोपी गिरफ्तार, जिसमें से तीन हैं विधि से संघर्षरत बालक,47 मोबाइल फोन, बाइक व नगदी बरामद

    एक फरार आरोपी की तलाश जारी, शेष चोरी गए मोबाइल बरामद करने के प्रयास जारी

    नाम गिरफ्तार आरोपी-

    जशपुर : दिनांक 21/07/2026 की रात्रि 09:00 बजे से 22/07/2026 की प्रातः 07:00 बजे के मध्य थाना बगीचा क्षेत्र के बस स्टैंड प्रतीक्षालय के पीछे स्थित कैपिटल मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा दुकान में रखे नए एवं पुराने कुल 93 नग मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹18 लाख 75 हजार, चोरी कर लिए गए।

    प्रार्थी जैद अली पिता मोहम्मद इकराम अली, उम्र 28 वर्ष, निवासी सुकबासु पारा, बगीचा की लिखित शिकायत पर थाना बगीचा में अपराध क्रमांक 197/2026 अंतर्गत धारा 331(4), 305(A), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई।

    घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना बगीचा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें अभिषेक प्रजापति पिता भास्कर प्रजापति, उम्र 19 वर्ष, निवासी डूमर टोली, बगीचा तथा 3 विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। मामले में एक अन्य आरोपी की पहचान कर ली गई है, जो वर्तमान में फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

    गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 47 मोबाइल फोन, जिनकी बाजार कीमत लगभग ₹10 लाख, चोरी की ₹600 नगद राशि तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की यामाहा एमटी मोटरसाइकिल (कीमत लगभग ₹60 हजार) बरामद कर जप्त की गई है।

    विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है, जबकि बालिग आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण में फरार आरोपी की गिरफ्तारी एवं शेष चोरी गए मोबाइल फोन की बरामदगी हेतु पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

    कार्यवाही व आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक गौरव कुमार पांडे, सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार कामरे, सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र मिंज, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह, आरक्षक मुकेश पांडे , फुलजेंस टोप्पो, धनेश्वर राम, राजेश कालो एवं नगर सैनिक बलिराम की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

    डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि थाना बगीचा क्षेत्रांतर्गत एक दुकान से मोबाइल चोरी के मामले में पुलिस के द्वारा अत्यंत प्रोफेशनल तरीके से कार्यवाही करते हुए, चंद घंटों में चार आरोपियों , जिसमें से तीन विधि से संघर्षरत बालक हैं, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड व बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है, एक फरार आरोपी की पता साजी जारी है, जिसे भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।

  • हैवान पिता को उम्रकैद: 13 वर्षीय बेटी से वर्षों तक दुष्कर्म के दोषी को पॉक्सो कोर्ट ने सुनाई आजीवन कारावास, जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मिला न्याय

    हैवान पिता को उम्रकैद: 13 वर्षीय बेटी से वर्षों तक दुष्कर्म के दोषी को पॉक्सो कोर्ट ने सुनाई आजीवन कारावास, जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मिला न्याय

    अपनी ही नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म करने वाले आरोपी पिता को आजीवन कारावास

    थाना कांसाबेल पुलिस की त्वरित विवेचना एवं प्रभावी अभियोजन से एक माह के भीतर मिला न्याय

    निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार की कुशल विवेचना एवं विशेष लोक अभियोजक अमित कुमार तिर्की की सशक्त पैरवी से आरोपी को मिली आजीवन कारावास की सजा

    माननीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एफ.टी.सी.), विशेष न्यायालय (पॉक्सो), जशपुर श्री जनार्दन खरे ने सुनाया फैसला

    नाम आरोपी-कलेश्वर विश्वकर्मा उम्र 42 वर्ष

    जशपुर : थाना कांसाबेल में दर्ज एक अत्यंत संवेदनशील पॉक्सो प्रकरण में जशपुर पुलिस की त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना तथा प्रभावी अभियोजन के परिणामस्वरूप माननीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एफ.टी.सी.), विशेष न्यायालय (पॉक्सो), जशपुर श्री जनार्दन खरे ने आरोपी कलेश्वर राम विश्वकर्मा (42 वर्ष) को अपनी ही 13 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म करने का दोषी पाते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

    प्रकरण में दिनांक 02 मई 2026 को पीड़िता की माता द्वारा थाना कांसाबेल में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसका पति अपनी नाबालिग पुत्री के साथ पिछले तीन वर्षों से लगातार दुष्कर्म कर रहा था। रिपोर्ट पर थाना कांसाबेल में अपराध क्रमांक 75/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(2), 296, 351(2), 115(2) एवं पॉक्सो अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में थाना कांसाबेल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित की, चिकित्सीय परीक्षण, न्यायालयीन कथन एवं अन्य सभी वैधानिक कार्यवाहियां पूर्ण कर दिनांक 2 मई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए। आरोपी के विरुद्ध अभियोग पत्र (चालान ) न्यायालय दिनांक 17 जून 2026 को पेश किया गया ।

    जशपुर पुलिस ने इस गंभीर प्रकरण की विवेचना अत्यंत गंभीरता एवं पेशेवर दक्षता के साथ करते हुए मात्र एक माह के भीतर जांच पूर्ण कर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। इसके फलस्वरूप प्रकरण का शीघ्र परीक्षण हुआ तथा अभियोजन पक्ष द्वारा 20 गवाहों के साक्ष्य प्रस्तुत किए गए। पुलिस द्वारा संकलित ठोस साक्ष्यों एवं प्रभावी अभियोजन के आधार पर माननीय न्यायालय ने आरोपी को दोषसिद्ध पाते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

    प्रकरण की विवेचना थाना प्रभारी कांसाबेल निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार द्वारा अत्यंत कुशलता एवं संवेदनशीलता के साथ की गई। वहीं न्यायालय में विशेष लोक अभियोजक अमित कुमार तिर्की ने प्रभावी एवं सशक्त पैरवी कर आरोपी को कठोर दंड दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

    डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति जशपुर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई, समयबद्ध विवेचना, प्रभावी अभियोजन तथा दोषियों को कठोरतम दंड दिलाना जशपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। समाज में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जशपुर पुलिस निरंतर प्रतिबद्ध एवं सजग है।

  • उत्कर्ष योजना के विद्यार्थियों के लिए जरूरी सूचना, कक्षा 6वीं प्रवेश काउंसलिंग फिलहाल रद्द, शासन के नए निर्देश के बाद होगी अगली प्रक्रिया

    उत्कर्ष योजना के विद्यार्थियों के लिए जरूरी सूचना, कक्षा 6वीं प्रवेश काउंसलिंग फिलहाल रद्द, शासन के नए निर्देश के बाद होगी अगली प्रक्रिया

    मुख्यमंत्री उत्कर्ष योजना की कक्षा 6वीं प्रवेश काउंसलिंग निरस्त

    जशपुर : मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए 14 जुलाई 2026 को जिला स्तर पर आयोजित काउंसलिंग को निरस्त कर दिया गया है।

    आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, नवा रायपुर द्वारा जारी निर्देश 21 जुलाई 2026 के अनुसार यह निर्णय लिया गया है।

     जिला प्रशासन ने जिला जशपुर से काउंसलिंग हेतु चयनित विद्यार्थियों एवं पालकों को सूचित किया है कि शासन से नवीन दिशा-निर्देश प्राप्त होते ही काउंसलिंग की अगली तिथि की सूचना दी जाएगी।

  • जशपुर के दिव्यांगजनों के लिए बड़ी सौगात, रायपुर में मिलेगा अत्याधुनिक निःशुल्क इलाज, पुनर्वास और सहयोगी को भी मुफ्त आवास

    जशपुर के दिव्यांगजनों के लिए बड़ी सौगात, रायपुर में मिलेगा अत्याधुनिक निःशुल्क इलाज, पुनर्वास और सहयोगी को भी मुफ्त आवास

    जशपुर के दिव्यांगजनों को रायपुर में मिलेगा निःशुल्क उपचार और पुनर्वास, सरकार देगी आवास सहित पूरी सुविधा

    जशपुर : जशपुर जिले में निवासरत कमजोर वर्ग के दिव्यांगजनों और विशेष आवश्यकता वाले स्कूली बच्चों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है।

    समाज कल्याण विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, सेरेब्रल पाल्सी, स्ट्रोक, स्पाइनल कॉर्ड इंजरी, न्यूरोलॉजिकल एवं अस्थि बाधित दिव्यांगता से ग्रस्त ऐसे व्यक्ति, जिन्हें कृत्रिम अंग, ऑर्थोटिक उपकरण, विशेष सहायक उपकरण एवं फिजियोथेरेपी की आवश्यकता है, उन्हें रायपुर स्थित शासन द्वारा संचालित विशेषीकृत अत्याधुनिक निःशुल्क पुनर्वास संस्थान फिजिकल रिफरल रिहैबिलिटेशन सेंटर PRRC एवं सेरेब्रल पाल्सी गेट लैब, माना कैंप में भर्ती कराकर उपचार कराया जाएगा।

    विभाग के अनुसार उपचार के दौरान मरीज के साथ जाने वाले एक सहयोगी को भी निःशुल्क आवास दिया जाएगा। यहां विशेषज्ञ फिजियोथेरेपिस्ट और अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से निःशुल्क उपचार एवं पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध है।

    उप संचालक, समाज कल्याण जिला जशपुर ने बताया कि उपचार हेतु पात्र एवं इच्छुक दिव्यांगजन-अभिभावक अपने चिकित्सकीय दस्तावेजों के साथ कार्यालयीन दिवस एवं समय पर जिला समाज कल्याण कार्यालय जशपुर में संपर्क कर सकते हैं।

    इस योजना का उद्देश्य जिले के जरूरतमंद दिव्यांगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

  • जशपुर के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को नवोदय से जोड़ने विशेष अभियान, 31 जुलाई तक करें आवेदन, 28 नवंबर को होगी चयन परीक्षा

    जशपुर के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को नवोदय से जोड़ने विशेष अभियान, 31 जुलाई तक करें आवेदन, 28 नवंबर को होगी चयन परीक्षा

    जशपुर के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को नवोदय चयन परीक्षा से जोड़ने विशेष पहल

    नवोदय विद्यालय समिति के आयुक्त ने जिला प्रशासन से व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक विद्यार्थियों का पंजीयन सुनिश्चित कराने का किया अनुरोध

    31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन, 28 नवंबर को आयोजित होगी नवोदय चयन परीक्षा

    जशपुर : जवाहर नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) ने कक्षा 6 में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST)-2027 के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक विद्यार्थियों के पंजीकरण सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन से सहयोग का अनुरोध किया है। नवोदय विद्यालय समिति के आयुक्त श्री राजेश लखानी ने कलेक्टर श्री रोहित व्यास को भेजे पत्र में जिले में संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय के सफल संचालन में प्रशासन द्वारा दिए जा रहे निरंतर सहयोग और संरक्षण के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में विद्यालय अपने उद्देश्यों की दिशा में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।

     पत्र में उल्लेख किया गया है कि जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 में प्रवेश जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) के माध्यम से होता है, जो नवोदय विद्यालय समिति की सबसे महत्वपूर्ण प्रवेश प्रक्रिया है। पिछले वर्ष इस परीक्षा के लिए देशभर में 25 लाख 99 हजार 277 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इस वर्ष समिति का लक्ष्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों, विशेष रूप से बालिकाओं की भागीदारी बढ़ाने पर केंद्रित है। आयुक्त ने बताया कि चयन परीक्षा के अधिकांश अभ्यर्थी ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आते हैं। ऐसे में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर पात्र एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थी को प्रवेश प्रक्रिया और ऑनलाइन पंजीकरण की जानकारी से अवगत कराने को कहा है।

     इसी को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों को उपलब्ध सभी माध्यमों से JNVST-2027 के ऑनलाइन पंजीकरण, जवाहर नवोदय विद्यालयों में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं तथा निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया गया है। साथ ही जिले के जवाहर नवोदय विद्यालयों को भी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को पंजीकरण और चयन परीक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इससे अभिभावकों और विद्यार्थियों के बीच चयन परीक्षा के प्रति जागरूकता तेजी से बढ़ेगी और अधिक से अधिक योग्य विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। कक्षा 6 वीं में JNVST-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन 31 जुलाई 2026 तक किए जा सकते हैं। चयन परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर 2026 को किया जाएगा।

     इच्छुक विद्यार्थी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट www.navodaya.gov.in एवं https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नवोदय विद्यालय समिति ने जिला प्रशासन से अपील की है कि चयन परीक्षा का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कर अधिकाधिक विद्यार्थियों को इस अवसर का लाभ दिलाने में सहयोग प्रदान करें। साथ ही जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्यों को भी निर्देशित किया गया है कि वे जिला प्रशासन से व्यक्तिगत रूप से भेंट कर चयन परीक्षा सहित अन्य आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराएं।

  • जशपुर में बारिश की रफ्तार बरकरार, 24 जुलाई को 48.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज, मनोरा सबसे अधिक भीगा तो पत्थलगांव में दिनभर सबसे ज्यादा बारिश

    जशपुर में बारिश की रफ्तार बरकरार, 24 जुलाई को 48.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज, मनोरा सबसे अधिक भीगा तो पत्थलगांव में दिनभर सबसे ज्यादा बारिश

    जशपुर : जशपुर जिले में 01 जून से 24 जुलाई 2026 तक 3391.3 मिमी औसत वर्षा हो चुकी है। जिले में बीते 10 वर्षों की तुलना में 24 जुलाई तक सामान्य औसत वर्षा 4346.7 मिमी हुई है। बीते दिवस जिले में 48.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

     भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 01 जून से अब तक तहसीलवार वर्षा इस प्रकार है: तहसील जशपुर में 344.6 मिमी, मनोरा में 586.4 मिमी, कुनकुरी में 416.7 मिमी, दुलदुला में 256.0 मिमी, फरसाबहार में 201.0 मिमी, बगीचा में 247.3 मिमी, कॉंसाबेल में 372.8 मिमी, पत्थलगाँव में 325.5 मिमी, सन्ना में 448.9 मिमी एवं बागबहार में 192.1 मिमी वर्षा हो चुकी है। सर्वाधिक वर्षा मनोरा तहसील में 586.4 मिमी दर्ज की गई है। 24 जुलाई को सर्वाधिक पत्थलगाँव तहसील में 10.5 मिमी वर्षा हुई।

  • जशपुर में वनभूमि पर कब्जे की साजिश नाकाम, वन विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई से 3 हेक्टेयर भूमि अतिक्रमणमुक्त, उसी दिन 5,000 पौधों का महावृक्षारोपण

    जशपुर में वनभूमि पर कब्जे की साजिश नाकाम, वन विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई से 3 हेक्टेयर भूमि अतिक्रमणमुक्त, उसी दिन 5,000 पौधों का महावृक्षारोपण

    जशपुर वनमण्डल की त्वरित कार्रवाई से वनभूमि पर अतिक्रमण का प्रयास विफल, 3 हेक्टेयर क्षेत्र में 5 000 पौधों का किया गया वृक्षारोपण

    जशपुर : वनमण्डल के अंतर्गत वन परिक्षेत्र बगीचा के परिसर सोनगेरसा स्थित कक्ष क्रमांक पी.एफ. 1253 में दिनांक 23 जुलाई 2026 को लगभग 3.00 हेक्टेयर वनभूमि पर अवैध अतिक्रमण का प्रयास किया गया। सूचना प्राप्त होने पर वन विभाग द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए न केवल अतिक्रमण के प्रयास को विफल किया गया, बल्कि संबंधित भूमि को अतिक्रमणमुक्त कर उसी दिन 5,000 पौधों का वृहत वृक्षारोपण भी कराया गया।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार (1) श्री रामलोचन यादव, पिता श्री जगदीश यादव, (2) श्री गणेश यादव, पिता श्री जगदीश यादव, (3) श्री हिरालाल, पिता श्री डूमरा, जाति कोरवा, (4) श्री नन्दलाल, पिता श्री डूमरा, जाति कोरवा एवं (5) श्री सुधन, पिता श्री सुखदेव द्वारा उक्त वनभूमि पर झाड़ियाँ काटकर साफ-सफाई करते हुए अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा था।

    घटना की जानकारी मिलते ही इसकी सूचना तत्काल वनमण्डलाधिकारी, जशपुर एवं उपवनमण्डलाधिकारी, पत्थलगांव को दी गई। वनमण्डलाधिकारी, जशपुर के निर्देश तथा उपवनमण्डलाधिकारी, पत्थलगांव के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्राधिकारी, बगीचा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की। वन कर्मचारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के सहयोग से वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। इस अभियान में बी.डी.सी., ग्राम पंचायत सोनगेरसा के सरपंच, पंचगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी के संयुक्त प्रयासों से वनभूमि को सुरक्षित करते हुए उसी क्षेत्र में 5,000 पौधों का वृक्षारोपण किया गया, जिससे भूमि का संरक्षण सुनिश्चित हो सके तथा भविष्य में पुनः अतिक्रमण की संभावना को रोका जा सके।

    वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वनभूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण, वनों की कटाई अथवा प्राकृतिक संसाधनों को क्षति पहुंचाने के प्रयासों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाएगी। साथ ही स्थानीय समुदाय की सहभागिता से वन संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के कार्यों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ ग्रामवासियों ने वन संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौध रोपण एवं वन संपदा की सुरक्षा हेतु सामूहिक सहयोग का आह्वान किया। जशपुर वनमण्डल ने इस संयुक्त प्रयास को वन संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया