जशपुर को देश के अग्रणी पीएमडीडीकेवाई जिलों में शामिल करने बनेगी विशेष रणनीति
जिला पंचायत सीईओ की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, कृषि एवं संबद्ध विभागों की 36 योजनाओं की हुई समीक्षा
जशपुर : प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत जशपुर जिले की प्रगति को और गति देने तथा जिले को देश के अग्रणी पीएमडीडीकेवाई जिलों में शामिल करने के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की अध्यक्षता में विगत दिवस समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि एवं संबद्ध विभागों द्वारा संचालित पीएमडीडीकेवाई से संबंधित 36 योजनाओं और उनके आउटपुट इंडिकेटर की विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान विशेष रूप से उन योजनाओं और संकेतकों पर फोकस किया गया, जिनमें निर्धारित लक्ष्य की तुलना में उपलब्धि अपेक्षाकृत कम है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ऐसे सभी आउटपुट इंडिकेटर में तेजी से सुधार के लिए विभागवार विशेष रणनीति और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
लक्ष्य और उपलब्धि के अंतर का होगा विश्लेषण
बैठक में संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि वे अपने निर्धारित लक्ष्य, वर्तमान उपलब्धि और शेष अंतर का स्पष्ट विश्लेषण करें। कम प्रगति वाले प्रत्येक इंडिकेटर के लिए आवश्यक गतिविधियों, बजट की आवश्यकता, अपेक्षित तकनीकी सहयोग और कार्य पूर्ण करने की समय-सीमा निर्धारित की जाए। लक्ष्य पूर्ति के लिए अतिरिक्त बजट, लक्ष्य आवंटन या अन्य संसाधनों की आवश्यकता होने पर संबंधित उच्च कार्यालय को तत्काल प्रस्ताव एवं मांग पत्र भेजने के निर्देश भी दिए गए।
विभागों के बीच समन्वय और अभिसरण पर जोर
बैठक में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, जल संसाधन, ग्रामीण विकास, सहकारिता सहित अन्य संबद्ध विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। योजनाओं के अभिसरण के माध्यम से उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए किसानों तक योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। समीक्षा के दौरान तय किया गया कि कम उपलब्धि वाले प्रत्येक आउटपुट इंडिकेटर के लिए अलग कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसमें लक्ष्य, वर्तमान उपलब्धि, शेष अंतर, आवश्यक गतिविधियां, बजट आवश्यकता, उच्च कार्यालय से अपेक्षित सहयोग और कार्य पूर्ण करने की समय-सीमा स्पष्ट रूप से निर्धारित होगी।
मापनीय परिणामों में सुधार पर विशेष ध्यान
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि पीएमडीडीकेवाई के अंतर्गत केवल योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित न रहते हुए उनके मापनीय परिणामों और आउटपुट इंडिकेटर में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति की दिशा में प्रभावी प्रयास करें। बैठक में जशपुर को देश के शीर्ष पीएमडीडीकेवाई जिलों में शामिल करने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए कम उपलब्धि वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान संचालित करने, आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने और उच्च कार्यालय से अपेक्षित सहयोग प्राप्त करने सहित विभागवार प्रगति की नियमित समीक्षा करने का निर्णय लिया गया।
