Category: जशपुर

  • जशपुर में 19 अप्रैल को परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा का बड़ा आयोजन: 3009 अभ्यर्थी होंगे शामिल, व्यापम के सख्त नियमों के बीच सुरक्षा और अनुशासन पर विशेष फोकस!

    जशपुर में 19 अप्रैल को परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा का बड़ा आयोजन: 3009 अभ्यर्थी होंगे शामिल, व्यापम के सख्त नियमों के बीच सुरक्षा और अनुशासन पर विशेष फोकस!

    परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा 19 अप्रैल को, जिले के 3009 परीक्षार्थी परीक्षा में होगें शामिल, व्यापम द्वारा अभ्यर्थियों के लिए निर्देश जारी

    जशपुर : छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन 19 अप्रैल को 11.00 बजे से 1.15 बजे तक किया गया है। जशपुर जिले में कुल 10 परीक्षा केन्द्रों में परीक्षा संपन्न होगी। जिसमें कुल 3009 परीक्षार्थी सम्मिलित होगें। परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्रियंका रानी गुप्ता को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

    परीक्षा हेतु व्यापम द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी

    व्यापम द्वारा जारी निर्देशानुसार परीक्षार्थी को परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केन्द्र का अनिवार्य रूप से अवलोकन कर लेना चाहिए, ताकि उन्हे परीक्षा दिवस को काई असुविधा न हो। परीक्षार्थी, परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम 02 घंटा पूर्व परीक्षा केन्द्र में पहुंचे, ताकि उनका फ्रिस्किंग एवं फोटो युक्त मूल पहचान पत्र से सत्यापन किया जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जायेगा। हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देने आयें। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी रंग व गहरे चॉकलेटी रंग का कपड़े पहनना वर्जित होगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा, उन्हे अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरने के उपरांत ही ऐसे पोशाक के अनुमति होगी। फुटवीयर के रूप में चप्पल पहना होगा। कान में किसी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रिॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रानिक घड़ी पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित है।

    परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्यवाही की जायेगी तथा अभ्यर्थिता समाप्त की जावेगी। परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्र में केवल काले या नीले बॉल पाइंट पेन लेकर आना होगा।

  • खौफनाक वारदात: गुस्से में भाई ने भाभी का सिर कुचला, खून से सनी टांगी बनी सबूत— कुनकुरी की अदालत ने कहा ‘स्पष्ट हत्या’, सुनाई उम्रकैद की सजा

    खौफनाक वारदात: गुस्से में भाई ने भाभी का सिर कुचला, खून से सनी टांगी बनी सबूत— कुनकुरी की अदालत ने कहा ‘स्पष्ट हत्या’, सुनाई उम्रकैद की सजा

    कुनकुरी, 15 अप्रैल 2026 | विशेष समाचार | सागर जोशी (संपादक)

    रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना में भाई ने ही अपने घर की खुशियों को खून से रंग दिया। जमीन विवाद की चिंगारी इतनी भड़क उठी कि उसने एक महिला की जान ले ली और एक परिवार को हमेशा के लिए बिखेर दिया। इस सनसनीखेज हत्याकांड में कुनकुरी की अदालत ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई है।

    अदालत का फैसला

    द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश बलराम कुमार देवांगन की अदालत ने आरोपी गणेश राम चौहान (45 वर्ष), निवासी हर्राडांड़, थाना कुनकुरी को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत दोषी ठहराया। अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक श्रीमती पुष्पा सिंह ने प्रभावी पैरवी करते हुए मामले को मजबूत तरीके से प्रस्तुत किया, जिसके आधार पर अदालत ने आरोपी को आजीवन कारावास एवं ₹1000 अर्थदंड की सजा सुनाई। जुर्माना अदा न करने की स्थिति में 6 माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।

    क्या था पूरा मामला?

    यह घटना 10 मार्च 2024 की है, जब ग्राम हर्राडांड़ अटल चौक के पास आरोपी ने अपनी ही भाभी चम्पा बाई पर टांगी (कुल्हाड़ी) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जमीन और पेड़ काटने को लेकर चल रहे विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आरोपी ने महिला के सिर और माथे पर 3 से 4 बार वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ी। गंभीर चोटों के कारण उसकी मृत्यु हो गई।

    कैसे खुला मामला?

    घटना की सूचना मृतका के पति को फोन के माध्यम से मिली। जब वह मौके पर पहुंचे, तो पत्नी खून से सनी जमीन पर पड़ी मिली। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।

    पुलिस जांच में क्या मिला?

    पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ मजबूत साक्ष्य सामने आए। आरोपी के मेमोरण्डम कथन के आधार पर खून लगी टांगी बरामद की गई। घटनास्थल से खून से सनी मिट्टी और अन्य सामग्री जब्त की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मौत सिर पर गंभीर चोटों के कारण हुई और यह पूर्णतः हत्यात्मक थी। गवाहों के बयान और वैज्ञानिक साक्ष्यों ने भी आरोपी की संलिप्तता को साबित किया।

    अदालत ने क्या कहा?

    अदालत ने अपने निर्णय में स्पष्ट कहा कि सिर जैसे नाजुक अंग पर बार-बार वार करना हत्या के स्पष्ट इरादे को दर्शाता है। न्यायालय ने यह भी माना कि जब प्रत्यक्ष साक्ष्य उपलब्ध हों, तब हत्या के पीछे के कारण का अभाव अभियोजन को प्रभावित नहीं करता। हालांकि, मामले को “विरलतम से विरल” श्रेणी में नहीं मानते हुए मृत्युदंड के बजाय आजीवन कारावास उचित ठहराया गया।

    इसके अलावा न्यायालय ने मृतका के पति और पुत्र को पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना के तहत मुआवजा प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

    सामाजिक संदेश

    यह फैसला न केवल एक जघन्य अपराध पर न्याय की मुहर है, बल्कि समाज के लिए एक कड़ा संदेश भी है कि पारिवारिक विवादों को हिंसा में बदलना अंततः विनाश का कारण बनता है। रिश्तों की यह खूनी परिणति आज भी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

  • कुनकुरी में खौफनाक हादसा: मवेशी से टकराई बाइक, सड़क पर गिरे युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा—सिर कुचलने से मौके पर दर्दनाक मौत, दूसरा जिंदगी के लिए जूझ रहा

    कुनकुरी में खौफनाक हादसा: मवेशी से टकराई बाइक, सड़क पर गिरे युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा—सिर कुचलने से मौके पर दर्दनाक मौत, दूसरा जिंदगी के लिए जूझ रहा

    कुनकुरी में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक के पहिए तले कुचला युवक, मौके पर मौत – दूसरा गंभीर घायल

    कुनकुरी  : नगर के बीच से गुजरने वाली नेशनल हाईवे 43 पर बुधवार शाम करीब 7 बजे एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। डुगडुगिया पावर हाउस के सामने हुए इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार दो युवक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी अचानक सड़क पर बैठे मवेशी से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने गिर चुके युवक को अपनी चपेट में ले लिया।

    हादसे में संदीप राम (28 वर्ष) पिता दिनेश राम, निवासी ग्राम पण्डरीपानी, का सिर ट्रक के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथ बाइक पर सवार प्रकाश राम (60 वर्ष) पिता लालदेव राम गंभीर रूप से घायल हो गए।

    घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश यादव अपनी पेट्रोलिंग टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल प्रकाश राम को पुलिस वाहन से तुरंत कुनकुरी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

    हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात को सुचारू कराया।

    थाना प्रभारी राकेश यादव के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक मवेशी से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके चलते यह भयावह दुर्घटना हुई। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

    घटना की खबर मिलते ही मृतक और घायल के परिजन थाने पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन हो गया। पूरे क्षेत्र में इस हादसे के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।

  • प्यार का जाल, शादी का वादा… और 12 साल तक चलता रहा दरिंदगी का खेल ! कोर्ट मैरिज का बहाना, जंगल में वारदात ! आरोपी की चालाकी का हुआ पर्दाफाश, अनाचार का आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल.

    प्यार का जाल, शादी का वादा… और 12 साल तक चलता रहा दरिंदगी का खेल ! कोर्ट मैरिज का बहाना, जंगल में वारदात ! आरोपी की चालाकी का हुआ पर्दाफाश, अनाचार का आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल.

    मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 10 अप्रैल 2026 को थाना फरसाबहार क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम की 25 वर्षीय प्रार्थिया के द्वारा थाना फरसाबहार में रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि वर्ष 2014 में वह कक्षा आठवीं की पढ़ाई करती थी व उस वक्त उसकी उम्र 14 वर्ष थी। उसी दौरान उसके गांव का ही आरोपी मुकेश पैंकरा, उससे प्यार करता हूं, शादी करना चाहता हूं कहकर लगातार बहलाता फुसलाता रहता था। दिनांक 13 अप्रैल 2014 को सायं करीबन 04:00 बजे आरोपी, प्रार्थिया के घर में आया, उस दौरान प्रार्थिया के घर में कोई नहीं था, प्रार्थिया घर में अकेली थी, तब आरोपी के द्वारा प्यार व शादी का झांसा देकर, प्रार्थिया के मना करने पर भी अनाचार किया। तब से आरोपी जब भी प्रार्थिया से मिलता था, शादी का झांसा देकर अनाचार करता था।

    इस दौरान प्रार्थिया रोजगार हेतु अन्यत्र कमाने बाहर शहर गई हुई थी, तब आरोपी भी वहां पहुंच जाता था, काम करने की कोई जरूरत नहीं है कह कर अपने साथ घर ले आता था। प्रार्थिया के द्वारा जब भी शादी की बात कही जाती थी, तब आरोपी कोई न कई बहाना बना कर  इतनी जल्दी क्या है बात को टाल देता था। जब पीड़ित प्रार्थिया के द्वारा शादी हेतु दबाव डाला गया तब दिनांक 09 अप्रैल 2026 को आरोपी बोला कि चलो जशपुर जाते हैं, वहीं कोर्ट में शादी करेंगे।

    प्रार्थिया आरोपी की बात में आकर उक्त दिनांक को आरोपी के साथ जशपुर जाने हेतु निकली, इस दौरान रास्ते में एक जंगल के पास, आरोपी के द्वारा पुनः पीड़िता से दुष्कर्म का प्रयास किया गया, पीड़िता के मना करने पर, आरोपी के द्वारा बोला गया कि यदि उसकी इच्छा पूरी नहीं होती है तो वह उससे शादी नहीं करेगा। जिस पर पीड़ित प्रार्थिया को मजबूरन आरोपी की बात माननी पड़ी। इस दौरान उन्हें कोर्ट पहुंचने में देर हो गया, आरोपी के द्वारा जानबूझकर देरी की गई थी, जिससे कि कुटुंब न्यायालय बंद हो जाए व शादी टल जाए। अब आरोपी मुकेश पैंकरा के द्वारा शादी से साफ-साफ इनकार कर दिया जा रहा है। इस प्रकार आरोपी मुकेश पैंकरा के द्वारा वर्ष 2014 से 09 अप्रैल 2026 तब लगातार शादी का झांसा देकर, प्रार्थिया के साथ दुष्कर्म किया गया।

    प्रार्थिया की रिपोर्ट पर तत्काल थाना फरसाबहार में भादवि की धारा धारा 376,376(2)(N) व 4, 6  पॉस्को एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया व पीड़िता का मेडिकल कराया गया।

    विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी मुकेश पैंकरा को हिरासत में लिया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी मुकेश पैंकरा के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

  • सीएम विष्णुदेव साय का 17 अप्रैल को जशपुर दौरा संभावित: रणजीता स्टेडियम में PMGSY के तहत सड़कों का भूमिपूजन, ‘सियान गुड़ी’ का लोकार्पण—रोहित व्यास और लाल उमेद सिंह ने तैयारियों का लिया जायजा

    सीएम विष्णुदेव साय का 17 अप्रैल को जशपुर दौरा संभावित: रणजीता स्टेडियम में PMGSY के तहत सड़कों का भूमिपूजन, ‘सियान गुड़ी’ का लोकार्पण—रोहित व्यास और लाल उमेद सिंह ने तैयारियों का लिया जायजा

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का 17 अप्रैल को जशपुर प्रवास संभावित

    कलेक्टर श्री व्यास एवं एसएसपी श्री सिंह ने तैयारियों का लिया जायजा

    प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम के सफल आयोजन के दिए निर्देश

    जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का 17 अप्रैल को जशपुर प्रवास संभावित है। मुख्यमंत्री श्री साय जशपुर के रणजीता स्टेडियम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अंतर्गत राज्य को पीएमजीएसवाय के तहत नए स्वीकृत सड़को का भूमिपूजन प्रस्तावित है। साथ ही जशपुर में बुजुर्गों के डे केयर यूनिट के रूप में विकसित किए गए नवनिर्मित सियान गुड़ी का भी लोकार्पण प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां जिला प्रशासन ने तेज कर दी हैं। इस संबंध में आज कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री लाल उमेद सिंह ने रणजीता स्टेडियम पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से संबंधित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के सफल आयोजन की सभी तैयारी समय सीमा में पूर्ण कर कार्यक्रम के सफल आयोजन के निर्देश दिए।

    निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं एसएसपी ने कार्यक्रम में आमजन की बैठक व्यवस्था, आवागमन, पंडाल निर्माण, पेयजल, शौचालय, लाइटिंग, माइक, मंच सजावट एवं सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।

     कलेक्टर श्री व्यास ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर विचार-विमर्श करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दें। साथ ही समुचित कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध रूप से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके पश्चात कलेक्टर, एसएसपी एवं अन्य अधिकारियों ने भागलपुर रोड स्थित रणजीता स्टेडियम के पीछे विकसित किए गए सियान गुड़ी का भी निरीक्षण किया। यह केंद्र बुजुर्गों के लिए डे-केयर सुविधा के रूप में विकसित किया गया है, जहां योग, मनोरंजन, पुस्तकालय एवं कौशल विकास जैसी गतिविधियों की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा इस सियान गुड़ी के लोकार्पण भी प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, सहायक कलेक्टर श्री अनिकेत अशोक फड़तरे, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

  • जशपुर में बिना लाइसेंस क्लीनिकों पर गिरेगी गाज: रोहित व्यास का सख्त संदेश—नर्सिंग होम एक्ट के उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई, स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश

    जशपुर में बिना लाइसेंस क्लीनिकों पर गिरेगी गाज: रोहित व्यास का सख्त संदेश—नर्सिंग होम एक्ट के उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई, स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश

    बिना अनुज्ञापन संचालित क्लीनिकों पर होगी सख्त कार्रवाई: कलेक्टर रोहित व्यास

    नर्सिंग होम एक्ट के तहत सभी मानकों का पालन कर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने के निर्देश

    कलेक्टर ने निजी चिकित्सालय संचालकों की ली बैठक

    जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में छत्तीसगढ़ राज्य उपचर्यागृह तथा रोगोपचार संबंधी स्थापना अनुज्ञापन अधिनियम, 2010 के अंतर्गत पंजीकृत समस्त निजी चिकित्सालयों के संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी. एस. जात्रा, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला परिवार एवं कल्याण अधिकारी सह नोडल अधिकारी (नर्सिंग होम एक्ट), नोडल अधिकारी (पी.सी.पी.एन.डी.टी.), जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला परियोजना समन्वयक (आयुष्मान भारत), अस्पताल प्रबंधक सहित जिले के सभी पंजीकृत निजी चिकित्सालयों के संचालक उपस्थित रहे।

     प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत सभी गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श, आवश्यक जांच एवं दवाइयों की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित किया जाना है। बैठक में उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की विशेष पहचान कर उनकी समय पर सोनोग्राफी कराने तथा प्रत्येक माह की 9 एवं 24 तारीख को योजना के अंतर्गत निःशुल्क सेवाएं प्रदान करने के लिए निजी चिकित्सालयों को निर्देशित किया गया। साथ ही योजना की मासिक रिपोर्ट संस्था-वार प्रस्तुत करने एवं प्रत्येक संस्था को विकासखंडवार मैप कर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कलेक्टर ने नर्सिंग होम एक्ट के अंतर्गत पंजीकृत सभी निजी चिकित्सालयों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही नर्सिंग होम एक्ट अंतर्गत सभी मानकों का पालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए कहा गया। साथ ही कहा कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।

     कलेक्टर श्री व्यास ने बिना अनुज्ञापन संचालित हो रहे क्लीनिकों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध रूप से संचालित मेडिकल संस्थानों की सूची खंड चिकित्सा अधिकारियों के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी प्रत्येक माह की 5 तारीख तक अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश बैठक में दिए गए। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधार, पारदर्शिता एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।

  • नीमगांव बना जल संरक्षण की मिसाल: रोहित व्यास के मार्गदर्शन में ‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान को मिली गति—ग्रामीणों ने लिया हर बूंद बचाने का संकल्प, गांव में शुरू हुआ जनआंदोलन

    नीमगांव बना जल संरक्षण की मिसाल: रोहित व्यास के मार्गदर्शन में ‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान को मिली गति—ग्रामीणों ने लिया हर बूंद बचाने का संकल्प, गांव में शुरू हुआ जनआंदोलन

    नीमगांव ने लिया संकल्प : शुरू हुई जल संरक्षण की सार्थक पहल

    जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक कुमार के निर्देशन में मोर गांव मोर पानी महाअभियान और जल जागृति जशपुर के तहत जल संकट की बढ़ती चुनौती को ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण और संवर्धन हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे है।

     इसी तारतम्य में जशपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत नीमगांव के ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से जल संरक्षण का संकल्प लिया है। ग्राम पंचायत, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के सहयोग से गांव में जल संरक्षण की एक व्यापक पहल की शुरुआत की गई है।

    इस अभियान के अंतर्गत वर्षा जल संचयन, पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण, तालाबों एवं कुओं की सफाई, 5% जल संरक्षण मॉडल तथा नए सोख्ता गड्ढों के निर्माण जैसे कार्य किए जा रहे हैं, सभी हैंड पंपों में सोखता गड्ढा निर्माण, नालियों की सफाई, रिचार्ज पिट, रैन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण कर ग्रामीणों को जल के महत्व के प्रति जागरूक करने और वर्षा जल के संरक्षण हेतु प्रेरित किया जा रहा है।

    ग्राम पंचायत के सरपंच ने बताया कि “जल ही जीवन है, और इसके संरक्षण के बिना भविष्य की कल्पना संभव नहीं है। हम सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया है कि जल की एक-एक बूंद को बचाएंगे और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखेंगे। ग्राम पंचायत में जल संरक्षण हेतु सभी मिलकर प्रयासरत है, बारिश के पानी को सहेज के रखना हमारी जिम्मेदारी है।

    इस पहल में युवाओं, महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। विद्यालयों में भी विद्यार्थियों को जल संरक्षण के प्रति प्रेरित किया जा रहा है, जिससे यह अभियान एक जन आंदोलन का रूप ले रहा है।

    ग्राम पंचायत ने सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे जल का विवेकपूर्ण उपयोग करें और इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

    यह पहल न केवल नीमगांव को जल संकट से बचाने में सहायक होगी, बल्कि अन्य गांवों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत बनेगी। नीमगांव में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जशपुर, जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन, सहायक परियोजना अधिकारी मनरेगा, तकनीकी सहायक, बी पी एम एन आर एल एम, विकासखंड समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन, सरपंच, सचिव, स्व सहायता समूह की महिलाएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।

  • Breaking : जशपुर में पशुओं की रहस्यमयी मौतों से मचा हड़कंप ; पेट फूलने और खून बहने जैसे लक्षणों से बढ़ी दहशत, प्रशासन ने ‘सर्वोच्च प्राथमिकता’ पर जांच के दिए सख्त निर्देश

    Breaking : जशपुर में पशुओं की रहस्यमयी मौतों से मचा हड़कंप ; पेट फूलने और खून बहने जैसे लक्षणों से बढ़ी दहशत, प्रशासन ने ‘सर्वोच्च प्राथमिकता’ पर जांच के दिए सख्त निर्देश

    जशपुर में पशुओं की रहस्यमयी मौतों से हड़कंप: जांच के लिए प्रशासन अलर्ट, टीम गठित कर सैंपल संग्रह के निर्देश

    जशपुर : जिले में पशुओं की संदिग्ध मौतों के मामले ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। जशपुर में लगातार सामने आ रहे मामलों को गंभीरता से लेते हुए पशु चिकित्सा विभाग ने तत्काल प्रभाव से जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

    कार्यालय उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं द्वारा जारी आदेश के अनुसार विकासखंड कुनकुरी के अंतर्गत ग्राम रजौती, कलिया और कुरकुंगा में पशुओं के पेट फूलने तथा मृत्यु के बाद नाक से रक्तस्राव जैसे लक्षण सामने आए हैं। अब तक ऐसे तीन मामले दर्ज हो चुके हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

    तत्काल जांच और सैंपल संग्रह के निर्देश

    विभाग ने वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारियों की टीम गठित कर संबंधित गांवों में मौके पर पहुंचकर मृत पशुओं की जांच, नमूना संग्रह और संभावित कारणों का पता लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, विस्तृत जांच रिपोर्ट 16 अप्रैल 2026 तक अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने को कहा गया है।

    सर्वोच्च प्राथमिकता” के साथ कार्रवाई

    आदेश में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि इस पूरे मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ लिया जाए। जिला पशु रोग अन्वेषण प्रयोगशाला की उपस्थिति में सैंपल एकत्र कर वैज्ञानिक तरीके से परीक्षण कराया जाएगा, ताकि बीमारी या किसी अन्य कारण का सही पता लगाया जा सके।

    बीमारी या संक्रमण की आशंका

    पशुओं में दिखाई दे रहे लक्षणों को देखते हुए किसी संक्रामक रोग या विषाक्तता की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। यही वजह है कि प्रशासन कोई भी जोखिम लेने के मूड में नहीं है और त्वरित जांच के माध्यम से स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है।

    ग्रामीणों में चिंता, प्रशासन की अपील

    लगातार हो रही पशु मौतों से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने पशुपालकों से अपील की है कि वे किसी भी असामान्य लक्षण या घटना की तुरंत सूचना नजदीकी पशु चिकित्सा केंद्र को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

  • महतारी वंदन योजना से सशक्त हुई मंजू भगत: हर महीने ₹1000 की सहायता ने बदली जिंदगी, घर के खर्च से बच्चों की पढ़ाई तक—आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की नई मिसाल

    महतारी वंदन योजना से सशक्त हुई मंजू भगत: हर महीने ₹1000 की सहायता ने बदली जिंदगी, घर के खर्च से बच्चों की पढ़ाई तक—आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की नई मिसाल

    मंजू भगत के जीवन में महतारी वंदन योजना से बढ़ा आत्मविश्वास, घर के जरूरी सामग्री खरीदने में करती है खर्च

    जशपुर : महतारी वंदन योजना ने ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के जीवन में बेहतर परिवर्तन लाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को प्रति माह 1000 रुपए की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। ग्राम पंचायत जोकारी की श्रीमती मंजू भगत भी इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं।

    वे बताती हैं कि प्राप्त राशि से उनके परिवार के दैनिक खर्चों में सहायता मिलती है। वे किराना सामग्री खरीदने, बच्चों की शिक्षा में सहयोग, तथा स्वयं के छोटे-मोटे आवश्यक खर्चों पर उपयोग करती हैं। योजना से मिली आर्थिक सुरक्षा ने उनके परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिससे उनके जीवन में आत्मविश्वास बढ़ा है।

  • मनरेगा से बदली तस्वीर: डबरी बनी किसान मधुसूदन की स्थायी आय का मजबूत आधार, जल संरक्षण के साथ हर साल 2.2 लाख तक की कमाई—जशपुर में 480 डबरी निर्माण से सैकड़ों किसानों को लाभ

    मनरेगा से बदली तस्वीर: डबरी बनी किसान मधुसूदन की स्थायी आय का मजबूत आधार, जल संरक्षण के साथ हर साल 2.2 लाख तक की कमाई—जशपुर में 480 डबरी निर्माण से सैकड़ों किसानों को लाभ

    डबरी बना मधुसूदन के स्थायी आजीविका का आधार

    जशपुर जिले में जल संरक्षण और संवर्धन को दिया जा रहा बढ़ावा

    480 आजीविका डबरी किया गया निर्माण

    जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर में जल संरक्षण और संवर्धन के लिए बेहतर कार्य किए जा रहे हैं। किसानों को खेती करने के लिए पर्याप्त पानी मिले इसके लिए भी सार्थक प्रयास किया जा रहा है। किसानों के खेतों में आजीविका के लिए डबरी निर्माण भी किया गया है।

    इससे न केवल जल संरक्षण एवं जल संवर्धन को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि किसानों को सिंचाई की सुविधा भी उपलब्ध हो रही है। डबरी निर्माण के बाद नियमित आय प्राप्त कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे है। जिससे डबरी आजीविका का स्थाई साधन बन गया है।

    इसी क्रम में विकासखंड बगीचा अंतर्गत ग्राम पंचायत कुदमुरा निवासी मधुसूदन पिता भादो द्वारा अपनी कृषि भूमि पर डबरी का निर्माण कर लगभग 220000 हजार रूपये की अतिरिक्त वार्षिक आमदनी प्रतिवर्ष अर्जित कर रहा है। मधुसुदन को ग्राम पंचायत बैठक से जानकारी मिला कि मनरेगा योजना अंतर्गत छोटे किसानों की निजी भूमि पर आजीविका डबरी का निर्माण किया जाता है। योजना की जानकारी मिलने पर उन्होने अपनी कृषि भूमि में डबरी का निर्माण का निर्णय लिया एवं मनरेगा योजनान्तर्गत उस के खेत में 2.85 लाख रूपये की लागत से डबरी स्वीकृत हुआ और कार्य शीघ्र प्रारंभ किया गया। डबरी निर्माण कार्य के दौरान 52 जाब कार्डधारी परिवारों के 271 श्रमिकों को रोजगार मिला जिससे कुल 1565 मानव दिवस का सृजन हुआ।

    मनरेगा से बदला किसान का जीवन

    डबरी निर्माण के पश्चात मधुसूदन ने डबरी से लगे हुए लगभग 80 डिसमिल जमीन में उद्यानिकी फसलों के रूप में टमाटर, फूल गोभी, मिर्च आदि का खेती कर इससे लगभग 150000 की आमदनी प्राप्त कर रहे हैं। साथ ही इनके द्वारा डबरी में मछली पालन के लिये मछली बीज का संचयन कर मछली पालन से प्रतिवर्ष लगभग 70000 हजार रूपए की अतिरिक्त आय हुआ। आजीविका डबरी ने मधुसूदन के लिये आय का स्थाई एवं मजबूत आधार तैयार किया है। उनकी यह सफलता क्षेत्र के अन्य किसानों के लिये प्रेरणा स्त्रोत है जो मनरेगा योजना के माध्यम से अपनी आजीविका सुदृढ़ कर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा सकते है।

     उल्लेखनीय है कि मनरेगा योजना से जिले में 480 आजीविका डबरी का निर्माण किया गया है। डबरी निर्माण का उद्देश्य जल संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देना, भूमिगत जल स्तर में वृद्धि करना, खेती के लिए सिंचाई की व्यस्था करना,आजीविका हेतु पौध रोपण, मत्स्य पालन को बढ़ावा देना और किसानों को बागवानी गतिविधियों में जोड़ना है।