Category: राजनीति

  • केन्द्र की अडानी परस्त नीति के विरोध में देश भर में कांग्रेस का प्रदर्शन : रायपुर अंबेडकर चौक में धरने के बाद कांग्रेस करेगी राजभवन के लिए मार्च.

    केन्द्र की अडानी परस्त नीति के विरोध में देश भर में कांग्रेस का प्रदर्शन : रायपुर अंबेडकर चौक में धरने के बाद कांग्रेस करेगी राजभवन के लिए मार्च.

    प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम शामिल होंगे राजभवन मार्च में.

    समदर्शी न्यूज ब्यूरो, रायपुर

    रायपुर : केन्द्र की अडानी परस्ती वाली नीति के विरोध में कांग्रेस देशभर में प्रदर्शन और राजभवन मार्च करेगी। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अंबेडकर चौक में धरने के बाद कांग्रेसजन राजभवन जाकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के ब्लाक से लेकर प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारी शामिल होंगे।

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा सरकार की अडानी के पक्ष में कोनी कैपिटलिज्म नीति के कारण देश का नुकसान हो रहा है। गहरे आर्थिक संकट के समय भाजपा की मोदी सरकार देश के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को अडानी समूह को बेच रही है और एसबीआई व एलआईसी जैसी सार्वजनिक संस्थाओं को अडानी समूह में निवेश करने को मजबूर कर रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के भारतीयों की करोड़ो की बचत जोखिम में है, जिसके खिलाफ देशभर में कांग्रेस पार्टी द्वारा चरणबध्द आंदोलन चलाया जा रहा है।

    इसी कड़ी में 13 मार्च 2023 को सुबह 11 बजे अम्बेडकर चौक, रायपुर में प्रदेश कांग्रेस द्वारा राजभवन मार्च का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, एआईसीसी के प्रदेश प्रभारी सचिव द्वय डॉ. चंदन यादव, सप्तगिरी शंकर उल्का, संयुक्त सचिव विजय जांगिड़ सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेतागण विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

  • 15 मार्च को सच का सामना करने तैयार रहे कांग्रेस सरकार : भूपेश जी ! झूठ शास्त्र से काम नहीं चलेगा, गरीबों का आवास दें – विजय शर्मा

    15 मार्च को सच का सामना करने तैयार रहे कांग्रेस सरकार : भूपेश जी ! झूठ शास्त्र से काम नहीं चलेगा, गरीबों का आवास दें – विजय शर्मा

    झूठ पर झूठ, झूठ पर झूठ, अब नहीं चलने वाला – भाजपा

    समदर्शी न्यूज ब्यूरो, रायपुर

    रायपुर : छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा महामंत्री व मोर आवास-मोर अधिकार अभियान के संयोजक विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भाजपा की चुनौती स्वीकार करने को कहा है कि प्रधानमंत्री आवास निर्माण के संदर्भ में झूठ बोलने से पहले अपने पूर्व पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव से खुली बहस कर लें, जिन्होंने आठ लाख आवास नहीं बना पाने के कारण अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि बाकी खुली बहस करने के लिए हम 15 मार्च को हितग्राहियों के साथ विधान सभा आ ही रहे हैं

    प्रदेश भाजपा महामंत्री व ‘मोर आवास मोर अधिकार’ अभियान के संयोजक विजय शर्मा

    प्रदेश भाजपा महामंत्री व ‘मोर आवास मोर अधिकार’ अभियान के संयोजक विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री से कहा कि झूठ के पुलिंदे पर बनी सरकार, हर बात पर झूठ बोले, यह उचित नहीं है। मुख्यमंत्री सदन में झूठ बोल रहे हैं। सदन के बाहर भी झूठ बोल रहे हैं। कांग्रेस मीडिया विभाग के लोग बिना तथ्यों के उनके सुर में सुर मिला रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना की स्थिति आपको देखना है, तो प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण की वेबसाइट पर मिल जाएगा। सारी जानकारियां वर्ष वार एंट्री हैं और यह कोई आज की नहीं हैं, पुरानी हैं। मुख्यमंत्री तथ्यों को झुठला रहे हैं, यह ठीक नहीं है। भाजपा उन्हें सच्चाई पर परदा नहीं डालने देगी।

    सभी समझ रहे हैं कि भूपेश बघेल सवा चार साल से सिर्फ झूठ बोलकर सरकार चला रहे हैं। किया धरा कुछ नहीं है, उनकी सरकार धराशाई होने वाली है तो अब प्रधानमंत्री आवास पर झूठ बोल रहे हैं। गरीब आवासहीनों को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का झूठ नहीं, उनका अधिकार, उनका आवास चाहिए। भाजपा गरीबों के साथ खड़ी है। भूपेश बघेल गरीब को उसका हक नहीं दे रहे। लेकिन भाजपा इस गरीब विरोधी सरकार को ही सड़क पर ला देगी और गरीब को उसका अधिकार देगी।

  • अडानी समूह के फर्जीवाडे को संरक्षण देने का मोदी सरकार पर कांग्रेस ने लगाया आरोप : मोदी, अडानी समूह के आर्थिक घपलेबाजी की जांच से घबरा क्यों रहे है ? – मोहन मरकाम

    अडानी समूह के फर्जीवाडे को संरक्षण देने का मोदी सरकार पर कांग्रेस ने लगाया आरोप : मोदी, अडानी समूह के आर्थिक घपलेबाजी की जांच से घबरा क्यों रहे है ? – मोहन मरकाम

    बाजार पर निगरानी रखने की जिम्मेदारी “सेबी“ की होती है, लेकिन मोदी सरकार के दबाव में सेबी भी मौन है।

    समदर्शी न्यूज ब्यूरो, रायपुर

    रायपुर : कांग्रेस ने अडानी समूह के फर्जीवाड़े और धोखाधड़ी के संरक्षण का आरोप केन्द्र की मोदी सरकार पर लगाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि मोदी सरकार के अडानी परस्ती वाली नीति के कारण ही अडानी समूह इतना बड़ा घोटाला करने में कामयाब रहा। जिसमें देश की सबसे विश्वसनीय वित्तीय संस्थायेँ एलआईसी और एसबीआई की शाखा भी खतरे में पड़ गयी है। देशव्यापी मांग और संसद में विपक्षी दल द्वारा लगातार किये गये मांग के बावजूद मोदी सरकार अडानी समूह की घपले बाजी की जांच करवाने को तैयार नहीं है। आखिर प्रधानमंत्री मोदी और केन्द्र सरकार अडानी समूह के आर्थिक घपले बाजी की जांच से घबरा क्यों रहे है ? उन्हें जांच से किसका चेहरा बेनकाब होने का डर सता रहा है ?

    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि हिंडेनबर्ग खुलासे का लंबा समय बीत जाने के बावजूद अब तक ना कोई एफआईआर, ना किसी भी तरह की जांच का आदेश ? आखिर मोदी सरकार मौन क्यों है ? हिंडनर्बग के रिपोर्ट में उजागर आर्थिक अनियमितता, मनी लांड्रिंग, ब्लैक मनी और विदेशों में फर्जी सेल कंपनियां बनाकर किए जा रहे हैं फर्जीवाड़े पर भाजपा और मोदी सरकार भी भागीदार है। अडानी से भाजपा को सपोर्ट मिलता है, चुनाव लड़ने के लिए पैसा मिलता है और इसीलिए अडानी को बचाने उसके फर्जीवाड़े पर मोदी सरकार पर्दा डाल रही है।

    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि देश की जनता को यह जानने का अधिकार है कि आखिर सरकारी बैंकों से अडानी को अनुपातहीन लोन किस के दबाव में दिया गया ? षड्यंत्र उजागर होने के बाद भी एलआईसी का पैसा क्यों दबाव पूर्वक अडानी की कंपनी में लगवाया जा रहा है ? एलआईसी और एसबीआई देश की जनता का भरोसा है, जिसे षडयंत्र पूर्वक व्यक्तिगत लाभ के लिए अपने पूंजीपति मित्र पर लुटाया जा रहा है। लाखों करोड़ के मनी लांड्रिंग, ब्लैकमनी, विदेशों में फर्जी सेल कंपनी बनाकर अडानी की कंपनी में लगाने के तथ्य उजागर हुए हैं। बाजार में निगरानी रखने की जिम्मेदारी सेबी“ की होती है, लेकिन मोदी सरकार के दबाव में सेबी भी मौन है।

  • राहुल गांधी के नाम से आवेदन से भाजपा के फर्जीवाड़े का हुआ भंडाफोड़ : भाजपा कूटरचित आवेदन के आधार पर फर्जी आंकड़े कर रही है जारी – प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर

    राहुल गांधी के नाम से आवेदन से भाजपा के फर्जीवाड़े का हुआ भंडाफोड़ : भाजपा कूटरचित आवेदन के आधार पर फर्जी आंकड़े कर रही है जारी – प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर

    भाजपा बना रही पीएम आवास के फर्जी आवेदन, दर्ज हो 420 का मामला

    समदर्शी न्यूज ब्यूरो, रायपुर

    रायपुर : प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा है कि भाजपा नेता के द्वारा राहुल गांधी के नाम से जमीन आबंटित कराने दिए गए आवेदन से भाजपा के फर्जीवाड़ा का भंडाफोड़ हो गया है। भाजपा नेताओं के द्वारा प्रधानमंत्री आवास के नाम से की जा रही ओछी और धोखाधड़ी की राजनीति जनता के बीच उजागर हो गई है। पीएम आवास के वास्तविक हितग्राही नहीं बल्कि भाजपा के नेता हितग्राहियों के नाम से फर्जी आवेदन-पत्र तैयार कर गोलमाल कर रहे हैं, राज्य सरकार पर झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं।

    प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार भाजपा नेताओं के द्वारा बनाई जा रही हितग्राहियों के नाम से पीएम आवास के फर्जी आवेदन की जांच करे और प्रदेश के भोले-भाले मासूम जनता को भाजपा नेताओं के घपलेबाजी से बचाये। भाजपा नेताओं के फर्जीवाड़े पर 420 का मामला दर्ज करें।

    प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि किसी भी सरकारी योजना के लाभ के लिए हितग्राहियों को स्वयं आवेदन करना होता है और भाजपा के नेता हितग्राहियों के नाम से फर्जी पत्र तैयार कर सरकारी योजना में चपत लगाने में जुटे है। वैसे भी भाजपा के नेताओं को इस प्रकार से फर्जी और मैनिपुलेटेड दस्तावेज तैयार करने की शिक्षा दी जाती है।

    प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता को भाजपा नेताओं के इस घपलेबाजी से सावधान रहना चाहिए। भाजपा अपनी डूबती राजनीति को बचाने जनता के नाम से पीएम आवास का झूठा आवेदन तैयार कर रही है। जनता सावधान रहें किसी भी भाजपा नेता को अपने निजी दस्तावेज ना दें, उस दस्तावेज का दुरुपयोग भाजपा के नेता कर सकते हैं, जैसा अभी राहुल गांधी के नाम से सरकारी जमीन के आवंटन के लिए भाजपा नेता ने आवेदन किया है और सरकारी जमीन पर घोटाला करने की साजिश रची है। जिला प्रशासन उक्त आवेदनकर्ता के खिलाफ जांच करे और कड़ी कार्यवाही करें।

  • कांग्रेस की सरकार बनने के बाद राज्य की कानून व्यवस्था हुई है सुदृढ़, नारायण चंदेल अपने दुष्कर्म के आरोपी पुत्र को करायेँ सरेंडर – कांग्रेस

    कांग्रेस की सरकार बनने के बाद राज्य की कानून व्यवस्था हुई है सुदृढ़, नारायण चंदेल अपने दुष्कर्म के आरोपी पुत्र को करायेँ सरेंडर – कांग्रेस

    भारतीय जनता पार्टी के नेता अनर्गल बयानबाजी कर छत्तीसगढ़ को बदनाम करने नित नसाजिश रच रहे हैं

    समदर्शी न्यूज ब्यूरो, रायपुर

    रायपुर : नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल द्वारा प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बयान दिये जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष खुद कानून तोड़ने वाले और आरोपी को संरक्षण दिये हुये है। वे किस नैतिकता से कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रहे है ? नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के पुत्र के ऊपर एक अनुसूचित जनजाति की महिला के साथ दुराचार का आरोप बेहद ही गंभीर मामला है। नेता प्रतिपक्ष चंदेल के पुत्र के खिलाफ थाने में एफआईआर भी दर्ज है। ऐसे में नेता प्रतिपक्ष अपने पुत्र को खुद थाने में समर्पण कराये और कानून की मदद करें। समाज के हर जागरूक नागरिक को अपराध के खिलाफ आगे आकर पुलिस और प्रशासन की मदद करनी चाहिये। नेता प्रतिपक्ष अपने पुत्र को बचाने में अपने पद के दायित्वों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति ईमानदारी नहीं बरत रहे है।

    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा आपराधिक घटनाओं के आधार पर राजनीति करना बंद करें। वे भाजपा के 15 सालों के जंगल राज को याद करें, जब अपराध होने के बाद भी अपराधी बेलगाम होकर सरे आम घूमते थे, पुलिस उन्हें पकड़ नहीं पाती थी। अब छत्तीसगढ़ बदल चुका है। राज्य में मजबूत कानून व्यवस्था है। कानून व्यवस्था से लेकर हर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ अब भाजपा शासित देश के दूसरे राज्यों से बहुत बेहतर है। अपराधी यहां बच कर नहीं निकल सकते। नेता प्रतिपक्ष अपनी पार्टी के पंद्रह साल और कांग्रेस के चार साल में आपराधिक मामले के एनसीआरबी के आंकड़े देख सकते हैं कि तब राज्य में क्या स्थिति थी और अब क्या है।

    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पूर्व की रमन सरकार अपराध को नियंत्रित करने में असफल रही। भाजपा नेताओं के संरक्षण में तस्करी करने वाले, अवैध कार्य करने वाले अपराधी फलते-फूलते रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार बनने के बाद कानून मजबूती से जनता को सुरक्षा प्रदान कर रहा हैं। अपराधियों में कानून का ख़ौफ़ दिख रहा है।

    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़ें राज्य में अपराध नियंत्रण की गवाही दे रहे है, वर्तमान में भूपेश बघेल सरकार में हत्या, लूट, डकैती जैसे गंभीर अपराधों में लगातार गिरावट आ रही है। बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराध में 47% प्रतिशत और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में 58% प्रतिशत की कमी आई है। नक्सल घटनाओं में 80 प्रतिशत और नक्सल हमलों में शहादत में 76% प्रतिशत की कमी एक बड़ी उपलब्धि है। मुद्दों के दिवालियापन से जूझ रहे भारतीय जनता पार्टी के नेता अनर्गल बयानबाजी कर छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ियों को बदनाम करने नित नए साजिश रच रहे हैं। छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता इसी तरह से झूठ, भ्रम और गलत बयानी करके अपनी विश्वसनीयता खोते जा रहे हैं।

  • अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जशपुर भाजपा महिला मोर्चा के सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा केन्द्र सरकार की योजनाओं का लाभ छत्तीसगढ़ की जनता को मिलने से रोक रही प्रदेश सरकार

    अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जशपुर भाजपा महिला मोर्चा के सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा केन्द्र सरकार की योजनाओं का लाभ छत्तीसगढ़ की जनता को मिलने से रोक रही प्रदेश सरकार

    छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार कर रही, महिलाओं का रोजगार छीन कर उद्योगपतियों को सौंपा – गोमती साय

    समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, कुनकुरी/जशपुर

    अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम कण्डोरा में जशपुर जिला भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा एक सम्मेलन का आयोजन किया गया। महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से आयोजित हुए इस कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं का सम्मान सुषमा स्वराज अवार्ड से किया गया। कांग्रेस सरकार की वादा खिलाफी के बीच जशपुर क्षेत्र की महिलाओं की सुरक्षा सवालो के घेरे में है और अनाचार की शिकार हो रही महिलाओं की कोई सुध लेने वाला नही है।

    कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष शालिनी राजपूत के साथ छत्तीसगढ़ प्रभारी सरला कोसरिया, महामंत्री विभा अवस्थी, सांसद गोमती साय, पूर्व केन्द्रीय मंत्री विष्णुदेव साय, नंद कुमार साय, कृष्ण कुमार राय, प्रियंवदा सिंह जूदेव, रायमुनी भगत जिला पंचायत अध्यक्ष, ममता कश्यप जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रजनी प्रधान, उमा देवी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला पंचायत सदस्य रीना बरला, श्रीमती कौशल्या साय, भाजपा जशपुर जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, उपाध्यक्ष भरत सिंह आदि के साथ भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता सम्मिलित रहे।

    कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस की सरकार द्वारा किये गये कार्यो को समझकर तुलना करे आप स्वयं जान पायेंगें की कौन सी सरकार हमारी हितैषी है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने हमारे पक्के मकान के सपने को जो केन्द्र सरकार की योजना है हम तक पहूंचने नही दिया है। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ छत्तीसगढ़ की जनता को मिलने से वंचित करने वाली सरकार को आगामी चुनाव में जवाब देना है। केन्द्र सरकार की योजनाओं को प्रदेश की भ्रष्ट कांग्रेस सरकार आम जन तक पहूंचने नही दे रही है। हाल ही मे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने छः सूत्रीय मांगों के लिये आंदोलन किया जिस पर भी जारी हुए बजट में किसी प्रकार का लाभ नही दिया है। आगामी चुनाव में भाजपा की सरकार बनाने की अपील की।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद गोमती साय ने कहा कि महिलाओं के सम्मान के बिना कोई शुभ कार्य प्रारंभ नही होता है। इस कार्यक्रम में भी महिला बहनें सभी ग्रामीण क्षेत्रों से आई है। क्षेत्र की महिलाओं में काफी प्रतिभा है। हमें अपनी शक्ति को सहेज कर रखना है। प्रधानमंत्री ने देश की महिलाओं को काफी सम्मान दिया है। देश की अर्थव्यवस्था को भी महिला ने ही संभाल रखा है। देश के अनेक क्षेत्रों में महिलाएं अपनी सेवाएं दे रही है। आदिवासियों का मान सम्मान का सबसे बड़ा उदाहरण है आज देश के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति के पद पर एक महिला द्रौपदी मूर्मु का होना है। मजदूरी से लेकर देश के संचालन तक में महिलाओं का हाथ है। केन्द्र सरकार के द्वारा महिलाओं के लिये लागू किये गये कानूनों के बारे में भी जानकारी देते हुए बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं के बारे में बताया। देश की बेटियां देश का नाम रौशन कर रही है। लेकिन छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार कर रही है। महिलाओं का रोजगार छीन कर उद्योगपतियों को सौंप दी है। ऐसी सरकार को आगामी चुनाव में उखाड़ फेंकना है।

  • प्रदेश की कानून व्यवस्था : थाने में मिल रही दरोगा की लाश, जनता किसके भरोसे रहे – नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल

    प्रदेश की कानून व्यवस्था : थाने में मिल रही दरोगा की लाश, जनता किसके भरोसे रहे – नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल

    भूपेश ने छत्तीसगढ़ को बना दिया अपराधगढ़ – भाजपा

    समदर्शी न्यूज ब्यूरो, रायपुर

    रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने थाने में एक पुलिस अधिकारी की लाश संदिग्ध अवस्था में पाए जाने पर प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए कहा है कि जब थाने में पुलिस अफसर की संदिग्ध लाश मिलने लगे तो आम जनता की सुरक्षा की स्थिति क्या होगी ? यह कोई भी समझ सकता है। कांग्रेस के राज में प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर हो गई है।

    नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि कोरबा जिले के बांगो थाना में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह परिहार की लाश संदिग्ध अवस्था में थाने के अंदर प्राप्त हुई है। यह जीवंत प्रमाण है कि छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था की स्थिति कैसी है। छत्तीसगढ़ में पुलिस वाले ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी की सुरक्षा की कल्पना कैसे की जा सकती है ?

    नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल

    नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए। जांच में जो भी दोषी पाये जाएं, उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। आज वहां थाना बंद हो गया है। भय का माहौल है, पूरे प्रदेश में दहशत और आक्रोश का वातावरण है, यह सरकार के लिए चुनौती है।

    नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि भाजपा लगातार भूपेश बघेल सरकार को कानून व्यवस्था के प्रति उसकी जिम्मेदारी के लिए आगाह कर रही है, लेकिन कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ को अपराध और अपराधियों के हवाले कर दिया। संगठित अपराध हो रहे हैं, आम जनता का जीना मुहाल है, अब तो हालात यह हैं कि पुलिस वाले तक थाने के भीतर सुराक्षित नहीं हैं। थाने में उनकी लाश मिल रही है, कांग्रेस ने आखिर छत्तीसगढ़ को अपराधगढ़ बना ही दिया।

  • भारतीय जनता पार्टी की पत्रवार्ता : पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल व पूर्व मंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत नें कहा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सदन में और जनता से मिथ्या भाषण करते है

    भारतीय जनता पार्टी की पत्रवार्ता : पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल व पूर्व मंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत नें कहा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सदन में और जनता से मिथ्या भाषण करते है

    प्रधानमंत्री आवास योजना में 4 साल की प्रगति, केंद्रीय प्रयास, राज्य के व्यवधान पर भूपेश सरकार श्वेत पत्र जारी करे

    शहरी आवासहीनों को भूपेश सरकार में 3.25 लाख रुपये देना पड़ रहा है जबकि भाजपा सरकार में ये मात्र 75 हज़ार हुआ करता था

    समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, रायपुर

    वरिष्ठ भाजपा नेता ने प्रधानमंत्री आवास मुद्दे पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से सवाल पूछा है कि मुख्यमंत्री बने भूपेश बघेल जी को आज 4.5 साल हो गए हैं। उन्होंने 61 हजार करोड़ कर्ज का बोझ जनता के सिर पर रख दिया है,बावजूद राज्य में मूलभूत सुविधाओं का अभाव क्यों है? प्रदेश की कांग्रेस सरकार  लोगों को न छत दे रही है ना पीने के लिए स्वच्छ जल की व्यवस्था कर रही है। सरकार ने आखिर इन कर्ज के पैसों का किया क्या है यह बड़ा गंभीर सवाल है? क्या कांग्रेस की सरकार छत्तीसगढ़ीयों के नाम पर कर्ज लेकर कांग्रेस पार्टी को घी पिला रही है? अगर ऐसा नहीं है तो गांव गरीब का विकास क्यों नहीं दिखता?

    प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूरे देश के राज्यों में गरीबों को पक्का मकान मिल रहा है। परंतु कांग्रेस शोषित आदिवासी, दलित, पिछड़ा वर्ग बाहुल्य छत्तीसगढ़ एक ऐसा राज्य है जहां के गरीब पक्के छत के लिए तरस रहा है।प्रधानमंत्री होने के नाते नरेंद्र मोदी ने अपने हिस्से का आर्थिक योगदान राज्य को दे रहे है परंतु भूपेश बघेल की सरकार उदासीन बनी हुई है।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सदन में 2011 जनगणना के आंकड़े की बात कह कर अपनी जिम्मेदारी से बचना चाहते हैं। हम तो कहते हैं आपके पूर्व पंचायत मंत्री के इस्तीफे में उल्लेखित 8 लाख आवासहीनो को छत दे दो बाकी जो सर्वे आप कराओ उन्हें देते रहना। परंतु इस बात पर भूपेश बघेल बगले झांकने लगते हैं। उनकी कांग्रेस के लिए इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या होगा कि प्रधानमंत्री आवास के तहत गरीबों को मकान ना मिल पाने से दुखी मंत्री ने अपने पंचायत मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।

    भारतीय जनता पार्टी के  पूर्व मंत्री, वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल व पूर्व मंत्री व भाजपा प्रवक्ता राजेश मूणत ने पत्रवार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ की जनता को गुमराह कर अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं। वे कितनी भी कोशिश करें, भारतीय जनता पार्टी उन्हें बेनकाब करने से पीछे हटने वाली नहीं है। भूपेश बघेल गरीबों का आवास छीनकर बैठे हैं और आवास योजना में हिस्सेदारी करने की बजाय निराधार बातें करते हैं।

    भाजपा नेताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कुल 20 लाख आवासहीन परिवार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से सवाल कर रहे हैं कि-

    1. प्रधानमंत्री आवास योजना का लक्ष्य पूरा करने के प्रयास क्यों नहीं किये गए?

    2. भाजपा सरकार ने 7.5 लाख आवास बना दिये थे। इसके बाद कांग्रेस ने अब तक कितने आवास बनाये, स्पष्ट और सत्य जानकारी क्यों नहीं दे रहे?

    3. नए सर्वे का शिगूफा क्यों?

    4. क्या भूपेश बघेल नई आवास योजना बना रहे हैं?

    5. अब 9 माह के कार्यकाल में कितने आवासहीन परिवारों को आवास मिलेगा, क्या गारंटी है?

    6. पंचायत, ग्रामीण विकास मंत्री सिंहदेव ने इस्तीफा क्यों दिया?

    7. सिंहदेव जी ने अपने इस्तीफे में जिन आठ लाख परिवार को आवास न देने का जिक्र किया था। भूपेश जी उन्हें पहले मकान आवंटन प्रारंभ क्यों नहीं कर रहे हैं।

    8. नए भारसाधक मंत्री ने आवास निर्माण के लिए अब तक क्या कदम उठाए?

    9. आवास योजना के केंद्र के 10 हजार करोड़ से छत्तीसगढ़ को वंचित करने का अपराधी कौन है?

    10. प्रधानमंत्री आवास योजना में 4 साल की प्रगति, केंद्रीय प्रयास, राज्य के व्यवधान पर भूपेश सरकार श्वेत पत्र जारी करे।

    भाजपा नेताओं ने योजना के बारे में बताया कि दो तरह की आवास योजनाएं चलाई जा रही हैं। (1) ग्रामीण और (2) शहरी। ग्रामीण आवास योजना दो सूची पर आधारित है। इसमें केंद्र का अंश 60 प्रतिशत तथा राज्य की 40 फीसदी भागीदारी निर्धारित की गई है। छत्तीसगढ़ में 2011 के सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण के आधार पर 7,81,999 नए आवास दिये जाने हैं। जिसे स्वीकार करने पूर्व तथा वर्तमान केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंग तोमर  तथा गिरिराज सिंग  ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र लिखा है। देश में सिर्फ़ छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल ही ऐसे राज्य हैं, जहां 2011 की सूची पूर्ण नहीं हुई है।

    भाजपा नेताओं ने कहा कि 2016 की आवास हीनों की जो सूची है, उसे आवास प्लस कहते हैं। इसमें छत्तीसगढ़ में लगभग 8 लाख लोगों के नाम है। जो कांग्रेस शासनकाल में नहीं बने हैं।

    भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास शहरी  योजना प्रदेश में तीन भिन्न नामों से संचालित है –

    मोर ज़मीन – मोर मकान

    -जिनके पास स्वयं या पट्टे की ज़मीन हो।                                

    मोर मकान – मोर चिन्हारी

    झुग्गी बस्तियों में समूह में आवास बना कर दिया जाता है। 

    मोर मकान – मोर आस

    -चिन्हारी के अंतर्गत समूह में बने आवास को किराये पर रहने वाले आवास हीनों को दिया जा रहा है।                                                            

    शहरी आवास हेतु  तीनों तरह के हितग्राही आवेदन करके या औपचारिकता पूर्ण करके प्रतीक्षारत हैं।  चिन्हारी योजना हेतु सरकार रुचि नहीं ले रही।

     “आस योजना” में छत्तीसगढ़ सरकार केंद्र की राशि का उपयोग कर रही है और हितग्राहियों से शेष राशि वसूल रही है। जबकि इसमें चिन्हारी योजना के अनुरूप 2.5 लाख का अनुदान देना चाहिए। भाजपा सरकार में हितग्राहियों को ये आवास 75 हज़ार में दिया जाता था और वह पैसे भी फाइनेंस हो जाते थे।

    भाजपा नेताओं ने कहा कि भाजपा ने “मोर आवास मोर अधिकार आंदोलन” चलाकर आवासहीनों की आवाज़ बुलंद की है। हम 8000 से अधिक पंचायतों तक पहुँचे हैं। 9 लाख परिवारों से मिलने पर 7 लाख से अधिक आवेदन एकत्रित हुए हैं।जिन्हें 15 मार्च को मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा।

    भाजपा नेताओं ने कहा किमुख्यमंत्री ने बजट भाषण में कहा कि अब तक 8,42,289 आवास पूर्ण हुए हैं  जबकि सत्य यह है कि दिसम्बर 2018 में भूपेश सरकार बनी तब तक  भाजपा शासन के 3 वर्षों में – 7,56,765 आवास स्वीकृत हो चुके थे तथा निर्मित भी लगभग हो चुके थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सदन में और जनता से मिथ्या भाषण करते है मुख्यमंत्री को ऐसा झूठ शोभा नहीं देता।

    मुख्यमंत्री के बजट भाषण मे बताया कि 3238 करोड़ इस योजना हेतु बजट में व्यवस्था की  गयी है सत्यता यह है कि इसमें से 40 प्रतिशत अर्थात् 1295 करोड़ मात्र ही प्रदेश सरकार द्वारा दिया जा रहा है शेष 60 फीसदी केंद्र सरकार का हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने राज्य के बजट में प्रधानमंत्री आवास शहरी हेतु कोई चर्चा नहीं की है जबकि शहरी क्षेत्रों में कोई पूर्व निर्धारित सूची नहीं है और कोई लिमिट भी नहीं है।अतः नगरीय निकाय द्वारा किए गये प्रस्ताव के सभी हितग्राही पात्र माने जाते हैं।

    शहरों में प्रधानमंत्री आवास तीन नामों से संचालित है और इन तीनों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों का जो प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है उसमें पूरे प्रदेश से  लगभग 4 लाख से अधिक आवासहीन प्रतीक्षा सूची  में है और “मोर मकान मोर आस” योजना के अंतर्गत किराए से निवासरत आवासहीनों को 3.25 लाख रुपये देना पड़ रहा है जबकि भाजपा सरकार में ये 75 हज़ार हुआ करता था। इस योजना में केंद्र सरकार की राशि लगी हुई है परंतु राज्यांश नहीं दिया जा रहा है।

    भाजपा नेताओं ने कहा कि भूपेश बघेल जाते जाते भी झूठ बोलकर गरीबों की आह ले रहे हैं। उनकी सरकार अंतिम सांसें ले रही है।  वे कम से कम अब तो प्रायश्चित कर लें। गरीब को छत नहीं दे पाए, इसके लिए माफी मांग लें। लेकिन वे अब भी राजनीतिक बाजीगरी दिखा रहे हैं तो उनकी मुक्ति नामुमकिन है।

    भाजपा नेताओं ने कहा कि भूपेश सरकार यह बताएं कि बी.एस.यू.पी. के कितने मकान बने है । उसमें कितने अवैध कब्जा धारी बैठे है। कितने लोगों को मकान अलॉट हुआ। इसकी सूची भी सार्वजनिक होनी चाहिए। इस दौरान पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश सहमीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल उपस्थित थे।

  • आंगनबाड़ी, रसोईया, होमगार्ड एवं कोटवार, पटेल की वेतन में हुई वृद्धि से भाजपा दुखी – धनंजय सिंह ठाकुर

    आंगनबाड़ी, रसोईया, होमगार्ड एवं कोटवार, पटेल की वेतन में हुई वृद्धि से भाजपा दुखी – धनंजय सिंह ठाकुर

    समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, रायपुर

    प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार के द्वारा प्रस्तुत की गई बजट में मानदेय एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की राशि में की गई बढ़ोत्तरी का लाभ प्रदेश के 25 लाख से अधिक परिवारों को मिलेगा। मोदी सरकार की महंगाई से पीड़ित जनता को मानदेय बढ़ाकर राहत देने का काम भूपेश बघेल की सरकार ने किया है। बजट में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओ, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सहायिका, मितानीनों, ग्राम कोटवारों, ग्राम पटेलों, मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम अंतर्गत रसोईयों, विद्यालयों में कार्यरत स्वच्छता कर्मियों, होमगार्ड जवानों के मानदेय में बढ़ोत्तरी की गयी है, स्वावलंबी गोठानों की संचालन समिति के अध्यक्ष एवं अशासकीय सदस्यों को मानदेय दिया जा रहा है, ग्रामीण क्षेत्र एवं सामाजिक सुरक्षा के साथ शिक्षित बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता देने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, छात्रवृत्ति और छात्रावास के विद्यार्थियों को भोजन सहायता योजना की राशि में की गई वृद्धि से भाजपा दुखी है।

    प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने जो कहा सो किया की नीति पर काम कर रही है जिसका लाभ प्रदेश के हर वर्ग को हो रहा जिससे भाजपा दुखी है। भाजपा के द्वारा प्रदेश सरकार के जन कल्याणकारी योजनाओं के खिलाफ दुष्प्रचार, झूठा प्रोपोगंडा चलाया जा रहा था उसका भी पर्दाफाश हो गया। जनता भाजपा नेताओं के चरित्र को समझ गयी, भाजपा नेताओं के बहकावे में नहीं आ रही है, भाजपा के पास 2023 के चुनाव के लिये न तो मुद्दा है, न तो जनसमर्थन है।

    प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा की हालत छत्तीसगढ़ में नाजुक है 2018 के चुनाव में भाजपा 15 सीट में सिमट गई थी और जो हरकत भाजपा के नेता कर रहे हैं प्रदेश सरकार के द्वारा जो जनकल्याणकारी योजनाएं चला रहे हैं उसका विरोध कर भाजपा अब 2023 में 14 सीट बचा ले बड़ी बात होगी।

  • प्रधानमंत्री आवास में भाजपा का झूठ बेनकाब, भूपेश सरकार ने बनाया 13 लाख से अधिक आवास, रमन सरकार ने मात्र 2 लाख 37 हजार आवास बनाया था – सुशील आनंद शुक्ला

    प्रधानमंत्री आवास में भाजपा का झूठ बेनकाब, भूपेश सरकार ने बनाया 13 लाख से अधिक आवास, रमन सरकार ने मात्र 2 लाख 37 हजार आवास बनाया था – सुशील आनंद शुक्ला

    समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, रायपुर

    प्रधानमंत्री आवास को लेकर भाजपा ने एक बार फिर से झूठ बोला है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत सहित भाजपा नेताओं ने पत्रकार वार्ता लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश किया है। भाजपा झूठ बोल रही है कि उसके शासन काल में 769000 आवास पूरे हुये थे, रमन सिंह ने 2018 के अपने अंतिम बजट भाषण में विधानसभा में बताया था उनकी सरकार द्वारा मात्र 2 लाख 37 हजार आवास निर्मित किये गये है। भाजपा के तत्कालीन मुख्यमंत्री का विधानसभा में दिया गया भाषण बृजमोहन और भाजपा के झूठे दावे को बेनकाब करने के लिये पर्याप्त है। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद राज्य में प्रधानमंत्री आवास रिकॉर्ड संख्या में बनाये गये है।

    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राज्य में वर्तमान में कांग्रेस सरकार बनने के बाद प्रदेश में कुल शहरी और ग्रामीण मिलाकर कांग्रेस सरकार बनने के बाद 1,304,000 (तेरह लाख चार हजार) आवास स्वीकृत हुये है। प्रदेश में 10.57 लाख ग्रामीण क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास की मंजूरी हुई जिसमें 8.41 लाख आवास पूर्ण हो चुके है, शेष में कार्य प्रगति पर है। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में लगने वाली राज्यांश का पूर्ण भुगतान किया जा चुका है। इसी प्रकार शहरी क्षेत्र में 2 लाख 69 हजार मकान स्वीकृत हुये। प्रधानमंत्री आवास के शहरी क्षेत्र का ही यदि तुलनात्मक अध्ययन करे तो रमन सिंह सरकार ने 4 साल में शहरी क्षेत्र में मात्र 19,000 मकान बनाये थे तथा भूपेश सरकार ने 4 साल में 247,000 मकान बनाये है। रमन सरकार ने चार साल में मात्र 272 करोड़ रू. का राज्यांश दिया था इसके विपरीत कांग्रेस सरकार ने 4 साल में 2100 करोड़ शहरी आवास में राज्यांश दिया है। मुख्यमंत्री ने बजट में भी प्रधानमंत्री आवास के लिये 3238 करोड़ का प्रावधान किया है।

    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री आवास शहरी के बेहतर क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार को पुरस्कृत कर रही है। भाजपा शासित राज्यों से बेहतर छत्तीसगढ़ को बता रही है। वही भाजपा नेता प्रधानमंत्री आवास नहीं बनाने का झूठा आरोप लगा रही। भाजपा नेताओं को जनता को बताना चाहिए राज्य के लिये स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास योजना को रद्द क्यों किया? छत्तीसगढ़ ही नहीं पूरे देश में प्रधानमंत्री आवास योजना का आबंटन केंद्र सरकार के पास फंड की कमी के चलते रद्द किया गया है। प्रधानमंत्री के गृह राज्य में भी प्रधानमंत्री आवास योजना में मात्र 40 प्रतिशत काम हुये है। मध्यप्रदेश 30 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में स्थिति सबसे ज्यादा खराब है ऐसे में भाजपा नेता मोदी सरकार के नाकामी पर पर्दा डालने झूठे आरोप लगा रहे है।