कलेक्टर ने छुईखदान और खैरागढ़ विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्रों के धान उपार्जन केन्द्रों का किया निरीक्षण

Advertisements
Advertisements

कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र में प्रतिदिन टोकन प्राप्त करने वाले किसानों की सूची चस्पा करने के दिए निर्देश

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,

राजनांदगांव, कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने धान खरीदी प्रारम्भ होने के बाद आज जिले के सुदूर वनाचंल क्षेत्र के धान खरीदी केंद्रों में पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छुईखदान विकाखण्ड के ग्राम साल्हेवारा,पैलीमेटा, कुकुरमुड़ा, झुरानदी, ठाकुरटोला और खैरागढ़ विकासखण्ड के अमलीडीह, अमलीपारा और बढ़ाईटोला के धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री सिन्हा धान खरीदी ने केंद्र में किसानों से रूबरू होकर वहां मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए धान खरीदी केंद्र में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। धान विक्रय में किसी भी किसान को समस्या नहीं होगी। सभी किसानों का धान खरीदा जाएगा। धान खरीदी केंद्र में लगातार बारदाने उपलब्ध कराएं जा रहे हैं। शासन ने किसानों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बारदाने की कीमत को 18 रूपए से बढ़ाकर 25 रूपए  किया है। उन्होंने कहा कि किसान द्वारा लाए बारदाने की राशि का भुगतान धान की राशि के भुगतान के साथ ही किया जाएगा।

कलेक्टर श्री सिन्हा ने धान खरीदी केंद्र में धान की गुणवत्ता, आद्र्रता मापी यंत्र से धान की नमी और कांटा बांट का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। उन्होंने समिति प्रबंधकों को कोचियों और बिचौलियों का धान नहीं खरीदने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केंद्र में प्रतिदिन जिन किसानों का टोकन काटा जा रहा है, उसकी सूची केन्द्र में चस्पा करें। जिससे प्रतिदिन धान विक्रय करने वाले किसानों को जानकारी उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि लघु और सीमांत किसानों का धान प्राथमिकता से खरीदा जाए। धान को बारिश से बचाने के लिए कैप कव्हर की व्यवस्था रखें। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी केंद्र के अंतर्गत आने वाले ग्रामों एवं किसानों की संख्या के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि धान खरीदी लगातार चलती रहे, इसके लिए जल्द ही धान का उठाव किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर धान की अधिक खरीदी हो रही है। उनकी सूची तैयार कर धान उठाव प्रारम्भ करें। इस दौरान कलेक्टर ने किसानों से चर्चा की। धान उपार्जन केंद्र पैलीमेटा में धान बेचने आए ग्राम मोहगांव के  किसान श्री रतन लाल ने बताया कि उनके पास 2 एकड़ खेत है और उन्होंने 11 क्विंटल धान विक्रय किया है। धान उपार्जन केंद्र कुकुरमुड़ा में ग्राम गुमानपुर के किसान श्री रामसिंह ने बताया कि उनके पास 16 एकड़ खेत है और अभी 300 कट्टा धान बेचने लाए हैं। इस अवसर पर महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक श्री सुनील वर्मा, जिला खाद्य अधिकारी श्री भूपेन्द्र मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!