अधिकारी के स्थानांतरण के लिये मंत्री के पत्र में धार्मिक संस्था का उल्लेख करना भारी पड़ रहा कुनकुरी विधायक को: विरोध के स्वर हो रहे मुखर, भाजयुमो ने कुनकुरी में किया पुतला दहन

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, कुनकुरी/जशपुर

कुनकुरी: संसदीय सचिव व कुनकुरी विधायक यूडी मिंज द्वारा मंत्री को प्रेषित पत्र में हिन्दू धार्मिक संस्था पर की गई टिप्पणी को लेकर विधानसभा मुख्यालय कुनकुरी के बस स्टैण्ड में विरोध प्रदर्शन का कार्यक्रम भारतीय जनता युवा मोर्चा के तत्वावधान में आयोजित किया गया जिसमें कुनकुरी विधायक यूडी मिंज का पुतला दहन किया गया और विरोध में नारेबाजी की गई। पुतला दहन को रोकने कुनकुरी थाने का पुलिस बल मौके पर उपस्थित रहा लेकिन प्रदर्शनकारी पुतला जलाने में सफल रहे। इस दौरान पुतले को लेकर प्रदर्शनकारियों एवं पुलिस में छीना झपटी भी हुई।

श्री सर्वेश्वरी समूह द्वारा संचालित सोगडा के अघोरेश्वर आश्रम पर एक शासकीय अधिकारी की पोस्टिंग के मामले में अनर्गल आरोप लगाने के मामले को लेकर पूरे जशपुर जिले सहित प्रदेश के अन्य भागों में भी हिन्दू मतावलम्बियों में आक्रोश व्याप्त है। देश विदेश में प्रसिद्ध इस संस्था पर की गई टिप्पणी से लाखों श्रद्धालुओं की आस्था को चोट पहूंची है और इस विवादित प्रकरण को लेकर आगामी विधानसभा चुनाव में भी पार्टी एवं प्रत्याशी को प्रतिकूल परिणाम का सामना करना पड़ सकता है। जैसे जैसे प्रकरण की जानकारी प्रसारित हो रही है उसके बाद हिन्दू संगठनों में प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है।

भाजयुमो द्वारा किये गये इस विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन में पूर्व विधायक रोहित साय, दीपक शर्मा, भाजयूमो मण्डल अध्यक्ष अमित मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष अमन शर्मा, कोषाध्यक्ष नितेश पारीक, तरूण डनसेना, बसंत यादव, बसंत रारा, बॉबी ताम्रकार, आकाश बाजपेयी, मनोज ठाकुर, मयंक सहाय, रंजीत सोनी, अमन वर्मा, अविनाश, किसान मोर्चा प्रवक्ता संकेत साय, प्रणव जैन, मोहित बंग, दुर्गोश यादव, मुकेश जैन, विक्की ताम्रकार आदि उपस्थित रहे।

Related posts

Comments are closed.