वृंदावन गौठान ग्रामीण औद्योगिक पार्क के रूप में हो रहा विकसित : प्रदीप शर्मा विशेष सलाहकार

Advertisements
Advertisements

गौठान में उत्पादित सामग्री को पौनी-पसारी योजना में शामिल  करते हुए विक्रय के लिए स्थान उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

बाड़ी में फसलों की देखभाल के संबंध में दी जानकारी, महिला स्वसहायता समूह द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों की प्रशंसा की

मुख्यमंत्री के विशेष सलाहकार प्रदीप शर्मा ने ग्राम अंजोरा के वृंदावन गौठान का किया निरीक्षण

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,

राजनांदगांव, मुख्यमंत्री के विशेष सलाहकार प्रदीप शर्मा ने आज राजनांदगांव विकासखंड स्थित ग्राम अंजोरा के वृंदावन गौठान का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां वर्मी कम्पोस्ट, मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजनांतर्गत वृक्षारोपण, मशरूम शेड, मछली पालन, सामुदायिक बाड़ी में गेंदा, पपीता, अमरूद की खेती तथा बाड़ी में साग-सब्जी के फसल का अवलोकन किया। श्री प्रदीप शर्मा ने कहा कि अंजोरा का वृंदावन गौठान सुन्दर गौठान है। इस गौठान को ग्रामीण औद्योगिक पार्क के रूप में विकसित करना है। गौठान को आधारभूत संरचना से नागरिक कार्य योजना में परिवर्तित करना है। इसके लिए गौठानों में विभिन्न गतिविधियां कराई जाए। गौठान में रामायण मंडली के कार्यक्रम, क्रिकेट, बॉलीबाल, जन्मदिवस, पूजा जैसे विभिन्न आयोजन होना चाहिए। जितनी अधिक गतिविधियां कराई जाएगी, गौठान उतना ही सफल होगा। उन्होंने गौठान में स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रसंशा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए गौठान एक ट्रेनिंग सेंटर के रूप में स्थापित किया गया है। महिलाएं यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर घर में कार्य कर सकती हैं। गौठान में महिलाओं द्वारा मशरूम उत्पादन, बांस की विभिन्न कलाकृति का निर्माण, सब्जी एवं फल उत्पादन की विधियां जैसे विभिन्न कार्यों का प्रशिक्षण प्राप्त कर घर में ही छोटी-छोटी यूनिट के रूप में उत्पादन का कार्य कर सकते हंै। इन उत्पादों को घर में बनाने के बाद गौठान में संग्रहण कर विक्रय करें।

विशेष सलाहकार प्रदीप शर्मा ने गौठान का निरीक्षण करते हुए कहा कि मवेशियों के लिए पर्याप्त मात्रा में पैरादान कराएं। उन्होंने गांव में उपलब्ध बैलों की जानकारी लेते हुए, गांव के 30 बैलों के लिए 15 बैलगाड़ी देने की बात कही। पशुपालन विभाग को  बैल ट्रेनिंग के लिए बैल प्रशिक्षण केन्द्र बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां डबरी निर्माण कर इसके किनारे केले के पेड़ लगाने कहा। इस दौरान उन्होंने महिला स्वसहायता समूह शेड और मशरूम शेड का निरीक्षण किया। स्वसहायता समूह शेड में महिलाओं द्वारा बांस की विभिन्न कलाकृतियां बनाई जा रही थी। श्री शर्मा ने कला कृतियों की प्रशंसा की। उन्होंने उत्पाद सामग्री के विक्रय की जानकारी लेते हुए कहा कि इसके विक्रय के लिए महिलाओं को स्थान उपलब्ध कराएं। उन्होंने पौनी-पसारी योजना अंतर्गत जोडऩे के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि मशरूम का उत्पादन किया जा रहा है। प्रतिदिन 3-4 किलो मशरूम उत्पादन होता है। 200 रूपए प्रतिकिलो में इसका विक्रय करते है।

विशेष सलाहकार श्री प्रदीप शर्मा ने बाड़ी का निरीक्षण किया। पौधे को बीमारियों से बचाने के लिए विशेष देखरेख करें। फंगस से बचाने के लिए गौमूत्र से बने कीटनाशक का छिड़काव करें। फसलों के उत्पादन के लिए स्वसहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने स्वसमायता समूह की महिलाओं को सब्जी तोडऩे के तरीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पपीते के बीच में फल्ली के पौधे और बैगन के बीच में गेंदे के पौधे लगाएं, साथ ही राहर का बीज लगाएं। इस दौरान उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गोबर खरीदी लगातार चलती रहे। सभी वर्मी टांके में वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण होना चाहिए। उन्होंने गौठान से खेल मैदान में जाने के लिए गेट बनाने के निर्देश दिए।

छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महामंडेलश्वर राजेश्री डॉ. महंत रामसुंदर दास ने कहा कि अंजोरा के वृंदावन गौठान में बहुत ही अच्छा कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा अनुरूप नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी छत्तीसगढ़ की चार चिन्हारी वृंदावन गौठान में प्रत्यक्ष रूप से दिखाई दे रहा है। गौठान का नाम वृंदावन रखकर इस गौठान को वास्तव में मूर्तरूप दिया गया है। गौठान में बहुआयामी गतिविधियां होनी चाहिए। मछली पालन, वृक्षारोपण, वर्मी कम्पोस्ट निर्माण, चारागाह, मशरूम उत्पादन जैसे विभिन्न कार्य हो रहे हैं। गौठान के साथ-साथ घर में भी यह कार्य होनी चाहिए। गौठान में गाय के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य किया जा रहा है। शासन ने योजना के तहत गौठान निर्माण किया है। अब स्थानीय स्तर पर नागरिकों को गौठान में विभिन्न गतिविधियां कर सफल करना है। जन्मदिवस, पुण्यतिथि, त्यौहार सहित विभिन्न आयोजन गौठानों में होना चाहिए। सीईओ जिला पंचायत लोकेश चंद्राकर ने बताया कि गौठान में विभिन्न आर्थिक गतिविधियां प्रारंभ की गई है। ग्रामीण औद्योगिक पार्क के रूप में विकसित करने के लिए कार्य किए जा रहे है। ग्रामीण आजीविका के रूप में विकसित करने का कार्य किया जा रहा है। महिलाओं के विभिन्न गतिविधियों के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष मन्ना यादव, जनपद पंचायत सीईओ ओझा, उप संचालक कृषि जीएस धु्रर्वे सहित अन्य अधिकारी एवं स्वसहायता समूह की महिलाएं व ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!