कुनकुरी नगर पंचायत क्षेत्र में दूर होगी पेयजल समस्या :  48 करोड़ की जल आवर्द्धन योजना को मिली स्वीकृति, विधायक यू.डी. मिंज ने किया भूमि-पूजन.

Advertisements
Advertisements

नये वाटर सप्लाई सिस्टम से आने वाले 30 वर्षों तक कुनकुरी में नहीं होगी पेयजल की समस्या – यू.डी.मिंज

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, कुनकुरी/जशपुर

कुनकुरी : नगर पंचायत क्षेत्र कुनकुरी के करीब 20 हजार की आबादी में पेयजल संकट की समस्या अब दूर होती नजर आ रही है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत नगर में 48 करोड़ की लागत से जल आवर्द्धन योजना को मंजूरी देते हुए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। जिसका टेंडर भी लग चूका है विधायक यू. डी. मिंज की मांग पर  नगरीय प्रशासन विभाग ने स्वीकृति दे दी है जिसका भूमि-पूजन गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में किया गया। विधायक यू. डी. मिंज ने इस विशेष सौगात के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव डहरिया को नगरवासियों की ओर से धन्यवाद दिया है.

कुनकुरी नगर की जल प्रदाय व्यवस्था वर्षों पुरानी होने के कारण वर्तमान में नगर पंचायत क्षेत्र में नियमित एवं पर्याप्त जल प्रदाय किया जाना संभव नहीं हो पा रहा था। गर्मी शुरू होते ही नगर में पानी की किल्लत शुरू होने लगती थी। वर्तमान में पंचायत समय से बनी व्यवस्था ईब नदी ढोढ़ीडांड से पेयजल आपूर्ति की जा रहीं थी, लेकिन इसके माध्यम से सही से आपूर्ति नहीं हो पा रहीं थी। वर्तमान में ढोढ़ीबहर ईब नदी से पेयजल आवर्द्धन योजना के लिए 48 करोड़ की नई स्वीकृति विधायक ने कराई है, जिससे कि लोगों को राहत मिल सके। इस जल आवर्द्धन योजना के लगभग एक वर्ष में पूर्ण होने के बाद नगर पंचायत कुनकुरी के नागरिकों को आगामी तीन दशकों तक पेयजल सुविधापूर्वक पर्याप्त मात्रा में मिलता रहेगा।

पांच स्थलों पर बनेगा ओवरहेड टैंक

नगर पंचायत एल्डरमेन आशीष सत्पथी ने बताया कि कई वार्ड में पेयजल की गंभीर समस्या है। इस बात को ध्यान रखते हुए इस योजना के अंतर्गत 5 पानी टंकी का निर्माण किया जाएगा। जिससे नगर के सभी 15 वार्डो में लोगों को भरपूर पानी मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि नगर के वार्ड क्रमांक एक से वार्ड क्रमांक पंद्रह तक पाइप लाइन का विस्तार भी किया जाएगा।

जल आवर्द्धन योजना के भूमि-पूजन समारोह में विधायक यू.डी.मिंज ने कहा कि इस योजना के पूर्ण होने से सभी घरों में पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित होगी और विशेष रूप से हमारी बहनों को इसका लाभ मिलेगा। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अजेम टोप्पो, उपाध्यक्ष जगदीश आपट, बृजलाल राणा, लालदेव राम, उर्मिला लकड़ा, दीपक केरकेट्टा, रुखसाना बानो, मा अंजुम, सीएमओ पुष्पा खलखो, दिलीप जैन एल्डर मैन, आशीष कुमार सत्पथी एल्डरमेन, पार्षदगण एवं कांग्रेस कार्यकर्तओं सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!