चीफ ऑफ डिफेंस जनरल बीपिन रावत का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति – भाजपा

प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी, सह प्रभारी नितिन नबीन, भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित भाजपा परिवार ने जनरल बिपिन रावत सहित सभी दिवंगतों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,

रायपुर, भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने हेलीकॉप्टर हादसे में भारतीय सेना के चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत व उनकी धर्मपत्नी मधुलिका रावत समेत हेलीकॉप्टर में सवार 14 में से 13 जवानों के आकस्मिक देहावसान पर गहन दु:ख व्यक्त किया है। श्रीमती पुरंदेश्वरी ने उनके निधन को देश की अपूरणीय क्षति बताया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय सेना में अदम्य ऊर्जा के स्रोत के तौर पर उनकी सेवाओं को यह देश कभी नहीं भूलेगा। श्री साय ने उन्हें अपनी श्रद्धांजलि देते हुए रावत-परिवार के प्रति अपनी गहन संवेदना व्यक्त की है। भाजपा प्रदेश सह प्रभारी व बिहार के लोक निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि हादसे में जनरल रावत, उनकी धर्मपत्नी समेत लेना के जवानों के हम सबसे सदा के लिए बिछड़ने से देश को मर्मांतक पीड़ा हुई है। उनके मार्गदर्शन की भारतीय सेना को अत्यंत आवश्यकता थी।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद डॉ. सरोज पांडेय, अजजा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद रामविचार नेताम, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय समेत प्रदेश भाजपा-परिवार ने भी जनरल रावत समेत हादसे में सभी दिवंगतों के प्रति गहन शोक व्यक्त कर अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Related posts