बिलासपुर में संभाग स्तरीय कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री हुए शामिल : छत्तीसगढ़ की 11 सीटें जीतकर मोदी जी को दें उपहार – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

Advertisements
Advertisements

समदर्शी न्यूज़, बिलासपुर : भाजपा का संभाग स्तरीय कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह आज पुलिस परेड मैदान बिलासपुर में संपन्न हुआ । समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे। सबने भाजपा के सभी जिलों के जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष सहित कार्यकर्ताओं का पुष्प वर्षा से अभिनंदन किया। इस अवसर पर बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के पथरिया मंडल के अंतर्गत विभिन्न ग्रामों के जोगी कांग्रेस व कांग्रेस के लगभग दो दर्जन कार्यकर्ताओं ने भाजपा में प्रवेश किया ।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा की प्रभारी ओम माथुर के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में भाजपा की जीत हुई है। 46% से ज्यादा वोट बीजेपी को विधानसभा चुनाव में प्राप्त हुए हैं। समाज के सभी वर्गों का सहयोग हमें मिला है।  उन्होंने कहा कि अभी सरकार को एक महीने भी पूरे नहीं हुए हैं और हमने मोदी जी की गारंटी के बड़े वादों को पूरा कर लिया है।  उन्होंने कहा कि राज्य कैबिनेट की प्रथम बैठक में 18 लाख गरीब लोगों को आवास स्वीकृत किया है।  हमने 2 साल का बकाया बोनस भी अटल जी की जयंती पर किसानों को दिया। राज्य के 12 लाख से ज्यादा किसानों को 3716 करोड़ से ज्यादा का बोनस उनके खाते में अंतरित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ पीएससी ने पिछले साल हमारे मेहनतकश बेटे- बेटियों के साथ खिलवाड़ किया था। इसकी सीबीआई जांच की अनुशंसा हमने कर दी है।

उन्होंने महतारी वंदन योजना के अंतर्गत भी जल्द ही एक हजार रुपए विवाहित महिलाओं के खाते में डाले जाने की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 3100 के भाव में धान का दाम मिलेगा ।यह राशि किसानों को एक मुश्त मिलेगी। श्री साय ने कहा कि मोदी की गारंटी के एक-एक वादे हम अपने कार्यकाल में पूरा करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सभी 11 सीटों को जीतकर मोदी के प्रति आभार व्यक्त करने की अपील की।

छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने सभी कार्यकर्ताओं को प्रणाम करते हुए कहा कि जब मैं पहली बार प्रभार मिलने के बाद छत्तीसगढ़ आया तो लोग कहते थे कि मध्य प्रदेश और राजस्थान में तो सरकार बन सकती है लेकिन छत्तीसगढ़ में नहीं, लेकिन जब मैंने राज्य का दौरा किया, कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली तो सरकार के प्रति इतना गुस्सा था कि मुझे विश्वास हो गया कि सरकार बना लूंगा। श्री माथुर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटें जीतनी हैं। आगे 3 महीने तक हम ना सोएंगे, ना बैठेंगे, ना विश्राम करेंगे, काम करेंगे ताकि मोदी जी की सरकार केंद्र में फिर बन सके। पूरी दुनिया मोदी को मानने लगी है।

 भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा जिस तरह आप लोग निष्ठा पूर्वक दिन-रात एक कर राज्य में सरकार लाये हैं इसी तरह काम कर हमें मोदी जी को जिताना है। हम जनता से डबल इंजन की सरकार की बात कह कर सत्ता में आए हैं और यह तभी संभव होगा जब हम अपने यहां से सभी 11 सीटें जीत कर मोदी जी के नेतृत्व फिर से केंद्र में सरकार बनाएंगे।

समारोह को उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं अरुण साव ने भी संबोधित किया। अरुण साव ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से हमें छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक जीत मिली है । आपने बहुत संघर्ष किया उत्पीड़न झेला, लाठी खाई तभी सरकार बन पाई है। सत्ता हमारे लिए लोगों की सेवा का एक जरिया भर है। हम जनता का काम करते रहेंगे।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि लोकसभा में ग्यारह सीटें जीतकर छत्तीसगढ़ से मोदी जी को उपहार देना है। हमें इसके लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। आप सभी की कड़ी मेहनत का नतीजा हमें विधानसभा चुनावों में दिखा है।

कार्यकर्ता सम्मेलन में आज अभूतपूर्व उत्साह छलक रहा था। बड़े नेताओं के जोश से भरे भाषणों से कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव के लिए भी पूरी तरह से रिचार्ज लग रहे थे। विधानसभा चुनावों में हुई बड़ी जीत से कार्यकर्ता बहुत उत्साह से भरे हुए हैं।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!