कुनकुरी व्यापारी संघ द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में सम्मिलित होने पहूंचे प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय…..नागरिकों को लगाया रंग-गुलाल दी पर्व की शुभकामनाएं……

Advertisements
Advertisements

समदर्शी न्यूज़, कुनकुरी : नगर के शिव मंदिर परिसर में व्यापारी संघ कुनकुरी के तत्वावधान में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मुख्यमंत्री व कुनकुरी विधायक विष्णुदेव साय सम्मिलित हुए। होलिका दहन की सायं आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री श्री साय ने नागरिकों को होली पर्व की शुभकामनाएं देने के साथ रंग लगाकर पर्व भी मनाया।

होली मिलन समारोह में विशिष्ठ अतिथि के रूप में पत्थलगांव विधायक गोमती साय, राम प्रताप सिंह, कृष्ण कुमार राय, विजय आदित्य सिंह जूदेव, भाजपा संगठन एवं सनातन धर्म समिति के वरिष्ठ सदस्य पाली राम अग्रवाल, विश्वनाथ सिंह, शिवबालक साव, ईश्वर अग्रवाल, घनश्याम अग्रवाल, भरत सिंह, उपेन्द्र यादव के साथ व्यापारी संगठन के संरक्षक गजेन्द्र जैन, रामअवतार बजाज आदि के साथ नगर के गणमान्य नागरिक सम्मिलित हुए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गृह जिले के दो दिवसीय प्रवास पर है। प्रथम दिन रविवार को दोपहर में जशपुर में आयोजित होली मिलन समारोह में सम्मिलित होने के उपरांत सायं को कुनकुरी नगर में व्यापारी संघ द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में सम्मिलित होने पहूंचे थे। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होने कहा कि होली का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है। आपस में मन के द्वेश को मिटाकर गले लगाने के इस पर्व पर सभी नगरवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

श्री साय ने अपने संबोधन में विगत दिनों पूर्ण हुए छत्तीसगढ़ शासन के तीन माह पर सभी का आभार व्यक्त किया और तीन माह में मोदी की गारंटी में पूर्ण हुए कार्यो की जानकारी दी। प्रदेश के साथ साथ अपने गृह जिले के विकास के लिये किये जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया और भविष्य में साय सरकार को विकास के लिये याद किया जायेगा ऐसे विकास के आयाम स्थापित करने का संकल्प भी लिया। अपने मुख्यमंत्री के इस कार्यकाल में प्रदेश को विकाश के क्रम में प्रथम स्थान पर पहूंचाने की मंशा भी बताई।

कार्यक्रम स्थल पर आगमन के उपरांत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने होलिका दहन के स्थान पर पूजा अर्चना की। जिसके उपरांत मंदिर परिसर स्थित भगवान शिव व भगवान जगन्नाथ के मंदिरों में जाकर पूजा अर्चना की। समारोह स्थल पर सभी नागरिकों का अभिनंदन किया। नागरिकों ने भी मुख्यमंत्री श्री साय का स्वागत करने के साथ रंग-गुलाल भी लगाया। श्री साय ने भी नागरिकों को रंग लगाकर उनका अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में स्वागत संबोधन सनातन धर्म समिति के अध्यक्ष कैलाश नाथ गुप्ता ने दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन नीरज गुप्ता द्वारा किया गया। समारोह के अंत में आभार प्रदर्शन व्यापारी संघ के अध्यक्ष मुरारी अग्रवाल द्वारा किया गया। होली मिलन समारोह के आयोजन में मुख्य रूप से व्यापारी संघ के सचिव मनीष हेडा के साथ व्यपारी संघ के पदाधिकारी व सनातन धर्म समिति के सदस्यों का सक्रिय योगदान रहा।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!