स्टॉफ नर्स की नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाली महिला को चक्रधरनगर पुलिस ने रायपुर से किया गिरफ्तार……आरोपिया के दो बैंक अकाउंट किये गए सीज….धोखाधड़ी के अपराध में भेजा गया न्यायिक रिमांड पर.

समदर्शी न्यूज़ – रायगढ़ : रायगढ़ की पांच महिलाओं को स्टॉफ नर्स की नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाली महिला को चक्रधरनगर पुलिस द्वारा रायपुर के अमलीडीह क्षेत्र में दबिश देकर गिरफ्तार किया गया है, जिसे आज धोखाधड़ी के अपराध में न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

धोखाधड़ी को लेकर पंजरीप्लांट में रहने वाली बीना पटेल द्वारा 9 अप्रैल को थाना चक्रधरनगर में आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कर बताई थी कि वर्तमान में मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में कलेक्टर दर पर स्टॉफ नर्स का काम कर रही है। इसके परिचित महिला से इसकी मुलाकात शोभना दास निवासी रायपुर से परिचय हुआ। शोभना एम्स रायपुर में नौकरी करना बताकर इसकी नौकरी एम्स रायपुर में स्टॉफ नर्स की नौकरी लगने की बात बोली और जिसके लिये डेढ़ लाख रुपए की मांग की। बीना पटेल जनवरी 2024 में अपने खाते से 25,000/- रूपये शोभना के खाते में ट्रांसफर की थी, बाद में बीना पटेल को पता चला कि शोभना दास ने जान परिचय के चंदारानी तिर्की, गुरमनिया बेक, अमिया तिर्की, महिमा पाव से नौकरी लगाने के नाम पर 4,53,000/- रूपये की ठगी की है और उन्हें रूपये वापस नहीं की है। तब यह शोभना से अपना पैसा वापस मांगी तो शोभना टालमटोल करने लगी। 09 अप्रैल को बीना पटेल द्वारा थाना चक्रधरनगर में कार्यवाही के लिये आवेदन दिये जाने पर थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक प्रशांत राव आहेर द्वारा आरोपिया पर अपराध क्रमांक 183/2024 धारा 420 आईपीसी के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

थाना प्रभारी द्वारा द्वारा संपूर्ण घटनाक्रम की जानकारी से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया, जिनके मार्गदर्शन पर कल सहायक उपनिरीक्षक नंद कुमार सारथी के हमराह स्टॉफ आरोपिया की पतासाजी/गिरफ्तारी के लिए रायपुर भेजा गया। चक्रधरनगर पुलिस की टीम आरोपिया के ससुराल खमतराई इलाके में दबिश दी, जहां आरोपिया नहीं मिली। पुलिस टीम द्वारा स्थानीय सूत्रों से आरोपिया का पता लगाया गया और देर रात न्यू राजेन्द्रनगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह से आरोपिया शोभना दास को हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया गया।

पूछताछ में आरोपिया द्वारा बीना पटेल सहित रायगढ़ की 5 महिलाओं को स्टॉफ नर्स की नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करना स्वीकार की है। इसके पहले भी आरोपिया रायपुर की लड़कियों को स्टॉफ नर्स की नौकरी का झांसा दी थी, जिसमें खमतराई पुलिस आरोपिया को चालान कर जेल भेजा गया था। आरोपिया ने ठगी के रकम को अपने खर्च और उधारी लेन-देन में चुकाना बताई है। चक्रधरनगर पुलिस द्वारा आरोपिया के दो बैंक अकाउंट को सीज किया गया तथा आरोपिया शोभना दास पति सुमित दास 38 साल अमलीडीह रायपुर को धोखाधड़ी की अपराध में न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश मरकाम एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री आकाश शुक्ला के मार्गदर्शन पर संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक प्रशांत राव आहेर, सहायक उपनिरीक्षक नंद कुमार सारथी, प्रधान आरक्षक हेम प्रकाश सोन, महिला आरक्षक अनीता बेक सम्मिलित थी।

Related posts