मुख्यमंत्री श्री बघेल पुलिस जवानों के साथ नव वर्ष मिलन कार्यक्रम में हुये शामिल, नक्सल क्षेत्र में लोगों को भरोसा हुआ कि पुलिस उनकी मित्र है: भूपेश बघेल

Advertisements
Advertisements

छत्तीसगढ़ के किसानों और जवानों की हो रही जय-जयकार, पुलिस ने नक्सलियों की मांद में कैंप खोलकर उनके हौसले किये पस्त

मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा के लिये ’अभिव्यक्ति’ एप किया लॉन्च

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,

रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज राजधानी रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड में पुलिस जवानों के साथ नव वर्ष कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुये कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य में किसानों और जवानों दोनों की जय-जयकार हो रही है। पिछले दो वर्ष सभी लोग कोरोना संकट से जूझते रहे, मैं उम्मीद करता हूं कि आने वाला वर्ष सभी के लिये आरोग्यता और समृद्धि लेकर आये। उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड में हमारे जवान रातभर गश्त करते हैं, तब हम सब चैन की नींद सो पाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे संतोष है कि नक्सल क्षेत्र में हमारी पुलिस बेहतरीन कार्य कर रही है। नक्सली समस्या केवल कानून-व्यवस्था का मामला नहीं है बल्कि ये राजनैतिक और सामाजिक समस्या भी है। हम नक्सलियों की मांद में जाकर कैंप खोल रहे हैं। अब नक्सलियों के हौसले पस्त होने लगे हैं। अब वहां के वनवासी पुलिस को अपना मित्र मानते हैं। पुलिस कैंपो से बाहर निकलकर लोगों से घुल-मिल रही है। ग्रामीणों की मदद कर रही है। इसलिये वहां नागरिकों को विश्वास होने लगा है कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिये हैं। बस्तर का अधिकांश हिस्सा नक्सलियों से मुक्त हो चुका है। वहां सड़क, पुल, पुलिया एवं अन्य विकास कार्य होने से लोगों को आवागमन की भी सुविधा हो गयी है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में दंतेश्वरी फाईटर्स की कमांडो से उनके अनुभव भी पूछे। डीएसपी आशारानी ने बताया कि पुलिस लोगों को विश्वास में लेकर कार्य कर रही है। उनके सुख-दुख में हम साथ देते हैं। इसलिये कैंपों का लोग विरोध नहीं कर रहे हैं। अभी हाल ही में नहाड़ी गांव में कैंप खोला गया है। वहां हमने नागरिकों को पेयजल उपलब्ध हो सके इसके लिये 20 बोर कराये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोगों द्वारा उनके लिये जो विकास कार्य किये जा रहे हैं, उसे नागरिक समझने लगे हैं इसलिये आपका साथ दे रहे हैं। कोरबा जिला बल के कॉन्सटेबल संदीप पांडे ने मुख्यमंत्री से कहा कि आपके निर्देश पर साप्ताहिक अवकाश मिलना शुरू हो गया है। आपके निर्देश पर कोरबा पुलिस ने सबसे पहले जनदर्शन शुरू कर लोगों की समस्याओं का समाधान करना शुरू कर दिया है। हमारे जिले में आपकी मंशानुरूप ’खाकी के रंग स्कूल के संग’ कार्यक्रम चलाकर युवाओं को पुलिस से जोड़ा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों की आज पूरे देश में प्रशंसा हो रही है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को अपशब्द कहने वाले को हमारी पुलिस तत्काल पकड़कर ले आयी। भारत सरकार द्वारा भी लगातार छत्तीसगढ़ पुलिस को पुरस्कार प्राप्त हो रहे हैं। अभी हाल ही में एनसीआरबी द्वारा छत्तीसगढ़ पुलिस को बेहतर कार्य के लिये देश में दूसरा स्थान मिला है।

मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा के लिये ’अभिव्यक्ति’ एप लॉन्च किया- मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने महिला सुरक्षा हेतु छत्तीसगढ़ पुलिस के अभिव्यक्ति एप को लॉन्च किया। इस एप के जरिये महिलाएं आपात स्थिति में पुलिस की तत्काल मदद ले सकेंगी। आपात स्थिति में संकट में फंसी महिला द्वारा एसओएस ;ैव्ै) पर क्लिक करते ही डायल 112 की टीम  महिला की लोकेशन पर पहुंचकर मदद उपलब्ध करायेगी। वर्तमान में ये सुविधा डायल 112 के जरिये रायपुर, राजनांदगांव, कबीरधाम, महासमुंद, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर, सरगुजा, एवं जगदलपुर में उपलब्ध है। एप के जरिये पीड़ित महिला कहीं से भी अपनी शिकायत दर्ज करा पाएंगी। एप में महिलाओं की सुरक्षा हेतु टिप्स भी उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने देशभक्ति गीत का किया आग्रह – मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम में पुलिस जवानों से देशभक्ति गीत गुनगुनाने को कहा। मुख्यमंत्री के आग्रह पर हेड कांस्टेबल अभय गनौडकर ने ’भारत का रहने वाला हूं भारत की बात सुनाता हूं’, गीत प्रस्तुत किया। अन्य सभी जवानों की देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति पर मुख्यमंत्री ने ताली बजाकर जवानों का मनोबल बढ़ाया।

गृहमंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने संबोधित करते हुये कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ पुलिस ने विगत तीन वर्षों में बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। नक्सली गतिविधियां काफी कम हो गयी हैं। चिटफंड पीड़ितों को 11 करोड़ से अधिक राशि वापस मिल चुकी है। पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश मिलने लगा है। पुलिस में लगातार भर्ती  हो रही हैं, समय पर पदोन्नति मिलने लगी है ।

कार्यक्रम में खाद्य मंत्री श्री अमरजीत भगत, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू, पुलिस महानिदेशक श्री अशोक जुनेजा, एडीजी श्री प्रदीप गुप्ता, जनसंपर्क आयुक्त श्री दीपांशु काबरा, आईजी रायपुर डॉ आनंद छावड़ा, एसएसपी रायपुर श्री प्रशांत अग्रवाल, पुलिस एवं अर्धसैनिक बल के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुये ।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!