सरगुजा पुलिस का अभियान ‘ऑपरेशन विश्वास’ : महिला थाना, थाना लखनपुर एवं थाना धौरपुर पुलिस टीम द्वारा छात्र छात्राओं सहित ग्रामीणों को नवीन क़ानून के प्रति किया गया जागरूक.

समदर्शी न्यूज़ अंबिकापुर, 13 जुलाई 2024 | सरगुजा पुलिस द्वारा अभियान ‘ऑपरेशन विश्वास’ के अंतर्गत नवीन कानूनों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने एवं छात्र-छात्राओं को विधिक अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों से अवगत कराने हेतु महिला थाना-लखनपुर एवं थाना धौरपुर पुलिस टीम द्वारा जागरूकता अभियान के अंतर्गत उर्सुलाइन स्कूल, शासकीय कन्या स्कूल लखनपुर, साप्ताहिक बाजार धौरपुर, ग्राहक सेवा केंद्र, बालक आश्रम पहुंचकर छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों से रूबरू हुए, साथ ही छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को जागरूक करने नाबालिग एवं महिला सम्बन्धी अपराधों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई एवं नवीन क़ानून में प्रदत्त सुविधाओं जीरो-एफआईआर एवं ई-एफआईआर के बारे में भी जानकारी देकर जागरूक किया गया।

पुलिस टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को नवीन कानूनों में नाबालिग एवं महिला सम्बन्धी अपराधों में कड़े प्रावधान होना बताया गया, साथ ही पोक्सो एक्ट, बाल संरक्षण अधिनियम एवं छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा जारी महिला सुरक्षा सम्बन्धी ऐप अभिव्यक्ति ऐप की जानकारी देकर अभिव्यक्ति ऐप उपयोग करने की समझाईस दी गई, साथ ही कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा सम्बन्धी प्रावधान के बारे में जानकारी दी गई।

छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को साइबर अपराध के बारे में जानकारी दी गई एवं ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन करने पर सजग रहने की समझाईश दी गई। किसी भी प्रकार के झांसे/बहकावे में ना आकर साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताये गए, पुलिस टीम द्वारा जागरूकता अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को यातायात के नियमों का पालन करने के साथ-साथ करियर संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।

Related posts