संपन्न हुआ जशपुर विधानसभा का मतदाता अभिनंदन समारोह, रायमुनि भगत ने कहा – कार्यकर्ताओं और मतदाताओं ने तोड़ा कांग्रेस का अभिमान

Advertisements
Advertisements

दिग्गजों ने लोकसभा विधानसभा में जीत दिलाने जताया आभार

समदर्शी न्यूज़ जशपुर, 19 जुलाई 2024/ विधानसभा सीट में भाजपा को मिली जीत पूरी तरह से कार्यकर्ताओं के द्वारा किया गया चमत्कार का परिणाम है। जिस सीट को कांग्रेस अपने लिए पूरी तरह से सुरक्षित मान रही थी,वहां कांग्रेस औधें मुंह गिरी। विधानसभा चुनाव के बाद लोकसभा सीट में कार्यकर्ताओं ने जीत के मार्जिन को बढ़ा कर साबित कर दिया कि भाजपा के कार्यकर्ता,पार्टी के लिए पूरी तरह से समर्पित है। जशपुर की विधायक रायमुनि भगत ने उक्त बातें कही। वे शहर के वशिष्ठ कम्युनिटी हाल में आयोजित मतदाता अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रही थी। इस कार्यक्रम का आयोजन विधानसभा और लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिली जीत के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त करना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के जिलाध्यक्ष ने कहा कि हम कार्यकर्ताओं की ताकत के बूते ही चुनावी मैदान में उतरते हैं। फिर वह चुनाव लोकसभा का हो या फिर विधानसभा का। यही कारण है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व कार्यकर्ताओं का विशेष ध्यान रखने पर जोर देता है। उन्होनें कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर ही इस बार रायगढ़ लोकसभा सीट से 2 लाख 41 हजार के रिकार्ड वोट से जीत हासिल किया है।

रायगढ़ लोकसभा के सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने गांव के एक साधारण व्यक्ति को लोकसभा पहुंचा दिया। उन्होनें कहा कि चुनाव में हार जीत कार्यकर्ता ही तय करते हैं। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जीत पार्टी के कार्यकर्ताओं की जीत है। कार्यकर्ताओं ने घर घर तक पहुंच कर,मतदाताओं को पार्टी के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित किया। मतदाताओं ने भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हाथ मजबूत करने के लिए खुल कर कमल छाप का बटन दबाया। यही कारण है कि रायगढ़ लोकसभा से भाजपा को ऐतेहासिक अंतराल से जीत मिली है।

भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव में जिले के तीनों विधानसभा सीटो पर मिली पराजय को पीछे छोड़ते हुए 2023 के चुनाव में तीनों सीटो पर भाजपा ने जीत का जो परचम लहराया है,वह पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जिले के मतदाताओं का स्नेह का परिणाम है। उन्होनें कहा कि भाजपा में परिवारवाद का कोई स्थान नहीं है। रायगढ़ लोकसभा के सांसद राधेश्याम राठिया एक साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आते हैं। एक कार्यकर्ता के रूप में काम करते हुए उन्हें पंच से सांसद तक का सफर तय करने का मौका मिला। राय ने कहा कि भाजपा अनुशासित पार्टी है। किसी भी चुनाव के दौरान टिकट मांगना कार्यकर्ताओं का अधिकार है। लेकिन शीर्ष स्तर पर टिकट का निर्धारण हो जाने पर,उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करना हम सबकी जिम्मेदारी होती है। विधायक रायमुनि भगत,गोमती साय और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का उदाहरण देते हुए उन्होनें कहा कि जो कार्यकर्ता पार्टी के लिए समर्पित भाव से काम करेगा,उसको निश्चित ही मौका मिलेगा।

 छत्तीसगढ़ औषधी बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रामप्रताप सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का आयोजन कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के मेहनत और समर्पण का अभिनंदन करने के लिए किया गया है। उन्होनें कहा कि पार्टी में आगे बढ़ने के लिए धैर्य रखना आवश्यक है। धैर्यवान कार्यकर्ता सांसद राधेश्याम राठिया की तरह मंडल अध्यक्ष से सांसद तक का सफर पूरा करता है। उन्होनें कहा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी कहा करते थे कि सबसे बड़ा पद कार्यकर्ता का है। इस पद को कोई नहीं छिन सकता है। उन्होनें कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव कार्यकर्ताओं का चुनाव है।

इसमें भी हमें नया इतिहास रचना है

उक्त जानकारी देते हुए जिला मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि अभिनन्दन समारोह में मुख्य रूप से सांसद राधेश्याम राठिया, विद्यायक जशपुर रायमुनी भगत, पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, जिलाध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति भगत, नगरपालिका अध्यक्ष राधेश्याम राम, नरेश नंदे, विक्रमादित्य सिंह जूदेव, शोर्य प्रताप सिंह जूदेव, गोपाल राय, नपा उपाध्यक्ष राजू गुप्ता, सूरेश राम भगत, रजनी प्रधान, शंकर गुप्ता, राजकपूर भगत, देवधन नायक, रूपेश सोनी, शरद चौरसिया, नितिन राय, डीडीसी लालदेव भगत, केशव यादव, मंगलनाथ सिंह, नवल पाठक, संतोष सिंह, संजीव ओझा, प्रभाकर यादव, श्यामलाल भगत, मंगल राम, सलोने मिश्रा, हरिशंकर यादव,  कृपा भगत, विजय सहाय, अरविंद भगत, सज्जु खान, दीपक गुप्ता, राजा सोनी, सुषमा सिंह, प्रतिमा भगत, सावित्री निकुंज, विनोद निकुंज, अभिषेक गुप्ता, शुभम यादव, नीतू गुप्ता, संजय गुप्ता सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता और सैंकड़ों की संख्या में सभी मण्डल से आये मतदाता उपस्थित थे।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!