थाना कसडोल पुलिस द्वारा एक व्यक्ति की हत्या करने वाले दो अपचारी बालक सहित दस आरोपियों को किया गया गिरफ्तार : कार्यवाही कर भेजा गया जेल एवं बाल संप्रेषण गृह.

समदर्शी न्यूज़ बलौदाबाजार-भाटापारा, 10 अगस्त 2024 / प्रकरण के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के ग्राम कटुवाझर में लाठी डंडे, पत्थर आदि से पीट-पीट कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। इस सूचना पर थाना कसडोल से निरीक्षक रितेश मिश्रा, उपनिरीक्षक एस.आर.नायक, प्रधान आरक्षक द्वारिका रात्रे, आरक्षक शिवकुमार लहरी, आरक्षक राजकुमार ध्रुव एवं आरक्षक सुखनंदन खूंटे का पुलिस बल तत्काल घटना स्थल ग्राम कटुवाझर पहुंचा, जहां पर ग्राम के ही मृतक जयनारायण उम्र 42 वर्ष की लाठी डंडे, पत्थर आदि से पीट कर हत्या कर दी गई थी। जिसकी रिपोर्ट पर युवक की हत्या करने वाले आरोपियों के विरुद्ध थाना कसडोल में अपराध धारा 191(2), 191(3), 103(1) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण में घटना-स्थल में मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्य, ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर युवक की हत्या करने वाले ग्राम के ही 10 आरोपियों, जिसमें 02 अपचारी बालक भी शामिल थे, हिरासत में लिया गया।

आरोपियों से पूछताछ करने पर, उनके द्वारा हत्या की घटना कारित करना स्वीकारते हुए बताया गया कि दिनांक 09 अगस्त 2024 को रात्रि लगभग 08:00 बजे गांव के आमगली में ही पुरानी रंजिश एवं वाद-विवाद की बात को लेकर मृतक जय नारायण को गाली-गलौज करते हुए आरोपी शिवनाथ, मिलाराम एवं अन्य लोगों द्वारा एक राय होकर लाठी, डंडा, पत्थर से पीटते हुए मृतक जयनारायण की हत्या कर दिया गया। इस प्रकरण में सभी आरोपियों को आज दिनांक 10 अगस्त 2024 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए जेल एवं बाल संप्रेषण गृह भेजने की प्रक्रिया की गई है।

Related posts