महिला समूहों की वसूली राशि गबन कर फरार हुआ शाखा मैनेजर गिरफ्तार :  धोखाधड़ी के अपराध में भेजा गया रिमांड पर….!

Advertisements
Advertisements

समदर्शी रायगढ़, 15 अगस्त 2024 / क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड की घरघोड़ा शाखा में हुए वित्तीय घोटाले के फरार आरोपी शाखा के केंद्र मैनेजर मुकेश नंदे को घरघोड़ा पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है। वर्ष 2020 में शाखा मैनेजर पर महिला समूहों से वसूली गई बड़ी रकम का गबन करने का आरोप है। इस मामले की शुरुआत प्रार्थी त्रिभुवन रात्रे की शिकायत से हुई, जिसमें उन्होंने बताया कि मुकेश नंदे ने महिला समूहों से वसूली गई राशि को शाखा में जमा न करके धोखाधड़ी की है।

नवंबर 2021 में पुलिस अधीक्षक रायगढ़ को प्रेषित शिकायत की जांच के दौरान यह पाया गया कि मुकेश नंदे ने महिला समूहों से व्यापार और धंधे के लिए दिए गए ऋण की कुल राशि ₹3,01,807 में से ₹2,66,524 की रकम वसूल कर उसे शाखा में जमा नहीं किया। इसके बजाय उन्होंने इस रकम को अपने व्यक्तिगत उपयोग में खर्च कर दिया। शिकायत जांच पर मुकेश नंदे के खिलाफ 29 मार्च 2022 को अपराध क्रमांक – 91/2022 धारा 420 भादवि के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।

विवेचना में पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मुकेश नंदे, घटना के बाद से लगातार फरार था। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी का पता लगाकर उसे हिरासत में लिया। मुकेश नंदे ने पुलिस पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि उन्होंने ₹2,66,513 का उपयोग खाने-पीने और घूमने-फिरने में कर लिया है। उन्होंने केवल ₹1,100 की बची हुई राशि अपने पास रखी थी, जिसे पुलिस ने बरामद किया। इसके साथ ही, पुलिस ने आरोपी के नमूना हस्ताक्षर भी जप्त किए हैं।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!