RAIGARH CRIME : चरित्र शंका में पति ने पत्नी पर किया जानलेवा हमला, तालाब में कूदकर बची जान, आरोपी गिरफ्तार.

समदर्शी न्यूज़ रायगढ़,  26 अगस्त 2024 / थाना कापू क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कदमडोढ़ी (मुडाटिकरा) में कल 25 अगस्त की भोर में पति-पत्नी के बीच गंभीर मारपीट की घटना हुई। घटना में संजय लकड़ा ने अपनी पत्नी मरियम लकड़ा (28 साल) पर चरित्र शंका के चलते सब्जी काटने वाले चाकू से जानलेवा हमला किया। घटना के समय मरियम ने बचाव के लिए तालाब में छलांग लगा दी, आस-पड़ोस के लोग आये तो बाहर निकली और घटना बताई। मरियम ने बताया कि रात्रि अपने पति और चार बच्चों के साथ सोई थी, भोर में करीब 04:00 बजे संजय लकड़ा ने चरित्र शंका पर चाकू से पेट पर हमला किया। मरियम को गंभीर हालत में कापू के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर के शासकीय अस्पताल में रेफर किया गया है, जहां मरियम का इलाज जारी है।

थाना कापू में आरोपित संजय लकड़ा ग्राम कदमढोढी (मुडाटिकरा) पर अपराध क्रमांक 104/2024 धारा 109 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया तथा थाना कापू के प्रभारी निरीक्षक नारायण सिंह मरकाम ने तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपी संजय लकड़ा को फरार होने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने गवाहों के सामने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसके मेमोरेंडम पर घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर संजय लकड़ा को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

Related posts