कुनकुरी नगर पंचायत का बड़ा कदम, 15 सालों से अतिक्रमित मार्ग हुआ मुक्त

समदर्शी न्यूज़ कुनकुरी, 10 सितंबर/ कुनकुरी नगर पंचायत ने 15 साल से चली आ रही एक बड़ी समस्या का समाधान करते हुए वार्ड क्रमांक 11 बेंदरभद्रा तपकरा रोड में जमीर घर के पास के रास्ते पर हुए अतिक्रमण को हटा दिया है।

वार्ड 11 की पार्षद श्रीमती गुलापी पैकरा और सैकड़ों स्थानीय महिलाओं ने नगर पंचायत में आवेदन दिया था कि इस अतिक्रमण के कारण मोहल्ले में एंबुलेंस और अन्य वाहन नहीं जा पाते हैं, जिससे लोगों को अत्यधिक परेशानी हो रही थी। नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रवीण उपाध्याय ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और अतिक्रमण हटा दिया गया।

अतिक्रमण हटने से अब मोहल्ले में वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से हो सकेगी और लोगों को एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है।

इस अवसर पर पार्षद श्रीमती गुलापी पैकरा, पार्षद अमन शर्मा, पार्षद लालदेव राम और मोहल्ले के अन्य लोगों ने भी उपस्थित रहकर इस कार्य को सराहा और मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रवीण उपाध्याय को धन्यवाद दिया।

Related posts