स्कूल के पास तलवार लहराते युवक को तमनार पुलिस ने किया गिरफ्तार, युवक पर आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज.

समदर्शी न्यूज़ रायगढ़, 10 सितंबर / कल 09 सितंबर के दोपहर थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक आर्शीवाद राहटगांव को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम लिबरा में एक युवक, हाथ में लोहे की तलवार लेकर लोगों को डरा रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम को सतर्क किया और तुरंत मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया।

थाना प्रभारी के निर्देशन पर सहायक उपनिरीक्षक सुरतीलाल सिदार, आरक्षक पुरुषोत्तम सिंह और पुष्पेंद्र कुमार ने बिना किसी देरी के ग्राम लिबरा में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। ग्राम लिबरा के हाई स्कूल के पास सुरेन्द्र राठिया को तलवार लहराते हुए पाया गया। पुलिस टीम ने साहसिक तरीके से आरोपी युवक को घेरकर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से धारदार तलवार, जिसमें मूठ लगा हुआ था, जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी सुरेन्द्र राठिया ऊर्फ मुन्ना पिता स्वर्गीय नान कन्हाई राठिया उम्र 21 वर्ष साकिन लिबरा को तुरंत थाने लाकर उससे पूछताछ की और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया।

Related posts