किसान को खुदकुशी के लिए मजबूर करने वालों को किसान पर बात करने का कोई हक नहीं, बृजमोहन भी इस पाप के भागी हैं, भ्रम न फैलाएं, प्रायश्चित करें – कांग्रेस

Advertisements
Advertisements

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,

रायपुर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवालके बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार किसानों को न्याय दे रही है तो किसान विरोधी भाजपा को कष्ट हो रहा है। उसे यह सहन नहीं हो रहा कि अन्नदाता किसान को धान का 2500 रुपये मिल रहा है। कांग्रेस ने जनघोषणा पत्र में किसानों से वादा किया था और सरकार बनते ही उनका कर्ज माफ करने के साथ ही 2500 की दर से धान खरीद रहे हैं तो भाजपा को किसानों के चेहरे की खुशी देखकर रोना आ रहा है। सरकारी और किसानों की जमीन कब्जाने वाले अब किसानों की खुशहाली देखकर दुखी हैं। 2100रु में धान खरीदी और 300 रुपये बोनस का वादा करके न निभाने वाले अब वादा निभाने वाली भूपेश बघेल सरकार पर किसानों के शोषण का आरोप लगाते जरा भी नहीं शरमा रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल खाद पर भ्रम फैला रहे हैं जबकि खाद के मामले में केंद्र ने आबंटन में छत्तीसगढ़ के किसानों के साथ सौतेला व्यवहार किया है। छत्तीसगढ़ के किसानों से भेदभाव करके राजनीतिक बदला लिया जा रहा है। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, भारतीय खाद्य सुरक्षा मिशन आदि योजनाओं का बजट केंद्र सरकार ने आधे से भी कम कर दिया है तब भी राज्य की कांग्रेस सरकार अपने स्त्रोतों से किसानों की सहायता कर रही है और केंद्र की भाजपा सरकार अपनी जिम्मेदारियों से भाग रही है। भाजपा ने छत्तीसगढ़ में अपने घोषणा पत्र में यह वादा किया था कि 2100 रुपये धान का समर्थन मूल्य और 300 रुपये बोनस देंगे। 2100 देना तो दूर की बात है, किसानों का बोनस तक डकार गए। किसानों को आत्महत्या के लिए मजबूर कर देने वालों को किसान पर राजनीति करने का कोई अधिकार नहीं है।

 प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि छत्तीसगढ़ कृषि प्रधान प्रदेश है और भूपेश राज में किसान खुश तथा समृद्ध हो रहे हैं जिससे भाजपा के पेट में मरोड़ और सिर में दर्द हो रहा है। मोदी सरकार के तीन काले कृषि कानून के खिलाफ आंदोलन में सैकड़ों किसानों की असामयिक मृत्यु की जिम्मेदार मोदी सरकार ही है, जिसे किसानों और कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी विरोध के कारण बैकफुट पर आना पड़ा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि रमनराज में एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ पूरे देश में किसान आत्महत्या के मामले में तीसरे नंबर पर रहा। फसल बीमा घोटाला, बीज घोटाला, खाद घोटाला यह सब भाजपा के 15 सालों की उपलब्धियां हैं। बृजमोहन अग्रवाल इस पाप के भागीदार हैं, वे मनगढ़ंत आरोप लगाने की बजाय अपने गिरेबान में झांकें और किसान उनके झांसे में नहीं आने वाले, वे इस बात को अच्छी तरह समझ लें।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!