जशपुर के लिबनुस ने अपनी परती भूमि को बदला आम की खेती में, अब हर मौसम में हो रही अच्छी पैदावार, हो रहा बढ़िया मुनाफा

जशपुर, 18 जनवरी 2025/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय किसानों को धान के अलावा अन्य फसलें लेने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। इसी कड़ी में उद्यान विभाग द्वारा जिले के दूरस्थ अंचल के किसानों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है। राज्य पोषित योजना के तहत, आम सघन फलोद्यान नवीन रोपण विस्तार योजना से कृषकों को लाभ पहुंचाने के लिए अभिनव पहल की गई है।

इस योजना का लाभ जशपुर विकासखण्ड के बड़ा करौंजा निवासी श्री लिबनुस को मिला, जिन्होंने 1 हेक्टेयर भूमि में आम की खेती शुरू की। पहले यह भूमि परती रहती थी, जिसके कारण यहां उत्पाद नहीं हो पाता था। जशपुर उद्यान विभाग से तकनीकी मार्गदर्शन मिलने के बाद श्री लिबनुस ने आम की खेती शुरू की और अच्छे परिणाम मिले। उन्होंने बताया कि उनके खेत में रोपे गए सभी पौधे जीवित और फलदार अवस्था में हैं। उनके खेत से अब हर मौसम में लगभग 6 क्विंटल तक आम की पैदावार होती है, जिसे बाजार में उचित मूल्य पर बेचा जाता है।

कृषक श्री लिबनुस ने बताया कि अब उनके आसपास के अन्य किसान भी आम और अन्य फलों की खेती करने की इच्छा व्यक्त कर रहे हैं और वे आम की खेती को अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।

यह पहल किसानों को न केवल धान से परे अन्य फसलों के प्रति जागरूक करती है, बल्कि कृषि में विविधता लाकर किसानों के आय में भी वृद्धि कर रही है।

Related posts