![जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने सन्ना में प्रस्तावित तीरंदाजी अकादमी स्थल का निरीक्षण किया, रनिंग और साइकलिंग ट्रैक बनाने का दिया सुझाव जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने सन्ना में प्रस्तावित तीरंदाजी अकादमी स्थल का निरीक्षण किया, रनिंग और साइकलिंग ट्रैक बनाने का दिया सुझाव](https://samdarshinews.com/wp-content/uploads/2025/01/Photo-Collage-Maker_2025_01_29_07_40_16.jpg)
जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने सन्ना में प्रस्तावित तीरंदाजी अकादमी स्थल का निरीक्षण किया, रनिंग और साइकलिंग ट्रैक बनाने का दिया सुझाव
January 29, 2025जशपुर, 29 जनवरी 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज सन्ना तहसील में बनने वाले तीरंदाजी आकादमी हेतु प्रस्तावित स्थल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और पंचायत चुनाव की तैयारियों का भी अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर श्री व्यास तीरंदाजी आकादमी हेतु प्रस्तावित स्थल का अवलोकन करने पहुंचे। उन्होंने प्रस्तावित स्थल पर रनिंग ट्रैक व साइकलिंग ट्रैक बनाने का सुझाव दिया ताकि खिलाड़ियो के अभ्यास करने की ज्यादा सुविधा मिले। प्रस्तावित स्थल लगभग 25 एकड़ है, जिस पर तीरंदाजी आकादमी का निर्माण किया जाना है।
कलेक्टर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सन्ना का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने सीएससी में कार्यरत डॉक्टरों सहित अन्य कर्मचारियों की जानकारी ली। उन्होंने सीएससी के हर एक कमरे में जाकर वहां संचालित स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने रजिस्टर पर मैन्यूली किए जा रहे ओपीडी व आईपीडी कार्य को ऑनलाईन करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कलेक्टर ने सीएससी की साफ-सफाई की व्यवस्था निरंतर किए जाने, पानी निकासी की बेहतर व्यवस्था करने, यहां पर आने वाले मरीजों और उसके परिजनों के लिए पेयजल की उचित व्यवस्था करने, लाईटिंग की पर्याप्त व्यवस्था करने, डॉक्टरों के कक्षों में नाम पट्टिका लगाने, सीपेज को ठीक करने करने और रंगरोगन कार्य कारने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री व्यास ने सन्ना के ग्राम पंचायत भवन में पंचायत चुनाव हेतु चल रहे नाम निर्देशन प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला और शासकीय प्राथमिक शाला सन्ना में बने मतदान केंद्रों का अवलोकन किया और सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीएचएमओ श्री जी.एस. जात्रा, सन्ना तहसीलदार श्री सुनील अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।