महिला सुरक्षा की नई पहल : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया जशपुर महिला थाना का लोकार्पण, पीड़िताओं को मिलेगा त्वरित न्याय और सुरक्षा का भरोसा

महिला सुरक्षा की नई पहल : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया जशपुर महिला थाना का लोकार्पण, पीड़िताओं को मिलेगा त्वरित न्याय और सुरक्षा का भरोसा

March 11, 2025 Off By Samdarshi News
Advertisements

जशपुर. 11 मार्च 2025 : महिलाओं की सुरक्षा एवं न्याय दिलाने हेतु छत्तीसगढ़ राज्य में पांच नवीन महिला थाना की स्थापना की गई है। इसी क्रम में दिनांक 10.03.25 को नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी चंद्रखुरी (छ. ग) में मुख्यमंत्री छ. ग विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम का आयोजन कर, रायगढ़, जगदलपुर, दंतेवाड़ा सहित जशपुर जिले के महिला थाने का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम, ओएसडी राहुल भगत व आला अधिकारी उपस्थित रहे।

लोकार्पण पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर अनिल कुमार सोनी के द्वारा एसडीओपी कार्यालय परिसर जशपुर में स्थित महिला थाना का शुभारंभ किया गया।

महिला थाने का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा तथा त्वरित न्याय प्रदान करना है। यहां महिला अधिकारी एवं कर्मचारी की तैनाती की गई है, जिससे कि पीड़ित महिलाएं अपनी बातों को आसानी से रख सके तथा उन्हें सहज व सुरक्षित माहौल मिल सके।

वर्तमान में महिला थाना जशपुर में प्रभारी अधिकारी के रूप में निरीक्षक आशा तिर्की सहित दो महिला प्रधान आरक्षक, चार महिला आरक्षक सहित एक आरक्षक की तैनाती की गई है।

इस अवसर पर एसडीओपी जशपुर चंद्र शेखर परमा, रक्षित निरीक्षक जशपुर अमरजीत खूंटे, निरीक्षक आशा तिर्की सहित महिला थाना में तैनात अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि विगत वर्ष मुख्यमंत्री निवास बगिया से माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के द्वारा महिलाओं की सुरक्षा व न्याय हेतु जिले में नोनी रक्षा रथ का शुभारभ किया गया था। जिसमे जशपुर पुलिस द्वारा महिलाओं हेतु हेल्पलाइन नंबर 9479128400 जारी किया गया था। जिसमे पीड़ित महिलाएं फोन पर अपनी समस्याओं को बता सके।