
कुनकुरी में नाली निर्माण बना भ्रष्टाचार का जीता-जागता उदाहरण! नगर पंचायत और ठेकेदारों की मिलीभगत से हो रहा घटिया निर्माण कार्य, जनता के पैसे की खुली लूट… पढ़ें पूरी ख़बर..!
March 12, 2025कुनकुरी, 12 मार्च 2025 : नगर पंचायत कुनकुरी में भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच चुका है। हाल ही में संपन्न हुए चुनाव के बाद, नई समिति के शपथ ग्रहण से पहले ही पिछले कार्यकाल में स्वीकृत कार्यों को आनन-फानन में पूरा करने की होड़ मची हुई है। निर्माण कार्यों को जल्दबाजी में घटिया स्तर पर पूरा किया जा रहा है, जिससे भ्रष्टाचार का खेल स्पष्ट रूप से सामने आ रहा है।
अग्रसेन भवन के सामने बन रही नाली पर सवाल
नगर के अग्रसेन भवन के सामने बनाई जा रही नाली इस भ्रष्टाचार का जीता-जागता उदाहरण बन चुकी है। लाखों रुपये की लागत से बन रही यह नाली निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर नगर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
सूत्रों के अनुसार, यह नाली लगभग 100 मीटर लंबी है, लेकिन इसकी आवश्यकता लगभग नगण्य है। न केवल नाली का बेड लेवल ठीक से तय नहीं किया गया है, बल्कि पानी के प्रवाह और निकास की दिशा भी सुनिश्चित नहीं की गई है। कई स्थानों पर नाली की गहराई फुट में नहीं, बल्कि सेंटीमीटर में सिमटकर रह गई है।
भ्रष्टाचार का मॉडल बनी यह नाली
नाली निर्माण के दौरान गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। सबसे गंभीर मामला अग्रसेन भवन के सामने लगभग 40 फुट का स्थायी स्लैब डालने का है। इस स्लैब के कारण भविष्य में नाली की सफाई करना लगभग असंभव हो जाएगा, जिससे गंदगी और जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है।
स्थानीय नागरिकों में इस भ्रष्टाचार को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि ठेकेदार और नगर पंचायत की मिलीभगत से निर्माण कार्यों में भारी अनियमितता बरती जा रही है। नगर पंचायत कुनकुरी में हो रहे इस तरह के भ्रष्टाचार पर यदि जल्द रोक नहीं लगाई गई, तो भविष्य में नगर की बुनियादी संरचनाओं की स्थिति और भी दयनीय हो जाएगी।
इंजीनियर ने बनाई दूरी, सवालों से बचने की कोशिश
जब इस मामले पर नगर पंचायत के इंजीनियर से जानकारी लेनी चाही गई, तो उन्होंने फाइल देखने के बाद ही जवाब देने की बात कही। लेकिन कुछ देर बाद जब उनके मोबाइल पर संपर्क किया गया, तो उन्होंने कॉल रिसीव करना ही बंद कर दिया। यह उनकी संलिप्तता और निर्माण कार्य की घटिया गुणवत्ता की ओर साफ संकेत देता है।
[…] […]
[…] […]
[…] […]
[…] […]
[…] […]
[…] […]