
कुनकुरी नगर पंचायत का ऐतिहासिक शपथ ग्रहण: सत्ता और विपक्ष की खींचतान में दो पालियों में हुआ शपथ ग्रहण, राजनैतिक ध्रुवीकरण स्पष्ट
March 17, 2025नगर में चर्चा का बाजार गर्म, विकास कार्यों पर राजनैतिक ध्रुवीकरण का कैसा होगा प्रभाव ?
कुनकुरी, 17 मार्च 2025 : नगर पंचायत कुनकुरी के सभागार में नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं विजयी पार्षदों को शपथ ग्रहण कराई गई। शपथ ग्रहण का यह कार्यक्रम आज पूरे नगर के साथ प्रदेश स्तर तक चर्चा का विषय बना हुआ है। पूरे प्रदेश में एक मात्र कुनकुरी नगर पंचायत का शपथ ग्रहण कार्यक्रम दो पालियों में सम्पन्न हुआ है। पहली पाली में भारतीय जनता पार्टी से जीतकर आये 8 पार्षदों ने शपथ ली। जिसके कुछ देर बाद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी से जीतकर आये अध्यक्ष पद के विजयी प्रत्याशी सहित सात पार्षदों ने नगर पंचायत के सभागार में शपथ ली। दोनो पालियों में शपथ ग्रहण एसडीएम कुनकुरी नंदजी पाण्डे द्वारा कराया गया। जिसके उपरांत सीएमओं प्रवीण उपाध्याय द्वारा पुष्पगुच्छ देकर नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों का अभिनंदन किया गया।
शपथ ग्रहण के पहली पाली में नवनिर्वाचित भाजपा पार्षदों के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह, शिव कुमार बंग, सुनील अग्रवाल, उपेन्द्र यादव, विनित जिंदल, उदय शर्मा, राजकुमार गुप्ता आदि के साथ भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी सम्मिलित रहे। दुसरे पाली के शपथ ग्रहण में मुख्य रूप से प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व विधायक राम पुकार सिंह, यूडी मिंज, विनय भगत, पूर्व मुख्यमंत्री के सलाहकार विनोद वर्मा, गजेन्द्र जैन, मुरारी अग्रवाल, मनोज सागर यादव, एस इलियास, अरविंद साय, नरसिंह सागर यादव, महेन्द्र अग्रवाल, ताहीर अली, हंसराज अग्रवाल, अनोज गुप्ता आदि के साथ कांग्रेसी कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस प्रकार दो पालियों में सम्पन्न हुए शपथ ग्रहण ने कुनकुरी नगर सहित पुरे प्रदेश का ध्यान कुनकुरी की ओर खींच लिया है। कुनकुरी नगर पंचायत चुनाव के समय से ही हॉट सीट के रूप में प्रसिद्ध रहा है। कुनकुरी नगर पंचायत प्रदेश के मुख्यमंत्री के विधानसभा की एक मात्र नगर पंचायत सीट है। जिस पर कांग्रेसियों ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। सम्पन्न हुए चुनाव के बाद से ही कुनकुरी नगर पंचायत के शपथ ग्रहण को लेकर अनेक प्रकार की चर्चा सामने आ ही रही थी। प्रदेश में भाजपा की सरकार है और कुनकुरी नगर पंचायत में कांग्रेसियों का कब्जा होने से सत्ता और विपक्ष में खीचतान जारी है।
इसी शपथ ग्रहण को लेकर विगत दो दिनों से दोनो दलों में खीचतान इतनी बढ़ गई थी कि नगर पंचायत के सत्ताधारी दल कांग्रेस ने शपथ ग्रहण का कार्यक्रम वृहद रूप से कराना चाहा जिसकी मंजूरी तक नही मिल पाई। कांग्रेस ने नगर पंचायत के बगल में नागरिक आपूर्ति निमग के वेयर हाऊस के प्रांगण में कार्यक्रम कराना चाहा जिसके लिये भी कांग्रेस समर्थक अनुमति प्राप्त करने में असफल रहे। जिसके बाद नगर पंचायत भवन के सामने कबीर आश्रम के मैदान में कांग्रेसियों ने शपथ ग्रहण के उपरांत अपना कार्यकम आयोजित किया।