पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के बेटे की शहादत, सीएम विष्णुदेव साय हुए भावुक, बोले – “आतंकवादियों की कायराना हरकत से प्रदेश ने अपना बेटा खोया”.

रायपुर. 24 अप्रैल 2025 : आतंकवाद की विभीषिका ने एक बार फिर देश को झकझोर कर रख दिया है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ ने अपने एक कर्मठ और सम्मानित बेटे, श्री दिनेश मिरानिया को खो दिया। यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दिवंगत श्री मिरानिया के अंतिम संस्कार में स्वयं सम्मिलित होकर उन्हें कंधा दिया, उनके परिजनों से भेंट कर गहरी संवेदना व्यक्त की और राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। यह घटना न केवल आतंकी मानसिकता की निंदा योग्य कृति है, बल्कि देश की एकता और संप्रभुता के विरुद्ध किया गया क्रूर प्रहार भी है, जिसका माकूल जवाब देने का संकल्प देशवासी ले चुके हैं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में दिवंगत प्रदेश के कारोबारी श्री दिनेश मिरानिया के अंतिम संस्कार में शामिल होकर पार्थिव शरीर को कंधा दिया। उन्होंने स्वर्गीय श्री दिनेश मिरानिया के पार्थिव देह पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और ईश्वर से मृतात्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्री साय ने शोकाकुल परिवारजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। श्री साय ने कहा कि स्वर्गीय श्री मिरानिया के पावन स्मृतियों को सहेजने और चिर स्थायी बनाने लिए सरकार किसी सड़क या चौक को उनके नाम पर करने की बात कही।

श्री साय ने कहा कि आतंकवादियों की इस कायराना हरकत ने देश की आत्मा पर चोट किया है। पूरे प्रदेश के लिए भी यह दुख और पीड़ा का क्षण है।  घिनौनी आतंकवादी घटना में प्रदेश ने अपना एक बेटा खो दिया है। उन्होंने कहा कि धारा 370 हटने से जम्मू कश्मीर में शांति स्थापित हुई, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिला और घाटी के विकास को गति मिली थी। आतंकवादियों ने पर्यटकों के जरिए कश्मीर और देश को अस्थिर करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि पूरा देश एकजुटता के साथ इस अमानवीय कृत्य का बदला लेगा। श्री साय ने कहा कि पाकिस्तान के शह पर हुई इस हमले का अंजाम उसे भुगताना पड़ेगा।

Related posts