कुनकुरी में जम्मू-कश्मीर आतंकी हमले के शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, नगरवासियों ने एकजुट होकर जताया आक्रोश
कुनकुरी, 26 अप्रैल 2025 : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले में देश के विभिन्न प्रांतों के कई हिंदू श्रद्धालुओं के शहीद होने पर शुक्रवार को कुनकुरी जय स्तम्भ चौक में एकल अभियान, विश्व हिंदू परिषद तथा स्थानीय समाज के तत्वावधान में श्रंद्धाजलि सभा एवं विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस आयोजन में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों तथा मातृशक्ति ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान और शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर किया गया। इसके पश्चात श्रद्धांजलि सभा में छत्तीसगढ़ संभाग के विहिप सचिव राजीव नंदे ने शहीदों की वीरता का स्मरण करते हुए कहा कि भारतवर्ष अपने शहीदों का सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ समाज को एकजुट रहने का आह्वान भी किया।
सभा को नगर के वरिष्ठ नागरिक कैलाश गुप्ता ने भी संबोधित किया और इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए शहीद परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की।

इस अवसर पर भुनेश्वर सिंह, विष्णु नारायण जोशी, बिहारी नायक, अशोक मिश्रा, गौरीशंकर सिंह, अरविन्द कुमार मिश्रा, उदय शर्मा, शंकर यादव, संजीव अंबष्ट, राधेश्याम बंग, इंद्रजीत शर्मा, रामसेवक साय, रामसकल यादव, राजकुमार गुप्ता, संतोष सहाय, राधेश्याम हेडा सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समापन के अवसर पर सामूहिक श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया गया ।
मातृशक्ति की ओर से श्रीमती अनामिका नंदे, श्रीमती सुखमनी चंद्राकर, श्रीमती मीना गुप्ता, श्रीमती वंदना अंबष्ट, श्रीमती गायत्री देवता, श्रीमती सुधा होता, श्रीमती गायत्री नंदे, श्रीमती सुनीता पुरी, श्रीमती देवती गुप्ता तथा श्रीमती सुरेखा गुप्ता ने शहीदों को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में नगरवासियों के साथ-साथ ग्राम समिति आचार्यगण एवं सेवावर्ती भाई-बहन भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट रहने का संकल्प लिया और शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
