सरगुजा में चोर गिरोह का भंडाफोड़ : नाबालिग गिरोह ने बाइक चोरी से मचाया कहर, नाबालिगों से संचालित बाइक चोरी रैकेट का पर्दाफाश, छः लाख का माल बरामद 12 बाइक चोरी का कबूलनामा, 7 दोपहिया वाहन बरामद, न्यायालय के समक्ष किया गया प्रस्तुत.

अंबिकापुर. 29 अप्रैल 2025 : सरगुजा जिले में पुलिस ने दोपहिया वाहन और नकदी-मोबाइल चोरी के मामलों में बड़ी सफलता पाई है। नाबालिगों से संचालित एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 4 विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। आरोपियों ने कुल 12 बाइक चोरी की बात स्वीकार की है, जिनमें से 7 दोपहिया वाहन और मोबाइल सहित कुल ₹6 लाख का मशरूका बरामद किया गया है। गिरोह पहले भी कई चोरियों में लिप्त था और यह सरगुजा के साथ-साथ अन्य जिलों में भी सक्रिय था।

प्रकरण के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी राकेश कुमार ठाकुर साकिन बरढोढ़ी थाना मणिपुर द्वारा 26 अप्रैल 2025 को थाना मणिपुर आकर रिपोर्ट दर्ज कराया था कि घटना दिनांक 25 अप्रैल 2025 से 26 अप्रैल 2025 के मध्य कोई अज्ञात चोर प्रार्थी के दुकान में घुसकर काउंटर में रखा नगदी रकम 35000/- रुपये एवं 05 नग मोबाइल चोरी कर लिया गया हैं, प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मणिपुर में अपराध क्रमांक 133/25 धारा 303(2) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा घटना-स्थल का निरीक्षण कर मामले के आरोपियों का पता तलाश किया जा रहा था, इसी दौरान मुखबीर की सूचना पर ग्राम परसोड़ी खुर्द थाना दरिमा निवासी रोहित तिग्गा को पकड़ कर पूछताछ किया गया। आरोपी द्वारा अपना नाम रोहित तिग्गा आत्मज धन्नू राम उम्र 21 वर्ष साकिन परसोड़ी खुर्द थाना दरिमा का होना बताया गया, आरोपी से हिकमतअमली से पूछताछ किये जाने पर अपने साथियों के साथ मिल कर प्रार्थी के मोबाइल दुकान से नगदी रकम एवं मोबाइल की चोरी करना बताया गया। आरोपी पूर्व में थाना मणिपुर के अंतर्गत ट्रैक्टर चोरी के मामले में भी शामिल था, आरोपी घटना दिनांक से फरार था, आरोपी से पूछताछ करने पर ट्रैक्टर चोरी की घटना कारित करना स्वीकार किया गया। आरोपी रोहित तिग्गा के निशानदेही पर मामले में शामिल उसके अन्य साथियों कुल 04 विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया। जिन्होंने अपने कथन में मोबाइल दुकान में चोरी की घटना कारित करना स्वीकार किया, जो अपने कब्जे से कुल 05 नग मोबाइल बरामद कराये एवं नगदी रकम को खर्च हो जाना बताया गया।

उक्त विधि से संघर्षरत बालकों का हुलिया पूर्व में शहर में हुई कई दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में सीसीटीवी फूटेज से मिलना पाया गया, पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त दोपहिया वाहन चोरी के मामलो में भी कड़ाई से पूछताछ किये जाने पर थाना मणिपुर, थाना कोतवाली, थाना गांधीनगर, थाना लखनपुर से एवं जिला रायपुर से चोरी किये गये दोपहिया वाहन को मिला कर कुल 12 नग दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया गया। विधि से संघर्षरत बालकों की निशानदेही पर उनके सकुनत पर छिपा कर रखा गया कुल 05 नग दोपहिया वाहन वर्तमान में बरामद किया गया हैं एवं शेष 07 नग चोरी किया गया दोपहिया वाहन लावारिस हालत में सूरजपुर एवं बैकुंठपुर में छोड़ना बताये हैं।  मेमोरंडम कथन का तस्दीक किये जाने पर 05 नग दोपहिया वाहन लावारिस हालत में थाना कोतवाली सूरजपुर पुलिस टीम द्वारा एवं 02 नग दोपहिया वाहन लावारिस हालत में थाना पटना बैकुंठपुर पुलिस टीम द्वारा जप्त किये जाने की जानकारी प्राप्त हुई हैं। उपरोक्त 07 नग दोपहिया वाहन के चोरी के मामले में पुलिस टीम द्वारा अग्रिम जांच तस्दीक कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जायगी। उपरोक्त विधि से संघर्षरत बालकों द्वारा ही मठपारा थाना मणिपुर स्थित शैलेन्द्र सिंह के किराये रूम का ताला तोड़ कर 01 नग घड़ी चांदी का पायल, सोने का ज्वीतिया कुल कीमती 10000/- रुपये की चोरी की घटना कारित किया जाना भी स्वीकार किया गया हैं। विधि से संघर्षरत बालक गिरोह बना कर सरगुजा संभाग के अन्य जिलों में भी मोटर साइकल चोरी एवं मकान में चोरी करने की घटना कारित करते थे। उक्त विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। विधि से संघर्षरत बालकों एवं आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया हैं।

Related posts