कुनकुरी, 01 मई 2025 : विश्व श्रमिक दिवस के अवसर पर नगर पंचायत कुनकुरी में श्रम की गरिमा और स्वच्छता कर्मियों के योगदान को ससम्मान स्वीकार करते हुए एक अनूठा आयोजन किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने नगर के स्वच्छता दीदी और सफाईकर्मी भाइयों को गमछा पहनाकर सम्मानित किया और उनके साथ बैठकर बोरे बासी तिहार मनाया।
इस अवसर पर अध्यक्ष विनयशील ने बताया कि छत्तीसगढ़ के तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा श्रमिकों के सम्मान में वर्ष 2019 से बोरे बासी तिहार की परंपरा शुरू की गई थी। इस दिन नेता, अधिकारी व जनप्रतिनिधि श्रमिकों के साथ बैठकर बोरे बासी खाकर श्रम की महत्ता को नमन करते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अध्यक्ष विनयशील ने अतिशय होटल में नगर पंचायत के समस्त कर्मियों के साथ बोरे बासी एवं आम की चटनी के साथ सामूहिक भोजन किया।

संवाद और समाधान का मंच बना श्रमिक सम्मान समारोह
अध्यक्ष ने बताया कि नगर की स्वच्छता और सौंदर्य बनाए रखने का दायित्व इन कर्मवीरों के कंधों पर है। “उनके साथ बैठकर संवाद करना और उनकी समस्याएं सुनना, दोनों ही पक्षों के लिए लाभदायक रहा,” उन्होंने कहा। अध्यक्ष ने कर्मियों की समस्याएं सुनकर समाधान का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में नगर के सभी स्वच्छता कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना की और इसे अपने सम्मान का एक ऐतिहासिक क्षण बताया। उनका कहना था कि इतने आत्मीयता से उन्हें पहली बार किसी ने सुना और साथ भोजन किया।
जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने भी दिया श्रमिकों को सम्मान
कार्यक्रम में पूर्व विधायक यू.डी. मिंज, जिलाध्यक्ष सागर यादव, ब्लॉक अध्यक्ष एस. इलियास, महामंत्री दिलीप जैन, उपाध्यक्ष दीपक केरकेट्टा, पार्षद मुक्ति मिंज, नील कुजूर, मुकेश नायक, आईटी सेल जिला अध्यक्ष नीरज पारीक, यूथ जिला महासचिव जयंत लकड़ा, छाया पार्षद मोनू अग्रवाल और आईटी महामंत्री इरफान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सभी सफाई कर्मियों को गमछा पहनाकर सम्मानित किया।
