जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह नें महिला काव्य मंच में उपस्थित होकर साहित्यकारों का हौसला बढ़ाया.
नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत नें भी सभी साहित्यकारों को खूब बधाइयाँ दी
जशपुर, 1 मई 2025 : साउथ प्वाइंट इंग्लिश स्कूल जशपुर एवं महिला काव्य मंच जशपुर के संयुक्त तत्वाधान में 30 अप्रैल 2025 को भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया कार्यक्रम के मुख्य आयोजक कवयित्री अनीता गुप्ता जी रहीं। जिन्होंने शानदार काव्यपाठ किया। अनीता गुप्ता जी स्वयं एक श्रेष्ठ साहित्यकार तथा कहानीकार हैं जिनका कहानी संग्रह “ओ पगली” को पाठकों द्वारा बहुत पसंद किया जा रहा है और इसकी सैकड़ों प्रतियाँ बिक चुकी है।
सर्वप्रथम पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए नागरिकों को सादर श्रद्धांजलि दी गई इसके पश्चात कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर वाग्देवी माँ सरस्वती की पूजा अर्चना से की गयी।
शालिनीगुप्ता के शानदार संचालन में कवियों ने काव्य पाठ किया और तालियां बटोरी। कार्यक्रम की अगली कड़ी में कवि सम्मेलन के मुख्य आकर्षण तमनार रायगढ़ से आमंत्रित हास्य व्यंग्य के सुप्रसिद्ध कवि तेज राम नायक जी ने अपनी हास्य कविताओं से कार्यक्रम को शिखर तक पहुंचाया और व्यंग्यात्मक शैली की कविताओं से श्रोताओं के चेतना को जागृत किया।
कवि तेज ने हास्य कविताओं के बीच-बीच में व्यंग्यात्मक शैली की ऐसी कविताएं सुनाई कि लोग सोचने पर मजबूर हो गए हास्य शैली में माँ शारदे की अर्चना में उन्होंने कहा “विनती में यही करूँ बात सदा सही करूँ पाँच – पाँच पाँच सौ के नोट मुझे बेशुमार दे” कवि तेज ने व्यंगयात्मक अंदाज में शादी विवाह के फिजूलखर्ची पर पिता की व्यथा को रेखांकित करते हुए कहा कि “टेंट वाला हलवाई दहेज की भरपाई बेटी के पिता को महंगाई मार डालेगी ” आज के दौर में लोगों के कथनी और करनी की विषमता पर कटाक्ष करते हुये कवि तेज ने कहा कि “राम जैसा राज यहाँ चाहते हैं सभी किंतु राम जैसा वनवास कोई नहीं चाहता” सोशल मीडिया की दौड़ पर व्यंग्य करते हुए तेज ने कहा कि “चित्र तो विचित्र यहाँ मिलते हैं मित्रता के किशन – सुदामा जैसे मित्र नहीं मिलते”।
कार्यक्रम में जशपुर के एसएसपी शशिमोहन सिंह, नगर पंचायत के अध्यक्ष अरविंद भगत एवं साउथ पॉइंट इंग्लिश स्कूल के डायरेक्टर आशु गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। स्थानीय कवियों में मीरा अग्रवाल, सुखदेव राठिया, वसफी सिद्दीकी राजेश्वरी, शालिनी, सरस्वती चौहान, रोशन चौरसिया, संगीता भोय, अज़ीम अहमद ने अपनी बेहतरीन कविताओं की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंत में सेल्फी का लंबा दौर चला तथा अंतिम कड़ी में समस्त कवि कवित्रियों को स्मृतिचिन्ह से सम्मानित कर कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।
