कुनकुरी, 10 मई 2025 : छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा सुशासन को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सुशासन तिहार के अंतर्गत नगर पंचायत कुनकुरी में एक समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित कर एक संवेदनशील और जनकल्याणकारी शासन का संदेश दिया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती उपस्थित रहे। उन्होंने नागरिकों से संवाद कर शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाए गए, जहाँ नागरिकों की मांगों और शिकायतों के कुल 1037 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से प्रमुख आवेदन प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित थे, जिनकी संख्या 455 रही। इन्हें नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा प्राथमिकता में लेते हुए आवेदकों को जानकारी और प्रक्रिया संबंधी मार्गदर्शन दिया गया।
इसी प्रकार वन अधिकार पट्टे से जुड़े 476 आवेदन राजस्व विभाग को प्राप्त हुए, जिनमें प्रार्थियों को विस्तृत समझाइश देकर आगे की प्रक्रिया हेतु आश्वासन दिया गया। शेष आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई कर सभी समस्याओं का शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित करने की बात कही गई।
शासन की संवेदनशीलता और तत्परता का उदाहरण बने इस शिविर में, नागरिकों को योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ त्वरित समाधान भी मिला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार द्वारा प्रारंभ किए गए सुशासन तिहार के माध्यम से आम जनता को सशक्तिकरण और सेवाओं तक सीधी पहुँच दिलाई जा रही है।
