कुनकुरी, 10 मई 2025 | छत्तीसगढ़ के कुनकुरी क्षेत्र में अवैध कबाड़ कारोबार की गूंज एक बार फिर तेज हो गई है। शुक्रवार को कुनकुरी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम गिनाबहार में छापेमारी कर ओडिशा जा रहे लोहे के अवैध कबाड़ से लदे ट्रक (OD 16 B 7955) को जब्त किया है। ट्रक में करीब 10 टन पुराना लोहा, पंप और जनरेटर जैसे औद्योगिक सामान लोड किया जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक यह कबाड़ बिना किसी वैध दस्तावेज के लोड किया जा रहा था, जिसे छत्तीसगढ़ से ओडिशा अवैध रूप से भेजा जाना था। पुलिस की इस कार्यवाही से न केवल स्थानीय कबाड़ व्यापारियों में खलबली मच गई है, बल्कि यह भी साफ हो गया है कि क्षेत्र में अवैध कारोबार की जड़ें गहरी हैं और कहीं न कहीं इस पर अदृश्य संरक्षण भी प्राप्त है।
अवैध कबाड़ व्यापार: खुला खेल, सीमित कार्यवाही
कुनकुरी और आसपास के अंचलों में कबाड़ व्यवसाय का संचालन किसी भी स्पष्ट वैधता के बिना खुलेआम चल रहा है। कई कबाड़ी दुकानें ऐसे ही संचालित हो रही हैं, जहां न पंजीयन है, न ही माल की खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड।
जब पुलिस और प्रशासन की नजर इस ओर जाती है तो एक-दो कार्यवाही करके ‘कागजी कार्रवाई’ कर ली जाती है, लेकिन यह कभी नहीं देखा जाता कि यह व्यापार किसके संरक्षण में लगातार फल-फूल रहा है?
इस घटना में जब पुलिस ने दस्तावेज की मांग की, तो न ट्रक चालक, न कबाड़ी संचालक कोई वैध कागजात दिखा सके। बावजूद इसके, आम धारणा यही है कि मामला जुर्माना लेकर रफा-दफा कर दिया जाएगा, क्योंकि इस गोरखधंधे में कई प्रभावशाली लोगों की मिलीभगत की आशंका भी स्थानीय स्तर पर जताई जा रही है।
