कुनकुरी : करैत सांप के डसने से 28 वर्षीय युवक की मौत, रात को जमीन पर सोते समय हुआ हादसा

परिवार ने निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल — डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, कुनकुरी पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

कुनकुरी/जशपुर, 8 जून 2025 : जशपुर जिले के तुमला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोरंगामाल में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक 28 वर्षीय युवक की सर्पदंश से मौत हो गई। मृतक की पहचान कपिल डनसेना पिता राजो डनसेना के रूप में हुई है। यह हादसा 7 जून 2025 की रात लगभग 12 बजे हुआ जब कपिल अपने घर के कमरे में जमीन पर सो रहा था और उसी दौरान एक जहरीले करैत सांप ने उसे डंस लिया।

रात के सन्नाटे में कपिल की पत्नी रंजीता डनसेना ने सबसे पहले खतरे का आभास किया और घरवालों को नींद से जगाया। परिजन तत्काल उसे प्राइवेट वाहन से सीएससी फरसाबहार लेकर पहुँचे, लेकिन डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया। समय की गंभीरता को देखते हुए परिजन 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे कुनकुरी स्थित हॉलीक्रॉस अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों ने कपिल को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि कपिल रोज़ की तरह भोजन करने के बाद ज़मीन पर सोया हुआ था और आधी रात के करीब एक जहरीले करैत सांप ने उसे डंस लिया। अत्यधिक विषैले करैत के दंश और समय पर विषरोधक उपचार नहीं मिल पाने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Related posts