थाना परिसर में सम्मान समारोह : जूटमिल थाना में कोटवारों की भूमिका और मेधावी नागरिकों को मिली पहचान, एक साथ जुटे पुलिस, शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी और छात्र, समाजसेवियों को मिला जूटमिल पुलिस से सम्मान.

रायगढ़. 08 जून 2025 : रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में पुलिस विभाग ने एक सराहनीय पहल करते हुए समाज के उन नागरिकों को सम्मानित किया जो अपने-अपने क्षेत्रों में प्रेरणा का स्रोत बनकर कार्य कर रहे हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर की अगुवाई में आयोजित इस दो-चरणीय कार्यक्रम में जहां एक ओर ग्राम कोटवारों की बैठक लेकर उनकी भूमिका की समीक्षा की गई, वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य कर्मियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। यह आयोजन सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ पुलिस और समाज के बीच रिश्तों को प्रगाढ़ करने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में उन नागरिकों का उत्साहवर्धन किया जा रहा है, जो अपने कार्यक्षेत्र में समर्पण और निष्ठा से कार्य कर समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहे हैं। इसी क्रम में जूटमिल थाना क्षेत्र में रविवार को थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर द्वारा दो चरणों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रथम चरण में थाना क्षेत्र के सभी ग्राम कोटवारों की बैठक लेकर उनकी भूमिका और सहयोग की समीक्षा की गई एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं दूसरे चरण में क्षेत्र के ऐसे गणमान्य नागरिकों, मेधावी छात्र-छात्राओं, समर्पित स्वास्थ्य कर्मियों, शिक्षकों और पुलिस मित्रों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उप निरीक्षक गिरधारी साव सहित थाना स्टाफ मौजूद रहा।

सम्मानित व्यक्तियों में स्वास्थ्यकर्मी रामेश्वरी साहू (सीएचओ, छातामुड़ा) और जीत पटेल (आरएचओ, कोडातराई), मेधावी विद्यार्थी पंकज चौधरी (कक्षा 10वीं, 96%) एवं पलक महंत (कक्षा 10वीं, 91.66%), शिक्षक नित्यानंद चौधरी (प्रधानपाठक, कोडातराई) और राजकुमारी चौधरी (शिक्षिका, डूमरपाली), वरिष्ठ नागरिक/पुलिस मित्र सुभाष गुप्ता (डूमरमुड़ा) एवं करुणानिधि पटेल (तरकेला), कोटवार सुकृत दास (सहदेवपाली) और संतोष चौहान (बंसिया) शामिल रहे।

Related posts