जशपुर जिले में निशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण प्रारंभ, स्कैनिंग अनिवार्य: जिला शिक्षा अधिकारी ने किया निरीक्षण

जशपुर, 13 जून 2025: जशपुर जिले में संचालित शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए निशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण योजना अंतर्गत किताबों का वितरण कार्य प्रारंभ हो चुका है। रायगढ़ स्थित पुस्तक डिपो से सीधे संकुलों और हाई स्कूलों तक किताबें पहुँचाई जा रही हैं। संकुल समन्वयक एवं प्राचार्य चालान के आधार पर पुस्तकें प्राप्त कर रहे हैं।

इस वर्ष से पुस्तकों में बारकोड और आईएसबीएन कोड की सुविधा दी गई है, जिससे प्रत्येक पुस्तक की ट्रैकिंग की जा सके। स्कैनिंग के बिना किसी भी छात्र को किताबें वितरित नहीं की जाएंगी। इस प्रक्रिया को सुनिश्च‍ित करने हेतु 12 जून 2025 को जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा संकुल ज्योति निवास का निरीक्षण किया गया। यहां प्राप्त 3895 पुस्तकों की जांच कर उनकी स्कैनिंग प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

स्कैनिंग से ही होगी किताबों की वैधता की पुष्टि

प्रत्येक निशुल्क वितरित पुस्तक के पीछे आईएसबीएन कोड और बारकोड अंकित होने से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किताब किस जिले, विकासखंड, संकुल और विद्यालय के लिए प्रदाय की गई है। स्कैनिंग से वितरण में पारदर्शिता बनी रहेगी।

जिला शिक्षा अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि विद्यालय खुलने से पूर्व सभी किताबों की स्कैनिंग हो जानी चाहिए। बिना स्कैन की किताब किसी भी छात्र को नहीं दी जाएगी। इस आदेश की अवहेलना करने वाले शिक्षकों या संकुल समन्वयकों पर कार्रवाई की जाएगी।

नगर पालिका रोड संकुल निरीक्षण में लापरवाही

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका रोड संकुल में संकुल समन्वयक अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए CAC जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, एमआईएस इंचार्ज, एवं प्रोग्रामर भी उपस्थित थे।

1.48 लाख छात्रों को मिलेगा लाभ

यू-डाइस आंकड़ों के अनुसार जशपुर जिले में इस योजना से कुल 1,48,259 छात्र लाभान्वित होंगे:

  • प्राथमिक स्तर: 76,561 छात्र
  • उच्च प्राथमिक स्तर: 47,056 छात्र
  • हाई स्कूल स्तर: 24,642 छात्र

शासकीय विद्यालयों हेतु पुस्तकें सीधे संकुल एवं हाई स्कूलों तक पहुंचाई जा रही हैं, जबकि अन्य विद्यालयों को डिपो से जाकर पुस्तकें प्राप्त करनी होंगी। किसी भी स्थिति में स्कैनिंग कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related posts