देश भर से करोड़ों की ठगी का खुलासा : सूरजपुर पुलिस ने म्यूल अकाउंट गिरोह को किया बेनकाब, सूरजपुर में साइबर फ्रॉड का टूटा जाल, ATM-सिम-बैंक खातों के सौदागरों को भेजा जेल.

सूरजपुर पुलिस ने साइबर ठगों के नेटवर्क में शामिल दो आरोपियों को पकड़ा है। ये आरोपी साइबर ठगों के लिए म्यूल बैंक अकाउंट, एमटीएम कार्ड उपलब्ध कराते थे। इसके साथ ही साइबर ठगों को मोबाइल सिम भी उपलब्ध कराते थे। इनके ऐसे बैंक अकाउंट की पहचान की गई है, जिसमें 1,51,463/- लाख रूपये से अधिक का ट्रांजेक्शन हुआ है।

भारतीय सायबर अपराध समन्वय केन्द्र (आईफोरसी) द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल (ज्वाईट साइबर क्राईम कार्डिनेशन टीम मैनेजमेंट इन्फारमेंशन सिस्टम) में स्थित विभिन्न बैंक शाखाओं में संचालित लेयर-1 पर कार्यवाही करने के संबंध में पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ से शिकायत प्राप्त हुआ, जिसमें म्यूल अकाउंट खाता धारक रन्तू कुमार पिता गुदीचा उम्र 30 वर्ष निवासी गोविन्दपुर कुम्दा कालोनी थाना विश्रामपुर का बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एकाउंट शामिल थे।

डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने ऑनलाईन सायबर फ्राड की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शिकायत की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो से कराया। जांच उपरान्त साइबर फ्राड से संबंधित शिकायत में बैंक ऑफ महाराष्ट्र का खाता रन्तु कुमार के नाम से होने पर उसके विरूद्ध थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक  302/2025 धारा 420, 413,120(बी) भादसं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

विवेचना के दौरान थाना सूरजपुर पुलिस ने पाया कि म्यूल एकाउंट खाता धारक रन्तू कुमार के खाते में अलग- अलग राज्य से संबंधित सायबर क्राईम में ठगी की गई रकम करीब 1,51,463/- रूपये का लेन-देन किया गया है, आरोपी रन्तू ने बताया कि उसका पड़ोसी सुरेश कुमार पिता रामअवतार उम्र 44 वर्ष निवासी कुम्दा कालोनी के द्वारा इसके नाम पर मोबाईल सीम लिया और बैंक खाता खोलवाया, इसमें लगने वाला रकम को वहीं दिया था। खाता खुलने के बाद बैंक खाता पासबुक, एटीएम, मोबाईल सीम को ले लिया था जिसके बाद पुलिस द्वारा सुरेश कुमार को दबिश देकर पकड़ा गया। पूछताछ पर इसने बताया कि वह अपना और रन्तु का बैंक पासबुक, एटीएम व मोबाईल सीम एक अन्य व्यक्ति को दिया है। विभिन्न राज्यों में साइबर फ्राड करने वाले सायबर फ्राड गिरोह के सदस्य को बैंक एकाउन्ट, एटीएम एवं मोबाईल सीम उपलब्ध कराने पर आरोपी रन्तू कुमार स्वई एवं सुरेश कुमार निवासी कुम्दा कालोनी थाना विश्रामपुर को गिरफ्तार किया गया है। कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो, सीएसपी एस.एस.पैंकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सूरजपुर विमलेश दुबे, एसआई मनोज सिंह, एएसआई बिरेन्द्र यादव, आरक्षक मनीष साहू, आरक्षक विनोद सारथी व आरक्षक प्रेमसागर साहू सक्रिय रहे।

जिले की पुलिस ने अब तक साइबर अपराध म्यूल अकाउंट के 10 मामले में 31 आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिनके बैंक खातों के ट्रांजेक्शन पर 1 करोड़ रूपये से अधिक का संदिग्ध ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ। साइबर अपराध म्यूल अकाउंट मामलों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए सूरजपुर पुलिस ने अब तक विभिन्न थानों में पंजीबद्ध 10 मामलों में 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खातों की डिटेल खंगालने पर 1 करोड़ रूपये से अधिक का ट्रान्जेंक्शन की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ एवं बैंक डिटेल के आधार पर खुलासा हुआ है कि साइबर ठगों के द्वारा केरल, हिमान्चल प्रदेश, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, ओड़िसा, गुजरात, जम्मू कश्मीर, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, तमिलनाडू, राजस्थान, झारखण्ड, हरियाणा, तेलंगाना, कर्नाटक के विभिन्न जिलों से ठगी की रकम इन आरोपियों के खातों में ट्रांसफर कर आहरण किया गया है। डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने जिले में साइबर अपराध म्यूल अकाउंट के मामले में तेजी से कार्यवाही एवं विवेचना के लिए एक टीम भी गठित की है।

Related posts