नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशामुक्त भारत पखवाड़ा का शुभारंभ
रायपुर. 26 जून 2025 : रायपुर में नशामुक्त भारत अभियान को नई ऊर्जा देने के लिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, छत्तीसगढ़ पुलिस एवं ट्रैफिक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य CYCLOTHON जागरूकता पखवाड़ा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाना और समाज में नशामुक्त सोच को बढ़ावा देना है। युवाओं, प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नशा विरोधी शपथ ली। यह अभियान न केवल कानून प्रवर्तन का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक चेतना की सशक्त अभिव्यक्ति भी है।
नशामुक्त भारत अभियान के तहत नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर, छतीसगढ़ पुलिस, लीड एजेंसी रोड सेफ्टी के संयुक्त तत्वावधान में नशा के विरूद्ध अभियान के रूप में CYCLOTHON जागरूकता पखवाड़ा का शुभारंभ पुलिस मुख्यालय के नारकोटिक्स विंग के पुलिस महानिरीक्षक श्री अजय यादव के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर ए.आई.जी(ट्रैफिक) श्री संजय शर्मा एवं श्री रवि शंकर जोशी डिप्टी डायरेक्टर ऑफ एन.सी.बी. रायपुर स्पोर्टस अथॉरटी ऑफ इण्डिया रायपुर ग्रुप एवं छत्तीसगढ़ राइडर्स एसोसिएशन (सीआरए) विनय भास्कर भी उपस्थित रहे। CYCLOTHON जागरूकता कार्यक्रम MOXIHEALTH STAY FIT WITH ME के समन्वय से किया जा रहा है।

शुभारंभ के अवसर पर श्री अजय यादव ने उपस्थित प्रतिभागी एवं जन समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि प्रति वर्ष 26 जून को ”नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस“ पूरे विश्व में मनाया जाता है। इस दिवस का आयोजन एक नशा मुक्त विश्व के प्राप्ति हेतु कार्यवाही और सहयोग को मजबूत करने हेतु किया जाता है। विश्व में ड्रग्स की समस्या एक बहुआयामी चुनौती पेश करती है और लाखों लोगों का जीवन प्रभावित करती है। नशे का दुष्प्रभाव के संबंध में लोगों में जागरूकता फैलाना भी जरूरी है। इस दिशा में हमारी सोच स्पष्ट है कि जब डिमांड कम होगी, तो ड्रग्स की सप्लाई भी प्रभावित होगी। केन्द्र और राज्य सरकार दोनों इस दिशा में पूरी शिद्दत से कार्य कर रही हैं और लगभग प्रति दिन नशे के अवैध व्यापार में शामिल लोगों की धरपकड़ की जा रही है। राज्य में प्रति वर्ष बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की जप्ती और इसमें संलिप्त अंतर्राष्ट्रीय/अंतर्राज्यीय स्तर के अनेक तस्करों की गिरफ्तारी की गई है। राज्य और केन्द्र सरकार की एजेंसियों द्वारा लगातार जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। नशा के विरूद्ध विधिसम्मत कार्यवाही तो की ही जा रही है, किन्तु इस पर पूर्ण रोक लगाने में जनमानस का सहयोग अपेक्षित है। जब आमजन, कानून प्रवर्तन एजेंसियां सब साथ चलेंगे तब “नशा मुक्त भारत” को साकार करने में वक्त नहीं लगेगा। साथ ही उन्होंने उपस्थित जन समुदाय को नशा के खिलाफ शपथ लेने का आग्रह करते हुए कहा कि आप सभी प्रतिज्ञा लें, कि नशे से दूर रहेंगे एवं भारत सरकार के MYGOV ऐप पर जा कर स्वयं को रजिस्टर कर प्रतिज्ञा अवश्य लें और अपने परिचितों को भी इस संबंध में प्रेरित करें।
इस अवसर पर एआईजी (ट्रेफिक) संजय शर्मा ने अपने उदबोधन में कहा कि नशे में वाहन चलाने के गंभीर परिणाम होतें हैं जिनमें स्वयं, परिवारजन, सड़क में चलने वाले जनसामान्य भी खतरे में पड़ते है। नशे में वाहन चलाने में न्यूनतम 10,000/ का चालान एवं छः माह की सजा का प्रावधान है।
