पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जनवरी-मार्च 2025 तिमाही में हुई राजभाषा प्रगति की मदवार की गई समीक्षा.
बिलासपुर. 27 जून 2025 : बिलासपुर मंडल रेल कार्यालय में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक बैठक का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक श्री राजमल खोईवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक में जनवरी से मार्च 2025 तिमाही में राजभाषा हिंदी के प्रयोग व प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने राजभाषा हिंदी को कार्यालयीन कार्य में प्राथमिकता देने पर बल देते हुए, इसे एक सामूहिक उत्तरदायित्व के रूप में अपनाने की बात कही।
मंडल रेल प्रबंधक श्री राजमल खोईवाल की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक बैठक आज दिनांक 27.06.2025 को संपन्न हुई। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री योगेश कुमार देवांगन, अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री चंद्रभूषण एवं समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे । उक्त बैठक में रेलवे बोर्ड के मानक कार्यसूची के अनुसार पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जनवरी-मार्च 2025 तिमाही में हुई राजभाषा प्रगति की मदवार समीक्षा की गई.

अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि पिछली तिमाही की तुलना में राजभाषा प्रयोग-प्रसार की प्रगति संतोषजनक है। उन्होंने कहा कि वार्षिक कार्यक्रम में निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करना हमारा मुख्य लक्ष्य होना चाहिये। हम सभी को राजभाषा हिंदी को अपने दैनिक कार्यालयीन कार्य में अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिये।
समिति के अध्यक्ष एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री राजमल खोईवाल ने कहा कि आज की बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों से यह स्पष्ट पता चलता है कि पिछली तिमाही की तुलना में विभिन्न मदों में अनुपालन का प्रतिशत अच्छा रहा। उन्होंने सभी सदस्यों से इसे यथास्थिति बनाये रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने आगे यह भी कहा कि मंडल में पदस्थ सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को हिंदी का अपेक्षित ज्ञान है। अधिकारीगण स्वयं राजभाषा हिंदी में काम करें एवं अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी में कार्य करने के लिये प्रेरित एवं प्रोत्साहित करें।
भारतीय रेल में बिलासपुर मंडल का लदान के क्षेत्र में अपनी एक विशिष्ट पहचान है। मैं चाहूँगा कि राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में भी अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाएं। हम सब सामूहिक रूप से मिलकर राजभाषा प्रयोग-प्रसार की दिशा में अपने उत्तरदायित्व का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। बैठक का संचालन प्रभारी राजभाषा अधिकारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी श्री रंजन कुमार रूखैयार ने किया।
