बगीचा में हाई-प्रोफाइल वाहन चोरी और तस्करी गिरोह का खुलासा : स्कॉर्पियो से आए…सूमो चुरा ले गए, पशु तस्करी के लिए चुराते थे वाहन, जंगल में छिपाई गई थी टाटा सूमो, बगीचा पुलिस ने पकड़ा शातिर गैंग, गिरफ्तार कर भेजा जेल.

जशपुर. 30 जून 2025 : जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में वाहन चोरी और पशु तस्करी से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। थाना बगीचा की सक्रिय पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से दो आरोपियों अजहर खान और मनसुदुल हसन को गिरफ्तार कर चोरी गई टाटा सूमो वाहन को जंगल से बरामद कर लिया है। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे चोरी किए गए वाहनों का उपयोग गौ-वंश तस्करी में करते थे ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। गिरफ्तार आरोपी अजहर पर पहले से ही स्थायी वारंट जारी था और वह आदतन पशु तस्कर है।

मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 11 जून 2025 को थाना बगीचा क्षेत्रांतर्गत,ग्राम भीतघरा निवासी प्रार्थी अजय कुमार गुप्ता उम्र 32 वर्ष ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 11 जून 2025 को वह अपने टाटा सूमो वाहन क्रमांक सीजी 15 बी 9532 को अपने पड़ोसी अरविंद गुप्ता के घर के आंगन में खड़ा किया था, रात्रि करीबन 11:00 बजे के लगभग दो चोर हरे रंग की स्कॉर्पियो वाहन में आए व टाटा सूमो वाहन को चुरा कर ले गए।

रिपोर्ट पर थाना बगीचा में त्वरित कार्यवाही करते हुए बीएनएस की धारा 303(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा घटना-स्थल से प्राप्त सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर आरोपियों को चिन्हित कर, मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए, आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी, साथ ही पुलिस की टेक्निकल टीम की भी मदद ली जा रही थी। पुलिस के द्वारा द्वारा चोरी हुई टाटा सूमो को ग्राम भीतघरा से आगे एक जंगल में लावारिस हालत में बरामद कर लिया गया था।

पुलिस के द्वारा मुखबिर की सूचना व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से वाहन चोरी में संलिप्त दो आरोपियों क्रमशः 1. अजहर खान उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम साईं टांगरटोली थाना लोदाम व 2. मनसुदुल हसन उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम साईं टांगरटोली थाना लोदाम को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वे गुमला निवासी बबलू खान से, स्कॉर्पियो वाहन को लेकर, अंबिकापुर गए थे, लौटते वक्त घटना दिनांक को रात्रि लगभग 11:00 बजे ग्राम भीतघरा में, एक घर के आंगन में खड़ी टाटा सूमो वाहन को चोरी कर जंगल के रास्ते जा रहे थे, इसी दौरान चोरी की टाटा सूमो गाड़ी में खराबी आ जाने से, गाड़ी बंद हो गई, जिस कारण वे गाड़ी को जंगल में ही छोड़ कर, स्कॉर्पियो वाहन से फरार हो गए।

आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को यह भी पता चला है कि आरोपी, इस प्रकार वाहनों की चोरी कर, उसका इस्तेमाल गौ वंश तस्करी में करते थे, ताकि तस्करी में प्रयुक्त वाहन के पकड़े जाने पर, पुलिस को गुमराह करते हुए, पुलिस की गिरफ्त से बच सके। पुलिस को इस प्रकार की घटना में किसी बड़े सेंडिकेट के सम्मिलित होने की आशंका है, जिसके सम्बन्ध में जशपुर पुलिस की जांच जारी है।

यहां यह बताना आवश्यक है कि आरोपी अजहर खान एक आदतन पशु-तस्कर है, थाना बागबहार के एक पशु तस्करी व चोरी के मामले में माननीय न्यायालय से जमानत मिलने के बाद से ही आरोपी अजहर फरार था, उसके विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा स्थाई वारंट भी जारी किया गया है।

आरोपियों के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर दोनों आरोपियों क्रमशः अजहर खान व मनसुदुल अंसारी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

Related posts