शासकीय कन्या स्कूल पत्थलगांव में 100% पुस्तकों का वितरण, जांच में मिली पारदर्शिता की मुहर

जशपुर, 12 जुलाई 2025 शासकीय इंदिरा गांधी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पत्थलगांव में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के तहत सभी विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर दिया गया है। प्राप्त शिकायत की जांच के पश्चात यह पुष्टि हुई है कि विद्यालय में कोई भी पुस्तक शेष नहीं बची है।

इस संबंध में एसडीएम पत्थलगांव से प्राप्त निर्देश के तहत तहसीलदार प्रांजल मिश्रा एवं ब्लॉक संसाधन केंद्र (BRC) की उपस्थिति में विद्यालय का निरीक्षण किया गया। जांच टीम द्वारा विद्यालय में वितरित, प्राप्त एवं शेष पुस्तकों का मिलान किया गया, जिसमें सभी आंकड़े संतुलित और सत्य पाए गए।

विद्यालय के प्राचार्य ने जानकारी दी कि वर्ष 2024-25 के लिए सभी पुस्तकें समय पर प्राप्त हुई थीं और उन्हें नियमानुसार सभी विद्यार्थियों को वितरित कर दिया गया है। किसी भी प्रकार की शेष या छिपी हुई पुस्तकों की पुष्टि नहीं हुई है।

निरीक्षण के दौरान परिसर में दिखाई देने वाली जली हुई सामग्री को लेकर भी जांच की गई। इस पर विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह साफ-सफाई के दौरान निकलने वाला सामान्य कचरा था, जिसे जलाया गया। इसमें किसी भी प्रकार की शैक्षणिक सामग्री या पुस्तकों की भूमिका नहीं पाई गई।

इस पूरी जांच प्रक्रिया का पंचनामा मौके पर ही उपस्थित टीम, विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की उपस्थिति में तैयार किया गया। सभी को यह पंचनामा पढ़कर सुनाया गया और सभी संबंधितों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति व्यक्त की।

इस प्रकार, शिकायत के तथ्यों को आधारहीन पाते हुए विद्यालय के कार्यों को जांच टीम द्वारा पारदर्शी एवं संतोषजनक बताया गया।

Related posts