कैंसर पर प्रहार की पहल : कर्मियों के लिए अनूठी पहल, थर्मल स्कैनिंग से लेकर मेमोग्राफी तक की गई जांच, कैंसर को मात देने जुटी पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी, बालको विशेषज्ञों की टीम ने की जांच, 5 संदिग्ध मरीजों को दिया गया अस्पताल में इलाज का परामर्श.

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा डंगनिया स्थित ऑफिसर्स क्लब में नि:शुल्क कैंसर की प्राथमिक जाँच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। जिसका लाभ 118 कर्मियों ने लिया। कर्मियों में  91 महिलाएं और 27 पुरूष की जांच की गई। परीक्षण में 27 मेमोग्राफी, 23 पैपस्मीयर टेस्ट और 5 संदिग्ध मरीजों को अस्पताल में इलाज का परामर्श दिया गया।

इस अवसर पर मानव संसाधन ट्रांसमिशन के मुख्य अभियंता श्री ए.एम.परियल, अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री विनोद अग्रवाल और केशलेश की पूरी टीम ने शिविर का जायजा लिया। श्री अग्रवाल ने बताया कि मानव संसाधन विभाग द्वारा अभिनव पहल करते हुए विशेषकर महिलाओं संबंधी कैंसर के लिए बालको मेडिकल सेंटर से मोबाइल जांच वाहन की व्यवस्था की गई। शिविर का उद्देश्य विद्युत कर्मियों को कैंसर के प्रति जागरूक करने के साथ भ्रान्ति का निराकरण और समुचित इलाज की जानकारी देना है।

शिविर में बालको से कैंसर विशेषज्ञ (ओंको सर्जन) डॉ. पलक अग्रवाल एवं ओंको टीम से डॉ. हेमलता, श्री सिद्धार्थ सक्सेना,एक तकनीशियन, दो नर्सिंग स्टाफ के साथ 10 लोगों की टीम ने परीक्षण एवं परामर्श की सेवाएं दी। डॉ. पलक ने बताया कि आज शिविर में कर्मियों के सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, शुगर परीक्षण, गठान संबंधी जांच एवं  कैंसर के लक्षण के बारे में जानकारी प्रदान की गई। महिलाओं के लिए विशेष स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर और मुख कैंसर की शुरूआती अवस्था की जाँच करने के लिए मेमोग्राफी मशीन, थर्मल स्कैनिंग,पेप स्मीयर एवं ब्रश साइटोलॉजी की सुविधाएं एवं सेवाएं उपलब्ध कराया गया।

Related posts