गिरफ्तार आरोपी कंपनी में मैनेजर का करता था काम, फरार अवधि के दौरान भोपाल एवं इन्दौर में ठिकाने बदल-बदल कर रहता था.
आस्ता एवं मनोरा क्षेत्र के महिला हितग्राही समूह का लगभग 35 लाख रूपये भारत फायनेंस, स्पंदना कंपनी से लोन निकाल कर ठगी की गई थी.
आरोपियों ने हितग्राहियों का 25-25 हजार रूपये लोन निकाल कर आहरण बाद 11-11 हजार को धोखाधड़ी कर ले गये थे.
आरोपियों के विरूद्ध थाना आस्ता में अपराध क्रमांक 03/2021 धारा 420, 34 भा.द.वि. का अपराध दर्ज.
इसके अन्य दो साथी राजेन्द्र सिंह रौतिया एवं सूरजमणी भगत वर्ष 2021 में हो चुके हैं गिरफ्तार.
गिरफ्तार आरोपी – संदीप खण्डेल उम्र 41 साल निवासी दपकला (पोस्ट लठबोरा) तहसील फरसाबहार, वर्तमान निवास बजरंग नगर कुनकुरी.
जशपुर. 15 जुलाई 2025 : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। महिला स्व-सहायता समूहों से लोन के नाम पर करीब 35 लाख रुपये की ठगी कर चार साल से फरार चल रहा शातिर आरोपी संदीप खाण्डेल आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी ने भारत फाइनेंस और स्पंदना कंपनी के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को लोन दिलवाकर रकम हड़प ली थी। फरारी के दौरान आरोपी भोपाल और इंदौर जैसे बड़े शहरों में बार-बार ठिकाने बदलता रहा, लेकिन जशपुर पुलिस की टेक्निकल टीम और मुखबिर तंत्र की सक्रियता से उसे कुनकुरी में धर दबोचा गया।
पुराने मामलों के फरार आरोपियों की धरपकड़ एवं पतासाजी हेतु जशपुर पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन अंकुश’ चलाया गया है, इसी के तहत् अभियान चलाकर फरार आरोपियों की लगातार गिरफ्तार की जा रही है, इस कार्य में पुलिस की टेक्निकल टीम को भी सम्मिलित किया गया है।
इसी तारतम्य में दिनांक 14 जुलाई 2025 को मुखबीर से सूचना मिली थी कि आस्ता, मनोरा के ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं से ठगी करने का आरोपी संदीप खण्डेल काफी दिनों बाद कुनकुरी में आया हुआ है, पुलिस के आने की भनक पाकर वह कुनकुरी से भागने की तैयारी कर कर रहा है। इस सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी आस्ता उपनिरीक्षक संतोष सिंह एवं अन्य स्टॉफ मौके पर जाकर घेराबंदी कर दबिश देकर भागने के दौरान आरोपी को दौड़ा कर पकड़ कर अभिरक्षा में लेकर थाना लाये। आरोपी संदीप खण्डेल ने पूछताछ में बताया कि कंपनी में मैनेजर का कार्य करता था, वह अपने साथीगण राजेन्द्र सिंह रौतिया एवं सूरजमणी भगत के साथ मिलकर आस्ता, माड़ो, बहेरना, अंधला, केसरा, डांड़टोली, खड़कोना, टेम्पू, चड़िया, सोगड़ा जाकर वहां के महिलाओं को स्पंदना कंपनी और भारत फायनेंस से जोड़कर प्रत्येक को 25-25 हजार रूपये लोन दिलाकर आहरण कराये तथा उनसे 11-11 हजार रूपये लेकर वन क्लिक शॉप कंपनी से जोड़े, शेष रकम को आरोपियों द्वारा ठगी कर लिया गया। इस तरह उनके द्वारा ग्रामीण महिलाओं के नाम पर लोन लेकर 35 लाख रूपये ठगी करना बताया है। आरोपी संदीप खण्डेल उम्र 41 साल निवासी दपकला के विरूद्ध अपराध सबूत पाये जाने पर उसे दिनांक 14 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
आरोपी ने फरार अवधि के दौरान भोपाल एवं इन्दौर में काम बदल-बदल कर रहना बताया है। जशपुर पुलिस की टीम उक्त फरार आरोपी की गिरफ्तारी हेतु काफी समय से लगी हुई थी, किन्तु उसके बार-बार ठिकाने बदलने से सफलता हासिल नहीं हो रही थी। इसी दौरान उसके कुनकुरी आने पर टेक्नीकल टीम एवं मुखबीर की सूचना पर उसके भागने के दौरान ही अभिरक्षा में लेने में सफलता मिली।
इस प्रकरण के सहआरोपी 1- सूरजमणी भगत उम्र 33 साल निवासी टेम्पू चौकी मनोरा को दिनांक 19 अगस्त 2021 एवं 2- राजेन्द्र सिंह रौतिया उम्र 40 साल निवासी डोभ थाना दुलदुला को दिनांक 13 सितंबर 2021 को गिरफ्तार किया गया है।
इस आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी आस्ता उपनिरीक्षक संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक 218 सुरेश गोंड़, आरक्षक 191 अम्बुज सिंह का विशेष योगदान रहा है।
एसएसपी जशपुर श्री शशि मोहन सिंह द्वारा कहा गया है कि – “ऑपरेशन अंकुश के तहत् पुराने मामलों के फरार आरोपियों की लगातार गिरफ्तारियां की जा रही है, इसी कड़ी में उक्त 420 भा.द.वि. के फरार आरोपी संदीप खण्डेल को गिरफ्तार किया गया है। ऑपरेशन अंकुश लगातार जारी रहेगा।”
