नारायणपुर, 18 जुलाई 2025 @ 18:00 बजे : नारायणपुर जिले के अति संवेदनशील अबूझमाड़ क्षेत्र में आज दोपहर से सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब तक की सर्चिंग कार्रवाई में 06 माओवादी शव बरामद किए गए हैं। साथ ही AK-47, SLR राइफलें, भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री एवं दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी बरामद की गई हैं।
यह अभियान खुफिया सूचना के आधार पर चलाया जा रहा है, जिसमें सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमों ने क्षेत्र में सर्चिंग अभियान प्रारंभ किया था। दोपहर से ही माओवादियों और जवानों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग जारी है।
अभी तक मुठभेड़ स्थल से मिले तथ्यों के अनुसार यह एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई मानी जा रही है।
हालांकि, सुरक्षा कारणों से विस्तृत जानकारी इस समय साझा नहीं की जा रही है। अभियान अभी भी जारी है और अंतिम पुष्टि अभियान पूर्ण होने के बाद ही दी जाएगी।
